शराब घोटाला मामले में BJP का AAP के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

bjp_flag-sixteen_nine.jpg

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शराब घोटाला मामले में आज राष्ट्रीय राजधानी में आम आदमी पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार के खिलाफ जन जागरण अभियान जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचारियों और अपराधियों का अड्डा है और उन्होंने दिल्ली की जनता को लूटा है। आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान के आवास पर चल रही प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी पर सचदेवा ने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। भाजपा नेता ने कहा कि AAP का मतलब आम आदमी पार्टी नहीं, बल्कि और अधिक पाप है। जब भी यह लोग भ्रष्टाचार करते हैं तब इनका एक ही नारा होता है, करेंगे हम मिलकर भ्रष्टाचार, बनाएंगे इसको अपना जन्मसिद्ध अधिकार।

 

सिक्किम बाढ़ में 56 लोगों की मौत, 26 शव बरामद

sikkim_large_1117_21.webp

4 अक्टूबर को सिक्किम में बादल फटने के बाद से अब तक यहां हालात बेहद खराब हैं। अब तक इस त्रासदी में 8 भारतीय जवानों सहित कम से कम 56 लोगों की मौत हो गई है। चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने से स्थिति और बिगड़ गई, जिससे नीचे की ओर जल स्तर 15-20 फीट तक बढ़ गया । सिक्किम और पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में सेना के जवानों सहित कम से कम 142 लोगों की तलाश जारी है।

उत्तरी सिक्किम के लाचुंग और लाचेन घाटी के इलाकों में लगभग 1500 पर्यटक फंसे हुए हैं । स्थानीय प्रशासन के साथ सेना फंसे हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भोजन, चिकित्सा सहायता और उपग्रह टर्मिनलों के माध्यम से टेलीफोन कनेक्टिविटी प्रदान करके सहायता प्रदान कर रही है ।

सेना की तरफ से विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। फंसे हुए पर्यटकों के परिवार वालों को उनके बारे में जानकारी दे दी गई है। हालांकि, सिक्किम में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर स्थिति स्थिर बनी हुई है। बॉर्डर मैनेजमेंट पोस्टूर के लिए जिम्मेदार भारतीय सेना उच्च स्तर की तैयारी बनाए हुए हैं।

अफ़ग़ानिस्तान में अर्थक्वेक से 2,000 से अधिक मौतें

4_1642502727.jpg

पश्चिमी अफगानिस्तान में आए शक्तिशाली भूकंप में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,000 तक पहुंच गई है । रविवार को हेरात में लोगों ने इमारतों के मलबे से मृतकों और घायलों को निकालने की कोशिश की । सोशल मीडिया पर साझा एक वीडियो में लोगों को गर्दन तक मलबे में दबी एक बच्ची को बचाते हुए देखा गया।

देश के राष्ट्रीय आपदा प्राधिकरण ने बताया कि पश्चिमी अफगानिस्तान में शनिवार को 6.3 तीव्रता के भीषण भूकंप से मची तबाही में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप का केंद्र हेरात शहर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। इसके बाद 6.3, 5.9 और 5.5 तीव्रता के तीन अन्य झटके भी महसूस किए गए।

अफगानिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ी राशिद खान ने कहा कि वह हेरात के भूकंप पीड़ितों की मदद करने के लिए क्रिकेट विश्वकप की अपनी सारी फीस दान दे रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, जल्द ही, हम धन जुटाने का एक अभियान शुरू करेंगे, जिसमें उन लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की जाएगी जो कर सकते हैं।

 

5 राज्यों में विधानसभा चुनाव हो सकते है जल्द

election-commission-1200-1-1-1.jpg.webp

चुनाव आयोग ने 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव का संभावित खाका तैयार कर लिया है। सूत्रों के हवाले से बताया कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना में नवंबर और दिसंबर में अलग-अलग चरण में चुनाव हो सकते हैं।

दरअसल निर्वाचन आयोग सभी पांच राज्यों का दौरा कर चुका है और आज होने वाली ऑबजर्वर्स के साथ बैठक के बाद कभी भी चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है ।

मालूम हो कि राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल जनवरी में पूरा होने जा रहा है। वहीं 2018 की बात करें तो दिसंबर के दूसरे हफ्ते में पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम आ गए थे। बता दें कि तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति की सरकार है वहीं मध्य प्रदेश में भाजपा सत्ता में है। इसके अलावा मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट की सत्ता है तो राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी सरकार में है।

scroll to top