जातिवाद और तुष्टीकरण की विकृत राजनीति का खतरनाक खेल

2024_Uttar_Pradesh_Lok_Sabha_election_alliance_wise_results.svg_.png

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2026 के पंचायत चुनावों और 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनैतिक सरगर्मियां तीव्र हो रही हैं। इन सरगर्मियों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि प्रदेश के प्रमुख विरोधी दल समाजवादी पार्टी के साथ साथ अन्य विरोधी दल भी इन आगामी चुनावों में पहले की ही तरह जातिवाद और तुष्टीकरण को ही अपना प्रमुख हथियार बनाएंगे । सपा नेता अखिलेश यादव ने जिस प्रकार पीडीए के नाम पर हिन्दू समाज को जाति -जाति में विभाजित करके अपना स्वार्थ सिद्ध करने अर्थात वर्ष 2027 में सपा सरकार बनाने की योजना बनाई है वह वास्तव में प्रदेश के सामाजिक ताने बाने को ध्वस्त करने का एक खतरनाक खेल है। विगत दिनों प्रदेश में कई ऐसी घटनाएं घटी हैं जो इस खतरनाक खेल की आहट दे रही हैं।

समाजवादी अखिलेश यादव द्वारा तथाकथित पीडीए की राजनीति को संबल देने के लिए जो बयानबाजी की जा रही है तथा उनकी पार्टी और समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर जैसी टिप्पणियां की जा रही हैं उनसे प्रदेश में शांति भंग होने की आशंका बढ़ रही है। सपा मुखिया अखिलेश यादव इटावा में कथावाचक के साथ घटी घटना पर आक्रामक होकर आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं वहीं नैमिष में एक अन्य कथावाचक के साथ घटीअप्रिय घटना पर मौन हैं। यह तो अच्छा हुआ कि पुलिस प्रशासन ने इटावा के कथावाचक के साथ मारपीट की घटना से सम्बंधित चार संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना की निष्पक्ष जांच आरंभ हो गई है। इटावा की घटना को लेकर अनावश्यक रूप से ब्राह्मण समाज के विरुद्ध सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं वो सामाजिक वैमस्यता बढ़ाने वाली हैं। स्मरणीय है कि सत्ता की भूख में आज पीडीए की बात करने वाले सपा मुखिया की सरकार बनते ही 2012 में सबसे पहले सीतापुर में बड़ी संख्या में दलित समाज के घरों को जला दिया गया था।

इटावा की घटना की जांच चल रही है किंतु अखिलेश यादव जांच रिपोर्ट को प्रभावित करने के लिए गलत बयानी कर रहे हैं। हिंदू समाज में किसी भी जाति का, कोई भी व्यक्ति जिसे धर्मग्रंथों का ज्ञान है तथा जनमानस को अच्छी बातें बताने की क्षमता रखता है वह कथावाचन कर सकता है। अधिकांश कथा वाचक गैर ब्राह्मण ही हैं। कथावाचक की जाति पर कभी चर्चा नहीं होती। यदि कोई कथावाचक अपनी जाति व धर्म को छुपाकर यह कृत्य करता है तो चिंता की बात है। कोई कथा कहना चाहता है तो उसे अपना सही नाम बताने में कठिनाई नहीं होनी चाहिए । नाम छुपाने के साथ साथ एक से अधिक आधार कार्ड रखना एक आपराधिक कृत्य है कोई कथावाचक ऐसा क्यों करेगा ? इस पूरी घटना में सपा की प्रतिक्रिया से लगता है कि संभव है कि इटावा की घटना सुनियोजित षड्यंत्र के अंतर्गत करवाई गई हो और एक समय बसपा का नारा रहे “तिलक, तराजू और तलवार इनको मारो जूते चार“ को अब सपा ने अपना लिया है। सपा ने पीडीए का दिल जीतने के लिए ब्राह्मण समाज का अपमान किया है।
इस बीच सपा ने राज्यसभा चुनावों के दौरान क्रास वोटिंग करने वाले तीन विधायकों ऊंचाहार से मनोज कुमार पांडेय, गोसाईगंज से अभय सिंह और गौरीगंज से राकेश प्रताप सिंह को पार्टी से निकाल दिया है। सपा की ओर से एक्स पर लिख गया कि सांप्रदायिक व पीडीए विरोधी विचारधारा का साथ देने के कारण तीनों विधायकों को निकाला गया है । वहीं इन विधायकों का कहना है कि भगवान राम और रामचरित मानस के अपमान का विरोध करने के कारण इन सभी को निष्कासित किया गया है। विधायक मनोज पांडेय ने कहा कि मैंने सपा नेताओं द्वारा हिंदू देवी- देवताओं को गाली दिए जाने तथा रामायण की प्रतियां जलाने का विरोध किया था। विधायक मनोज पांडेय अयोध्या में रामलला के दर्शन भी कर आये हैं। सभी विधायकों ने कहा कि सपा में हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया जाता है। समाजवादी पार्टी ने अब लोहिया की विचारधारा को त्याग चुकी है।

अखिलेश यादव आजकल कोई भी विषय हो पीडीए को बीच में घसीट लाते हैं। हाल ही में सोने -चांदी के बढ़ रहे दामों पर बयान देते हुए उन्होंने कहा कि सोने -चांदी के दाम चरम सीमा पर है जिस कारण गरीब पीडीए समाज की बिटिया की सगाई में सोना कैसे खरीदा जाएगा जबकि वह अच्छी तरह से जानते हैं कि सोने चांदी की कीमतों पर केंद्र सरकार व राज्य सरकार का कोई निंयंत्रण नहीं होता है अपितु यह अंतरराष्ट्रीय बाजार पर निर्भर होता है ।

समाजवादी पार्टी मुखिया एक घोषणा यह भी कर रहे है कि जब उनकी सरकार आयेगी तब महापुरुषों की सोने की मूर्तियां लगवाई जाएंगी। अखिलेश यादव ने कन्नौज में सम्राट हर्षवर्धन और बहराइच में महाराज सुहेलदेव राजभर की सोने की मूर्तियां लगवाने की घोषणा की है। सत्यता यह है कि सपा मुखिया प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास और हिन्दुत्व के समन्वित एजेंडे का उत्तर नहीं खोज पा रहे हैं। बहराइच में योगी जी महाराज सुहेलदेव की कांस्य की प्रतिमा का अनावरण कर चुके हैं। मूर्तियों की घोषणा पर सपा मुखिया से यह प्रश्न भी पूछा जा सकता है कि जब 2012 से 217 तक प्रदेश में उनकी सरकार थी तब उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया?

समाजवादी पार्टी जब सत्ता में रही तब उसने अपनी तुष्टीकरण की नीति के चलते मुस्लिम आक्रान्ताओं को पराजित करने वाले महाराज सुहेलदेव सहित किसी भी अन्य महापुरुष का सम्मान नहीं किया। इसी प्रकार सपा नेता ने छत्रपति शिवाजी महाराज के सम्मान में आगरा में भव्य संग्रहालय और लखनऊ गोमती नदी के तट पर सोने के सिंहासन पर बैठी उनकी एक प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सपा मुखिया इतना सोना आखिर लायेंगे कहां से ? नेताओं को वही घोषणाएं करनी चाहिए जिस पर जनमानस विश्वास कर सके, नहीं तो चुनाव परिणाम आने पर फिर वही राग छिड़ेगा कि ईवीएम खराब है बैलट वापस लाओ ।

इन्हीं की रणनीति से मारा गया था शेरशाह सूरी कालिंजर में..

Screenshot-2025-06-25-at-12.17.52 PM.png

रानी दुर्गावती भारतीय इतिहास की ऐसी वीराँगना हैं जिनके शौर्य, दूरदर्शिता और रणनीति का प्रभाव कालिंजर से गौंडवाना तक है। लेकिन इतिहास में उन्हें उतना स्थान नहीं मिला जितना उनका योगदान भारतीय संस्कृति की रक्षा में है। उन्हें आमने सामने की वीरता में कोई हरा नहीं पाया। अंततः मुगल सेनापति आसफ खाँ की कुटिल योजना से उनका बलिदान हुआ।

रानी दुर्गावती का जन्म 5 अक्टूबर 1524 को हुआ था। उनके पिता राजा कीर्तिवर्धन सिंह इतिहास प्रसिद्ध कालिंजर के राजा थे। यह राजघराना चंदेल राजवंश था। उनकी माता चित्तौड़ राजघराने की राजकुमारी और सुप्रसिद्ध यौद्धा राणा सांगा की बहन थीं। राणा सांगा का खानवा के मैदान में बाबर के साथ हुये युद्ध में भी राजा कीर्तिवर्धन की भूमिका महत्वपूर्ण थी। इसीलिए खानवा युद्ध के बाद बाबर ने कालिंजर पर आक्रमण किया था। लेकिन जीत नहीं पाया था।

कालिंजर यह किला उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के अंतर्गत आता है । यह राज्य और यह किला भारत के इतिहास के पन्नो पर हर युग की घटनाओं से जुड़ा है। यह कालिंजर का आकर्षण ही है कि लगभग प्रत्येक आक्रांता ने हमला बोला । मेहमूद गजनवी, अलाउद्दीन खिलजी, और शेरशाह सूरी ने भी कालिंजर पर हमला बोला था । आक्रांताओं ने कालिंजर क्षेत्र में हत्याएँ लूट और आतंक तो बहुत किया पर किला अजेय रहा। ऐसी वीरभूमि और साँस्कृतिक गौरव केलिये अपना बलिदान देने की परंपरा में जन्मी थीं रानी दुर्गावती। उनके पिता राजा कीर्तिवर्धन का बचपन में पृथ्वीदेव सिंह था जो कीर्तिवर्धन के नाम से गद्दी पर बैठे । इसलिए इतिहास की पुस्तकों में दोनों नाम मिलते हैं। जिस तिथि को उनका जन्म हुआ वह दुर्गाष्टमी का दिन था। माता देवीजी की भक्त थीं इसलिए उनका नाम दुर्गावती रखा गया । राजा कीर्तिवर्धन ने एक से अधिक विवाह किये थे। परिवार में और भी बेटियाँ थीं। दुर्गावती अपनी माता की इकलौती संतान थीं । इसलिये उनका लालन पालन बहुत लाड़ के साथ हुआ । वे बचपन से ही बहुत कुशाग्र बुद्धि, ऊर्जावान और साहसी थीं। जिस प्रकार कालिंजर ने आक्रमण झेले थे । इस कारण राजपरिवार की सभी महिलाओं और राजकुमारियों को भी आत्मरक्षा के लिये शस्त्र संचालन सिखाया जाता था। राजकुमारी दुर्गावती को शास्त्र और शस्त्र दोनों की शिक्षा बचपन से ही दी गयी। वनक्षेत्र में भी अपनी सखियों के साथ निर्भय होकर करती थीं। बचपन से ही उनके साथ उनकी सखी सहेलियों की टोली भी वीरांगनाओं की थी । कालिंजर पर अक्सर हमले होते थे इस कारण वहां के नागरिकों में भी युद्ध कला के प्रशिक्षण का चलन हो गया था । इसी संघर्ष मय वातावरण में दुर्गावती बड़ी हुईं । वे हाथी पर बैठकर तीर कमान के युद्ध में भी पारंगत थीं। उनके तीर का निशाना अचूक था । वीरांगना दुर्गावती कितनी साहसी थीं इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे कृपाण से चीते का शिकार कर लेतीं थीं। उनकी माता ने उन्हे इतिहास और पूर्वजों की वीरोचित परंपरा की कहानियाँ सुनाकर बढ़ा किया था। 1544 में उनका विवाह गढ़ मंडला के शासक राजा संग्राम शाह के सबसे बड़े पुत्र दलपत शाह हे हुआ। गढ़ मंडला के शासक गौंड माने जाते थे और कालिंजर के चंदेल राजा सूर्यवंशी क्षत्रिय थे । यदि सूर्यवंशी राजा अपनी पुत्री का गौंडवाना में करते हैं तो इससे संकेत है कि भारत में नगरवासी और वनवासी का कोई भेद नहीं था।

विवाह के एक वर्ष पश्चात रानी ने पुत्र को जन्म दिया। जिसका नाम वीर नारायण रखा। रानी ने जब पुत्र को जन्म दिया तब वे मायके कालिंजर आयीं हुईं थीं। इन्हीं दिनों शेरशाह सूरी का आक्रमण कालिंजर पर हुआ। राजा कीर्तिवर्धन सिंह ने वीरता से युद्ध लड़ा लेकिन खानवा के युद्ध में भाग लेने और फिर बाबर के कालिंजर पर हमले से शक्ति क्षीण हो गई थी। राजा घायल हुये और किले के द्वार बंद करलिये गये। शेरशाह ने किले पर घेरा मजबूत किया और समर्पण की शर्त रखी। समर्पण में रनिवास और राजकोष के समर्पण की भी शर्त थी। राजा ने समर्पण से इंकार कर दिया। घेरा लंबा चला। शेरशाह की सेना में बेचैनी तो हुई पर वह खाली हाथ नहीं लौटना चाहता था। रानी दुर्गावती की एक बहन कमलावती भी थीं। उनके सौन्दर्य और वीरता के भी चर्चे थे। रानी दुर्गावती ने अपने पिता की ओर से संदेश भेजा कि यदि वे राजकुमारी से विधिवत विवाह कर लें तो आधीनता स्वीकार कर ली जायेगी और यह किला भी समर्पित कर दिया जायेगा। शेरशाह ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। योजना पूर्वक सगुन भेजा गया और किले में विवाहोत्सव की गीत संगीत होने लगे। तीसरे दिन शेरशाह को विवाह केलिये किले में आमंत्रित किया गया। शेरशाह किले के मुख्य द्वार की ओर बढ़ा। जैसे ही वह समीप आया किले की तोप चल पड़ी और शेरशाह मारा गया। भारतीय इतिहास के ऐसे गौरव प्रसंगों पर परदा डालने वाले कुछ इतिहासकार यह तो स्वीकार करते हैं कि शेरशाह की मौत किले से आने वाले तोप के गोले से हुई। लेकिन वे कुतर्क देते हैं कि वह तोप का गोला शेरशाह की तोप का ही था जो किले की दीवार से टकराकर लौट आया था। कोई पूछे इन इतिहासकारों से कि क्या तोप के गोले में हवा भरी थी जो दीवार से टकरा लौट आया।

कुछ समय रूककर रानी दुर्गावती गौंडवाना लौट आईं। इस घटना के बाद उनकी चर्चा पूरे भारत में हुई। लेकिन रानी दुर्गावती का दाम्पत्य जीवन अधिक न चल सका। 1550 में राजा दौलत शाह की मृत्यु हो गई। तब पुत्र वीर नारायण की आयु मात्र पाँच वर्ष थी। रानी ने अल्पवयस्क वीर नारायण को गद्दी पर बिठाकर राजकाज चलाना आरंभ किया। उन्होंने अपना नौ सदस्यीय मंत्री परिषद गठित की। इसमें कोष, सेना, अंतरिम व्यवस्था, शाँति सुरक्षा आदि के प्रमूख बनाये। मंत्री परिषद के प्रमुख को दीवान पद दिया। इसके साथ रानी दुर्गावती ने अपने पूरे राज्य में कृषि और वनोपज के व्यापार को बढ़ावा दिया। राज्य की आय बढ़ी तो नये निर्माण कार्य भी हुये। उन्होंने अपनी राजधानी सिंगोरगढ़ से चौरागढ़ स्थानांतरित की । चौरागढ़ सुरम्य सतपुड़ा पर्वतीय श्रृंखला पर किला है । सामरिक दृष्टि से यह किला महत्वपूर्ण था । तब गौंडवाना साम्राज्य मंडला, नागपुर से लेकर नर्मदा पट्टी तक फैला था । गौंडवाना राज्य के अंतर्गत कुल 28 किले आते थे । राज्य निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा था। रानी दुर्गावती प्रजा वत्सल वीरांगना थीं । जबलपुर का आधारताल, चेरी ताल और रानीताल का निर्माण कार्य उन्हीं के कार्यकाल में हुआ । उनपर माँडू के सुल्तान बाज बहादुर ने तीन बार आक्रमण किया और तीनों बार पराजित होकर वापस लौटा। तीसरी बार तो उसे भारी नुकसान हुआ और मुश्किल से प्राण बचाकर भागा था। रानी वीरांगना थीं। रानी हाथी पर बैठकर युद्ध करतीं थीं।

गौंडवाना राज्य की बढ़ती समृद्धि और ख्याति ही उसपर आक्रमण का कारण बनी । यदि मालवा के सुल्तानों से कुछ राहत मिली तो मुगल सेना ने भारी सेना और तोपखाने से आक्रमण बोला। जो मुगलसेना गौंडवाना पर आक्रमण करने आयी उसका सेनापति आसफ खाँ था। उसने पहले इलाहाबाद में अपना कैंप लगाकर आसपास लूट की लोगों आधीन बनाया। रीवा राज्य को भी समर्पण करने विवश किया । समर्पण का संदेश रानी को भी भेजा गया। रानी ने इंकार कर दिया । मुगल सेना ने जोरदार आक्रमण किया लेकिन पराजित हुआ और आसफ खाँ भागकर वापस इलाहाबाद पहुँचा । उसने अतिरिक्त तोपखाना मंगाया, अतिरिक्तसेना भी बुलाई । और दोबारा हमला बोला। उसने लगातार चार आक्रमण किये। हर आक्रमण में रानी से पराजित हुआ। इन आक्रमणों में जीत के बाद भी उनकी शक्ति क्षीण हुई तो उन्होंने छापामार युद्ध की रणनीति अपनाई। किन्तु आसफ खाँ ने इस बार युद्ध के साथ एक कुटिल योजना पर भी काम किया। उसने अपना कैंप नरई नाले पर लगाया था। आसफ खाँ ने रानी के पास स्थाई समझौते का संदेश भेजा। और बातचीत के लिये अपने कैंप पर आमंत्रित किया। रानी सतर्क तो थीं पर उन्होंने समझौता वार्ता के लिये नाले तक जाना स्वीकार कर लिया। यह नाला गौर और नर्मदा नदी के बीच में था। आसफ खाँ ने अपनी रणनीति के अंतर्गत रानी को नर्मदा के इस पार आने दिया। घाट पर उनके स्वागत की व्यवस्था भी थी। लेकिन मुगल सेना के तीरंदाज पेड़ों पर छुपा दिया था। रानी अपने अंग रक्षकों की टोली के साथ आगे बढ़ीं तो तीरों से हमला हो गया। कुछ अंग रक्षक घायल हुये और एक तीर रानी को भी लगा। वे घायल हुईं । बेटा वीर नारायण भी उनके साथ था। रानी ने समर्पण करने की बजाय युद्ध करना बेहतर समझा । मुगल सेना उन्हें जीवित पकड़ना चाहती थी । इसलिये उनपर तीरों से हमला किया जा रहा था । जबकि अंग रक्षकों पर गोली और तोपखाना भी आग उगल रहा था । फिर भी रानी ने हार नहीं मानी तभी एक तीर उनके कान के पास और एक तीर उनकी गर्दन में लगा । वे बेहोश होने लगीं । महावत ने उन्हें कहीं छिपकर निकलने की सलाह दी । पर रानी को शत्रु की रणनीति का अनुमान हो गया था । वहाँ से सुरक्षित निकलना सरल न था । उनके पास पुनः समर्पण का संदेश आया । पर उन्होंने पराधीन जीवन से बेहतर स्वाभिमान से मर जाना बेहतर समझा और कटार निकालकर स्वयं पर वार कर लिया । यह 24 जून 1564 का दिन था जब वीरांगना रानी दुर्गावती ने कटार निकालकर स्वयं का बलिदान दे दिया। उनके बलिदान के बाद मुगल सेना राज्य घुसी लूट और हत्याओं के साथ महिलाओं के साथ जो व्यवहार हुआ । वह सब इतिहास के पन्नों में दर्ज है ।

शृंखला आलेख – 12: कम्युनिष्टों वे बच्चे हैं, दिखता नहीं?

vector-graphic-hammer-sickle-communist-600nw-2341674843.jpg.webp

माओवादियों ने अनेक तरह के संगठन बनाए हुए हैं, कई तो स्कूलों के भीतर से संचालित होते हैं। बाल-यूनियन बना कर वस्तुत: अधपके छात्रों से ही कथित क्रांति का रस टपका लेने के लिए माओवादी आतुर हैं। माओवादियों के प्रकट और गुप्त दो तरह के संगठन हैं और वे योजनानुसार व कार्यशैली के अनुरूप उत्पादक बने हुए है, कैडर का रिक्रूटमेंट करने की पहली सीढ़ी यही है।

आज केवल बाल-संघम की चर्चा करते हैं चूंकि शहरी नक्सली जब भी किसी तरह का नैरेटिव गढ़ते हैं बच्चे उसका केंद्रविंदु होते हैं। दिमाग पर जोर दीजिए, बस्तर परिक्षेत्र में चार दशक से फैले-फले नक्सलवाद के अतीत में कभी किसी कम्युनिष्ट कथा-कहानी में, कविता में, यहाँ तक कि रिपोर्ताज में भी बालसंघम के माध्यम से माओवादी किस तरह अञ्चल के बचपन का शोषण कर रहे हैं, इसका उल्लेख हुआ है? यदि हुआ है तो बहुत ही रूमानियत के साथ। नक्सल समर्थन के लिए कुख्यात लेखिका अरुंधती रॉय का माओवाद पर केंद्रित चर्चित आलेख दी गार्डियन में “गांधी, बट विथ गन्स” और आउटलुक में “वाकिंग विथ द कॉमरेड्स” शीर्षक से प्रकाशित हुआ था। आलेख के आरंभ में लेखिका बताती है कि वह कैसे दंतेवाड़ा पहुंची और वहाँ उसे नक्सलियों से मिलवाने के लिए जिसे भेजा गया वह मासूम बच्चा था। शब्दश: अरुंधती लिखती है – “मुझे आश्चर्य हुआ कि क्या कोई मुझे देख रहा है और हंस रहा है। कुछ ही मिनटों में एक छोटा लड़का मेरे पास आया। उसके पास एक टोपी और एक बैकपैक स्कूल बैग था। उसके नाखूनों पर लाल रंग की नेल-पॉलिश लगी हुई थी। ‘क्या तुम ही अंदर जा रहे हो?’ उसने मुझसे पूछा।“ इस तरह के विवरण वाले बच्चे से आपको या इस देश को क्या अपेक्षा होनी चाहिए? ऐसे बच्चे माओवादियों के टूल हैं, उनके संदेशवाहक हैं, उनके मुखबिर हैं यहाँ तक कि उनके लिए मालवाहक भी हैं। नक्सल संगठन में बाल संघम का यही कार्य है जिसके लिए नाबालिक बच्चे उपयोग में लाए जाते हैं। कम्युनिष्टों वे बच्चे हैं, दिखता नहीं?

यह एक विदित तथ्य है कि माओवादी प्रत्येक घर से एक सदस्य चाहते हैं और एक बच्चे को तो ये लाल-कमबख्त अपनी बपौती समझते हैं। इसके अतिरिक्त संगठन ऐसे बच्चों की तलाश में भी रहता है जिनके माता-पिता इस दुनिया में नहीं हैं याकि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और बच्चों का लालन-पालन करने में कठिनाई का अनुभव कर रहा है। ये बच्चे माओवादी टूल हैं जिन्हें बाल संघम का सदस्य बना लिया जाता है और फिर उनसे सुरक्षाबलों के मूवमेंट की जानकारी लेने जैसे खतरनाक काम में लगा दिया जाता है। प्राय: सुरक्षा बाल छोटे बच्चों पर संदेह नहीं करते और यही बात माओवादियों के लिए ताकतवर सूचनातंत्र बन जाती है। अनेक स्थानों से एकत्र जानकारी के अनुसार माओवादी इन बच्चों को बंदूक चलाने, स्पाईक होल तैयार करने, आईईडी को एक जगह से दूसरी जगह लेकर जाने जैसे कार्य भी लेते हैं। बाल संघम में कार्य कर रहे बच्चे घरों में रहते हैं, अपने स्कूल भी जाते हैं। समय पर्यंत इन बच्चों द्वारा की जाने वाली हरकतों और अपराधों की सूचना पुलिस तक भी पहुँचती है। इसी बात का भय दिखा कर माओवादी अब बच्चों को जंगल के भीतर आने के लिए बाध्य कर देते है और पार्टी से जोड़ लेते हैं। बाल संघम वस्तुत: बच्चों के मनोविज्ञान से खेलने का तंत्र है और उन्हें आतंकवादी बनाने के लिए धीमा वैचारिक जहर दिए जाने जैसी प्रक्रिया। कितना आश्चर्य है कि देश भर में जोर जोर से बजने वाली बाल अधिकार और मानव अधिकार की तूतियाँ नक्सल क्षेत्रों में खामोश रहती हैं, क्या कोई एजेंडा है?

शृंखला आलेख – 11: मौत, मुखबिर और मानवाधिकार

Human-right.jpg

माओवादियों द्वारा की जाने वाली हत्याओं का जो सबसे सामान्य कारण बताया जाता है वह है ग्रामीणों द्वारा कथित रूप से की जाने वाली मुखबिरी। लगभग दो दशकों से मैं बस्तर परिक्षेत्र के समाजशास्त्रीय विषयों पर कार्य कर रहा हूँ और जानता हूँ कि केवल संदेह के आधार पर ही अनेक ग्रामीण माओवादियों द्वारा मौत के घाट उतार दिए गए। अनेक बार झूठी शिकायत पर भी किसी ग्रामीण को मुखबिर बता दिया गया और फिर धार विहीन हथियार से माओवादियों ने निर्ममता भरी मौत दी है। एक ऐसे ही परिवार सें मैं कुछ समय पूर्व मिला था जिसके परिजन की केवल इसलिए हत्या कर दी गई थी कि उसका एक सहपाठी सिपाही हो गया था और दोनों मित्र बाजार में बात करते देखे गये। एक ग्रामीण को केवल इसलिए मार दिया गया था क्योंकि उसे बैंक में पैसा जमा करते देखा गया था, पूछने पर ज्ञात हुआ कि वह तो अपने फसल से अर्जित राशि जमा करने गया था न कि किसी तरह की मुखबिरी करने या पुलिस को सहयोग करने। यह संभावना भी है कि अनेक ने पुलिस तंत्र का जाने अनजाने सहयोग किया हो लेकिन इसके लिए माओवादियों के पास मौत के घाट उतार देने जैसी एकमेव सजा क्यों है?

मैंने माओवादियों को और शहरी नक्सलियों को, सर्वदा एक ही स्वर में मानवाधिकार का नारा लगाते सुना है। उनकी सारी कवायद सुरक्षाबलों के विरुद्ध रहती है लेकिन स्वयं माओवादियों द्वारा मानव को मानव न समझे जाने के प्रश्न पर उनकी ओर से कभी कोई उत्तर नहीं आया। मेरा प्रश्न है कि क्या नक्सलक्षेत्र के ग्रामीणों का मानव अधिकार नहीं होता? आज इस प्रश्न का सामान्य कुछ आंकड़ों से करते हैं। इस विवेचना में मैंने केवल एक वर्ष (फरवरी 2024 से जनवरी 2025 तक) का आंकड़ा लिया है। इस अवधि में मैंने प्रत्येक माह में वह संख्या निकाली है जो नक्सलियों द्वारा की गई उन ग्रामीणों की हत्या है जिन पर मुखबिरी करने के आरोप लगाए गए थे। प्रतिमाह के आँकड़े देखें तो -(2 हत्या) फरवरी 2024, (4 हत्या) मार्च 2024, (4 हत्या) अप्रैल 2024, (1 हत्या) मई 2024, (3 हत्या) जून 2024, (2 हत्या) जुलाई 2024, (4 हत्या) अगस्त 2024, (3 हत्या) सितंबर 2024, (3 हत्या) अक्टूबर 2024, (1 हत्या) नवंबर 2024, (5 हत्या) दिसंबर 2024, (1 हत्या) जनवरी 2025; इस तरझ केवल एक वर्ष की अवधि में तैंतीस (33) ग्रामीणों को मुखबिर बताया कर मार दिया गया। मारे जाने वाले ग्रामीणों में 100% जनजातीय समाज के व्यक्ति हैं।

केवल एक साल में तैंतीस व्यक्ति मार दिए गए, इस बात को देश के बुद्धिजीवी वर्ग ने याकि मीडिया ने संज्ञान में क्यों नहीं लिया? क्या साल में तैंतीस हत्याओं का आंकड़ा कोई छोटी संख्या है? माह दर माह होने वाली ये हत्यायें बस्तर में सामान्य घटना बना दी गई हैं। शहरी नक्सलवाद जो नैरेटिव परोसता है उससे इतर इन ग्रामीणों की हत्या पर क्यों मानवाधिकार की मोमबत्तियाँ भीग जाती हैं? शोकसभाओं पर क्या बिजली गिर पड़ती है? मौत, मुखबिर और मानवाधिकार पर बस्तर में कभी खुल कर बहस हुई ही नहीं, शायद इसलिए क्योंकि यहाँ अवस्थित मानव अधिकार की दूकानों के एजेंडे अलग हैं और मीडिया की टीआरपी के लिए ऐसी खबरें कोई योगदान नहीं करतीं.

scroll to top