कोरोना से वरिष्ठ पत्रकार बृजेन्द्र पटेल का निधन

113-4.jpg

दिनोंदिन कोरोनावायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। तमाम लोग इसकी चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं और कई लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कोरोना के संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों में कई पत्रकार भी शामिल हैं। ऐसी ही एक दुखद खबर आगरा से आई है। खबर है कि हिन्दुस्तान के आगरा एडिशन में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार बृजेन्द्र पटेल का कोरोना से निधन हो गया है।

बृजेन्द्र पटेल ने कुछ दिनों पूर्व तबीयत खराब होने पर कोविड-19 की जांच कराई थी, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, इसके बाद उन्हें आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में थोड़ा सुधार होने पर एक-दो दिन पूर्व उन्हें एसएन अस्पताल, आगरा में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

कानपुर के मूल निवासी बृजेन्द्र पटेल लगभग 25 वर्षों से मीडिया में सक्रिय रह अब तक दैनिक आज, अमर उजाला और सहारा समेत तमाम मीडिया संस्थानों में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके थे। करीब दो साल से वह हिंदुस्तान, आगरा में अपनी भूमिका निभा रहे थे।  

डॉ. अनिल दीक्षित, विनोद भारद्वाज, पीपी सिंह, अवधेश माहेश्वरी, ताज प्रेस क्लब के महासचिव उपेंद्र शर्मा और राज कुमार दंडौतिया सहित तमाम पत्रकारों ने बृजेन्द्र पटेल के निधन पर दिवंगत आत्मा को सद्गति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

महाराष्ट्र के CM से मीडिया-मनोरंजन उद्योग ने किया ये अनुरोध

112.jpg

कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर ने पूरे देश को अपनी चपेट में ले लिया है। हर दिन देशभर में वायरस के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए जा रहे हैं। इस बीच बीते कई दिनों से कोरोना का गढ़ बन चुके महाराष्ट्र में 15 दिनों का  लॉकडाउन लगाया गया है। इस लॉकडाउन के कारण कई फिल्मों की शूटिंग रुक गई है, जिसके चलते इन फिल्मों में दिहाड़ी पर काम करने वाले लोगों की रोजी रोटी पर संकट आ गया है। लिहाजा इसे देखते हुए मीडिया और मनोरंजन उद्योग की समन्वय समिति, जिसमें IMPPA, IFTDA, FWICE और CINTAA जैसे फिल्म निकाय शामिल हैं, सभी ने मिलकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि 15 दिनों के कर्फ्यू के दौरान उन्हें सीमित स्तर पर काम करने की अनुमति दी जाए।

15 दिनों के लिए बंद होने को लेकर समिति ने पत्र में आग्रह किया है कि बंद वातावरण में पोस्ट-प्रॉडक्शन के काम को करने की अनुमति दी जानी चाहिए ताकि प्रसारण के लिए कंटेंट को एडिट किया जा सके।

साथ ही उन्होंने अनुरोध किया है कि प्रड्यूसर्स को होने वाले नुकसान से बचने के लिए इस निर्माण कार्य की अनुमति दी जानी चाहिए। निर्माण श्रमिकों की तरह, सेट बिल्डिंग से जुड़े लोग भी सभी सावधानियों के साथ सेट पर रहकर काम कर सकते हैं। दैनिक वेतन भोगियों के लिए घोषित वित्तीय पैकेज को मीडिया और मनोरंजन उद्योग के श्रमिकों, तकनीकी विभाग के लोगों और अभिनेताओं के लिए भी छूट बढ़ाई जाने सहित पत्र में कई तरह के अनुरोध किए गए हैं।

निकाय ने आग्रह किया कि यदि संभव हो तो फिल्म सिटी और मीरा-भायंदर क्षेत्र में टीकाकरण केंद्र और फिल्म व टीवी कर्मचारियों के लिए खानपान की स्थापना की जाए।

PM को पत्र लिखकर अरविंद केजरीवाल ने पत्रकारों के लिए उठाई ये मांग

113-3.jpg

कोरोनावायरस का प्रकोप देश में बढ़ता जा रहा है। तमाम लोग इस महामारी की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं, वहीं तमाम लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कोरोना को खत्म करने के लिए वैक्सीन लेना सबसे ज्यादा जरूरी बताया जा रहा है। कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या के बीच सरकार वैक्सीनेशन में जुटी हुई है और लोगों से वैक्सीनेशन करवाने की अपील कर रही है।

 तमाम पत्रकार मुस्तैदी से कोरोना के बढ़ते संक्रमण के खतरों के बीच अपने काम में जुटे हुए हैं। कोरोना के खिलाफ जंग में अपनी भूमिका निभाते हुए राष्ट्रीय राजधानी में पिछले एक साल में कई पत्रकार कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। ऐसे में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पत्रकारों को फ्रंटलाइन वर्कर मानकर उन्हें भी जल्द से जल्द वैक्सीन लगानी चाहिए।

केजरीवाल का बुधवार को किए गए एक ट्वीट में कहना है, ‘पत्रकार बेहद विपरीत परिस्थितियों में रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उन्हें फ्रंटलाइन वर्कर्स मानकर प्राथमिकता के आधार पर उनकी वैक्सीनेशन होनी चाहिए।’ मीडिया खबर के अनुसार, अरविंद केजरीवाल ने इस बारे में प्रधानमंत्री को एक चिट्ठी भी लिखी है।

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के पदाधिकारी चुने गए ये पत्रकार

113-2.jpg

पत्रकारों की सबसे बड़ी संस्था ‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ के पदाधिकारियों के चयन के लिए 10 अप्रैल को हुए चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। इन परिणामों के मुताबिक वरिष्ठ पत्रकार उमाकांत लखेड़ा प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के प्रेजिडेंट पद पर चुने गए हैं। उन्हें 729 वोट मिले, जबकि इस पद पर उनके प्रतिद्वंद्वी संजय बसक को 632 वोट मिले।

शाहिद के. अब्बास वाइस प्रेजिडेंट पद पर चुने गए हैं। उन्हें 668 वोट मिले, जबकि इस पद के लिए उनकी प्रतिद्वंद्वी पल्लवी घोष को 655 वोट मिले। सेक्रेटरी जनरल के पद पर विनय कुमार ने 635 वोटों के साथ जीत दर्ज की है, जबकि राहिल चोपड़ा को 132 और संतोष कुमार ठाकुर को 576 वोट मिले।

बात जॉइंट सेक्रेट्री की करें तो इस पद पर चंद्र शेखर लूथरा ने जीत हासिल की है। उन्हें 578 वोट मिले, जबकि इस पद के लिए उनके प्रतिद्वंद्वी अंजलि भाटिया को 226 और मानस प्रतिम गोहेन को 470 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर 649 वोटों के साथ सुधि रंजन सेन को चुना गया है, जबकि इस पद के लिए उनकी प्रतिद्वंद्वी ज्योतिका ग्रोवर को 629 वोट मिले।

scroll to top