नई दिल्ली/पटना: JU Agree Science Private Limited ने Bibharte NGO के सहयोग से बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया। इस आयोजन में POCSO एक्ट, Good Touch–Bad Touch की जागरूकता, मेडिकल कैंप और बच्चों के सांस्कृतिक प्रदर्शन शामिल थे, जो बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग बनाने पर केंद्रित था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता हाई कोर्ट की अधिवक्ता सैफ्फैली पाट्याल ने बच्चों को POCSO एक्ट के प्रावधानों और Good Touch–Bad Touch के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को सशक्त बनाते हुए कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा सतर्क रहना चाहिए और किसी भी अनुचित व्यवहार की रिपोर्ट करने से न डरें। वहीं, यशोदा मेडिसिटी हॉस्पिटल की टीम ने मेडिकल कैंप का संचालन किया, जिसमें बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया।

इस अवसर पर Bibharte NGO के प्रेसिडेंट मोहन सिंह और उनकी पूरी टीम के साथ JU Agree Science की ओर से सरद कुमार सिंह एवं उनकी टीम उपस्थित रही। आयोजन में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि Bibharte NGO, JU Agree Science के सहयोग से आने वाले समय में बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में लगभग 50 स्कूलों में इसी प्रकार के जागरूकता अभियान चलाएगी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों तक सुरक्षा, स्वास्थ्य और उनके अधिकारों की जानकारी पहुंचाना है। आयोजकों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



