आखिरी टी-२० भारत ने ऑस्‍ट्रेलिया को 6 रन से हराकर श्रृंखला 4-1 से जीत ली

1129700-000000000000000000.webp

पांचवें और फाइनल टी20 क्रिकेट स्‍पर्धा में भारत ने कल रात ऑस्‍ट्रेलिया को 6 रन से हराकर श्रृंखला 4-1 से जीत ली है। भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 160 रन बनाए। इसके जवाब में ऑस्‍ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 154 रन ही बना सकी। बल्‍लेबाजी और गेंदबाजी में अच्‍छा प्रदर्शन करने के कारण अक्षर पटेल को प्‍लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। दोनों टीमों ने अब तक एक दूसरे के विरुद्ध 31 टी20 अंतर्राष्‍ट्रीय मैच खेले हैं। इनमें से भारत ने 19 मैच जीते हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 11 मैचों में जीत दर्ज की है। एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला।

लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने पांचवें टी-20 में 29 रन देकर 2 विकेट झटके। उन्होंने सीरीज के हर मैच में टीम को सफलता दिलाई। 5 मैचों में 9 विकेट लेने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला। हाई स्कोरिंग सीरीज में उन्होंने महज 8.20 की इकोनॉमी से रन खर्चे और टीम इंडिया के नए रिस्ट स्पिनर बनकर उभरे।

ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 6 गेंदों पर जीत के 10 रन की जरूरत थी। अर्शदीप सिंह ने कंगारू टीम के कप्तान मैथ्यू वेड को पहली गेंद बाउंसर फेंकी। अगली गेंद यॉर्कर रही, जिस पर कोई रन नहीं बना और तीसरी गेंद कैच आउट हो गए। चौथी, पांचवीं और छठी गेंद पर 1-1 रन बना और ऑस्ट्रेलिया 6 रन से करीबी मुकाबला हार गया।

मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती आज

Screenshot-2023-12-04-at-10.39.32 AM.png

मिजोरम में विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। राज्‍य में कल मतगणना होनी थी लेकिन राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की अपील के बाद इसे आज तक के लिए स्‍थगित कर दिया गया। मतगणना राज्‍य के 13 मतगणना केंद्रों पर आज सवेरे आठ बजे शुरू हुई। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी और उसके बाद ईवीएम पर पडे वोटों को गिना जाएगा।

40 सदस्‍यों वाली मिजोरम विधानसभा के लिए 7 नवंबर को 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। 18 महिलाओं सहित कुल 174 उम्‍मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ मिजो नेशनल फ्रंट, मुख्‍य विपक्षी दल जोरम पीपल्‍स मूवमेंट और कांग्रेस सभी 40 सीटों पर चुनाव लड रहे हैं, जबकि भाजपा ने 23 सीटों पर उम्‍मीदवार खडे किए है। आम आदमी पार्टी भी 4 सीटों पर भाग्‍य आजमा रही है। 27 निर्दलीय उम्‍मीदवार भी मैदान में है।

सुबह 10 बजे तक सामने आए रुझानों में जेडपीएम बहुमत के आंकड़े को पार चुकी है। बहुमत के लिए 21 सीटों की जरूरत है। हालांकि, जेडपीएम 24 सीटों पर आगे चल रही है। सत्तारूढ़ एमएनएफ 13 और कांग्रेस एक सीट पर आगे है। अन्य दल दो सीटों पर आगे चल रहे हैं।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनावों में भाजपा की बम्पर जीत

Screenshot-2023-12-04-at-10.37.37 AM.png

राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में विधानसभा चुनावों की मतगणना संपन्न हो गई है। भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने जा रही है, जबकि कांग्रेस ने तेलंगाना में पूर्ण बहुमत हासिल किया है। मिजोरम विधानसभा के लिए मतगणना आज होगी।

राजस्थान में विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कुल 199 सीटों में से बीजेपी ने 115 सीटें, कांग्रेस ने 69 सीटें, भारत आदिवासी पार्टी ने तीन और बहुजन समाज पार्टी ने दो सीटें और राष्ट्रीय लोक दल और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक-एक सीट जीती। आठ निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी रहे।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अशोक गहलोत ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल कलराज मिश्र को अपना इस्तीफा सौंप दिया। निवर्तमान मुख्यमंत्री ने कहा कि वे विनम्रतापूर्वक जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं और नई सरकार को बधाई देते हैं। भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की ये जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी की जीत है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत देने के लिए राज्य की जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही इस जीत का आधार बना है।

मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने 163 सीटें जीतकर राज्य विधानसभा में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस ने 66 सीटों पर जीत हासिल की है। एक सीट अन्‍य के खाते में गई है।

इस्राइल और हमास के बीच युद्धविराम समाप्त

h-111.jpg

इस्राइल और हमास के बीच फिर से युद्ध छिड़ गया है। कल एक सप्ताह का युद्ध विराम समाप्त होने के तुरंत बाद गजा पट्टी में कई मकानों और इमारतों पर हवाई हमले हुए। गजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने दर्जनों फलिस्तीनियों के मारे जाने की खबर दी है। इस्राइल ने गजा शहर और फलिस्तीन के दक्षिणी हिस्सों में पर्चे फेंक कर आम लोगों को आगाह किया है कि युद्ध से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर चले जायें।

गजा में उग्रवादियों ने इस्राइल पर रॉकेट से हमले फिर शुरू कर दिये हैं। लेबनान से लगी उत्तरी सीमा पर हिजबुल्ला उग्रवादियों ने भी इस्राइल के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों पक्षों की ओर से लड़ाई फिर छिड़ जाने से हमास और अन्य उग्रवादियों की कैद में बंधक बने 140 लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। युद्ध विराम के दौरान हमास ने सौ से अधिक बंधकों को रिहा किया था।

इस्राइली सेना ने कल गजा में पांच बंधकों की मृत्यु की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतकों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है और एक मृतक का शव इस्राइल भेज दिया गया है।

scroll to top