प्रेरणा परिवार का पत्रकार होली मिलन समारोह संपन्न, संवाद और समरसता के रंगों से सजा आयोजन

2-1-3.jpeg

नोएडा; नोएडा के सेक्टर-62 स्थित NIOS मुख्यालय में प्रेरणा परिवार द्वारा पत्रकार बंधु-भगिनियों के साथ *प्रेरणा पत्रकार होली मिलन समारोह* का आत्मीय एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, सौहार्द और सांस्कृतिक समरसता को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नरेंद्र ठाकुर, अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने संबोधन में संघ के शताब्दी वर्ष के ‘पंच परिवर्तन’ अभियान से जुड़े विषयों पर विचार रखते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में उत्सव केवल आनंद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सकारात्मक संवाद को बढ़ाने का अवसर भी होते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का सजग प्रहरी है, जो राष्ट्र जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

संयोगवश इस दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी था। इस अवसर पर उपस्थित सभी महिलाओं को नमन करते हुए समाज निर्माण में नारी शक्ति के योगदान को रेखांकित किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अवधेश कुमार ने कहा कि ऋग्वेद में भी अनेक महिला ऋषियों का उल्लेख मिलता है, जिससे स्पष्ट होता है कि भारत में प्राचीन काल से ही महिलाओं ने ज्ञान, विचार और नेतृत्व के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में नारी को शक्ति, ज्ञान और सृजन का आधार माना गया है।

इसी क्रम में प्रसार भारती की सलाहकार स्मिता मिश्रा ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए होली के सांस्कृतिक महत्व तथा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश-उत्तराखण्ड क्षेत्र के प्रचार प्रमुख कृपाशंकर, एआईओएस के अध्यक्ष अखिलेश मिश्र, News18 के ग्रुप कंसल्टेंट एडिटर ब्रजेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार अनंत विजय, प्रतिबिम्ब शर्मा, DD News से अशोक श्रीवास्तव व प्रखर श्रीवास्तव, India TV से मीनाक्षी जोशी, News 24 से अखिलेश आनंद, TV9 Bharatvarsh से प्रमिला दीक्षित, तथा विष्णु शर्मा और स्वप्निल सारस्वत सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों से लगभग 125 पत्रकार बंधु-भगिनियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कुल मिलाकर कार्यक्रम में लगभग 175 से अधिक बंधु / भगनियों की सहभागिता रही, जिसमें विभिन्न संस्थानों से पत्रकारिता विभाग के प्राध्यापक भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मंच का संचालन करुण कपिल (प्रचार प्रमुख, वैशाली महानगर) द्वारा किया गया। वहीं गीत-संगीत की प्रस्तुति का नेतृत्व हरिश्चन्द्र (सह-प्रचार प्रमुख, हरनंदी) द्वारा किया गया, जिनके साथ बहन वैशाली, ताराचंद एवं अमित ने अपनी प्रस्तुतियों से वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मेरठ प्रांत के सह-प्रचार प्रमुख डॉ. अनिल के धन्यवाद ज्ञापन के उपरांत पारंपरिक फूलों की होली के साथ किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं पत्रकार बंधु-भगिनियों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दीं और समाज में सकारात्मक संवाद व सहयोग को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

समारोह का वातावरण होली के रंगों, मधुर संगीत और आत्मीय संवाद से सराबोर रहा। कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों के लिए स्नेहभोज की भी व्यवस्था की गई।

अंत में प्रेरणा परिवार की ओर से सभी उपस्थित अतिथियों, पत्रकार बंधु-भगिनियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top