उत्तर व पश्चिम भारत का किसान स्वराज सम्मेलन 11–13 जनवरी को गुजरात में

high.jpeg

देश में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, किसानों के अधिकारों की रक्षा तथा खेती को पर्यावरण-अनुकूल और लाभकारी बनाने के उद्देश्य से उत्तर एवं पश्चिम भारत का किसान स्वराज सम्मेलन आगामी 11 से 13 जनवरी 2026 तक पालनपुर (बनासकांठा) के पास रतनपुर, गुजरात में आयोजित किया जा रहा है।

अहमदाबाद: इस सम्मेलन का आयोजन एलायंस फॉर सस्टेनेबल एंड होलिस्टिक एग्रीकल्चर (आशा) द्वारा किया जा रहा है। आशा पिछले 15 वर्षों से देशभर में किसानों, वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं, उपभोक्ताओं और सामाजिक संगठनों को जोड़ते हुए प्राकृतिक खेती, बीज स्वराज और टिकाऊ कृषि नीतियों पर कार्य कर रहा है। इससे पहले भोपाल, हैदराबाद, अहमदाबाद, मैसूर और चंडीगढ़ में आयोजित सम्मेलनों में हजारों लोग भाग ले चुके हैं।

सम्मेलन में मध्यप्रदेश और राजस्थान सहित उत्तर व पश्चिम भारत के कई राज्यों से किसान, कृषि विशेषज्ञ, शोधकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और नीति विश्लेषक भाग लेंगे। विशेष रूप से किसानों के बीज अधिकार, देशी बीजों का संरक्षण, सीड बिल, HT (शाकनाशी-प्रतिरोधी) फसलें और उनके दुष्प्रभाव, रसायन-मुक्त खरपतवार प्रबंधन, खेती में मजदूरों की उपलब्धता, जीन-संपादित फसलें, प्राकृतिक खेती का प्रमाणन एवं बाज़ार, कार्बन क्रेडिट और मुक्त व्यापार समझौतों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा होगी।

मध्यप्रदेश के प्रख्यात प्राकृतिक किसान जनक पाल्टा, बाबूलाल दहिया, शोधकर्ता सौमिक बनर्जी तथा अन्य विशेषज्ञ सम्मेलन में अपने अनुभव साझा करेंगे। राजस्थान एवं आसपास के क्षेत्रों के किसानों के लिए यह सम्मेलन जलवायु परिवर्तन, बढ़ती लागत और टिकाऊ खेती के समाधान खोजने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

सम्मेलन के दौरान देशी बीज प्रदर्शनी, किसानोपयोगी औज़ारों का प्रदर्शन, प्राकृतिक खेती की पद्धतियों का लाइव प्रदर्शन, फिल्म शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेषज्ञ किसानों के साथ प्रत्यक्ष संवाद जैसे आयोजन भी होंगे।

इस आयोजन में प्रसिद्ध कृषि नीति विश्लेषक देविंदर शर्मा, पद्मश्री से सम्मानित प्राकृतिक किसान सुभाष शर्मा, बीज संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. देबल देव, सामाजिक कार्यकर्ता कविता कुरुगंती सहित देशभर के अनेक जाने-माने वक्ता भाग लेंगे।

आयोजन में लोकनिकेतन, रतनपुर और जतन संस्था का विशेष सहयोग है।

सम्मेलन में भाग लेने के इच्छुक किसान, कृषि कार्यकर्ता और संस्थाएँ 3 जनवरी 2026 तक व्हाट्सएप फोन: 9962043710 (दोपहर 2 बजे से शाम 8:30 बजे तक) पर संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं।

Email: kisanswarajsammelan2026@gmail.com

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top