गुरु की गर्जना, सभ्यता की शपथ: सवा लाख से एक लड़ाने वाला महासंत..

51g1X7QkYaL.jpg

प्रणय विक्रम सिंह

दिल्ली । इतिहास के कुछ क्षण ऐसे होते हैं, जब कोई व्यक्ति नहीं, पूरी सभ्यता बोलती है। गुरु श्री गोबिन्द सिंह जी महाराज ऐसे ही क्षणों की आवाज हैं।

वे किसी युग के साधु नहीं, सभ्यता के सेनापति थे। वे उस समय खड़े हुए, जब सनातन संस्कृति को मिटाने की योजनाएं तलवार से कम और विश्वासघात से अधिक रची जा रही थीं। उस समय गुरु ने समझौता नहीं किया, संघर्ष का शंखनाद किया।उस अंधकार में गुरु का जीवन दीपशिखा बनकर जला, न केवल सिख पंथ के लिए, बल्कि सम्पूर्ण भारतीय चेतना के लिए।

गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज ने धर्म को पूजा की परिधि से निकालकर जीवन का साहस बनाया। उनके लिए स्वधर्म का अर्थ आत्मरक्षा भर नहीं था, बल्कि समाज और संस्कृति की रक्षा था। वे जानते थे कि जब अन्याय संगठित हो जाए, तो सत्य को भी संगठित होना पड़ता है। ऐसे समय पर धर्म का मौन अपराध बन जाता है। यही कारण है कि गुरु ने शास्त्र से शील और शस्त्र से शौर्य दोनों को एक ही श्वास में साधा। यही संत-सैनिक परंपरा है। यही खालसा है। और यही सनातन की वह चेतना है, जो संकट में तपकर और तेजस्वी होती है।

इसी कारण इतिहास में वह गर्जना गूंजती है कि…
*”सवा लाख से एक लड़ाऊं, चिड़ियन ते मैं बाज तुड़ाऊं, तबै गुरु गोबिंद सिंह नाम कहाऊं।”*

यह पंक्ति कविता नहीं, घोषणा है। यह अहंकार नहीं, आत्मविश्वास है। यह संख्या की चुनौती नहीं, चरित्र की कसौटी है। गुरु कहते हैं कि मैं तब ही गुरु कहलाऊंगा, जब भयभीत भी वीर बनें, जब कमज़ोर भी शेर बनें, जब दमन के आकाश में उड़ती चिड़िया भी बाज से भिड़ने का साहस करे। यही खालसा का संकल्प है… गिनती से नहीं, गुण से लड़ना।

सिख पंथ कोई पृथक मार्ग नहीं, सनातन चेतना का ओजस्वी, उज्ज्वल और निर्भीक विस्तार है।सनातन परंपरा के पुनरुत्थान की उद्घोषणा है। गुरु गोबिन्द सिंह जी की वाणी में वेदों का विवेक है, गीता का कर्मयोग है और शक्ति-उपासना का ओज है। चंडी चरित्र में वे महाशक्ति का आह्वाहन करते हैं, चौबीस अवतार में विष्णु परंपरा का विस्तार करते हैं और ‘शुभ करमन से कबहुँ न टरौं’ में उसी सनातन प्रतिज्ञा को स्वर देते हैं, जिसने भारत को कभी पराजित नहीं होने दिया। गुरु के लिए राम, कृष्ण, दुर्गा प्रतीक नहीं संस्कार हैं। युद्धभूमि की प्रेरणा हैं।

उनका जीवन सुविधाओं का नहीं, संघर्षों का सिंहनाद है। बलिदानों की बरछी है।

आनंदपुर की घेराबंदी, चमकौर का रण, सरहिंद का रक्तरंजित अध्याय ये सब बताते हैं कि गुरु ने धर्म के लिए केवल प्रवचन नहीं दिए, वंश अर्पित कर दिया। ‘जफरनामा’ कोई शिकायत नहीं, बल्कि विजय–पत्र है। उस सत्य की विजय, जो सत्ता के सिंहासन से भी ऊंचा होता है। जब गुरु कहते हैं कि अब झूठी कसमों पर भरोसा नहीं, तो वह केवल औरंगज़ेब को नहीं, पूरी इस्लामी छल-परंपरा को ललकार रहे होते हैं।

चार साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का वह शिखर है, जहां काल भी नतमस्तक हो जाता है। जहां शब्द थम जाते हैं। रण में अजीत सिंह और जुझार सिंह का शौर्य और सरहिंद में जोरावर सिंह व फतेह सिंह की अडिग आस्था, यह सिद्ध करती है कि धर्म उम्र नहीं पूछता, धैर्य पहचानता है। दीवारों में चुने गए वे बालक भारत की आत्मा में आज भी जीवित हैं। यह संदेश है कि सनातन चेतना को मिटाने के लिए केवल सेना नहीं, समूची सभ्यता को मारना पड़ेगा और यह असंभव है।

जो लोग आज इन बलिदानों को तोड़–मरोड़कर प्रस्तुत करते हैं, जो गुरु को मूर्तिभंजक बताने का दुस्साहस करते हैं, वे केवल अज्ञानी नहीं-वैचारिक अपराधी हैं। जो चंडी चरित्र रचता है, जो माता की मूर्ति को शब्दों में प्राण देता है *”भाल निपट विशाल… सकल विध्न विमोचनी”*… उसे मूर्तिपूजा का विरोधी कहना षड्यंत्र की चरम सीमा है।

गुरु गोबिन्द सिंह जी का संघर्ष किसी समुदाय से नहीं था, उनका युद्ध अधर्म की मानसिकता से था। उनका खड्ग मनुष्य पर नहीं, अन्याय पर उठता था। इसलिए उनकी साधना मानवता-केंद्रित है, लेकिन निर्भीक और निर्णायक है।

गुरु के संघर्षों ने समाज की धमनियों में नया रक्त प्रवाहित किया। भय की जगह स्वाभिमान, मौन की जगह प्रतिकार, और बिखराव की जगह संगठन आया। धर्म कर्मकांड नहीं रहा, कर्तव्य बना। खालसा ने यह उद्घोष किया कि आस्था शर्म नहीं, शक्ति है और सत्य अकेला नहीं, वह संगठित होकर इतिहास रचता है।

आज, जब पहचान छुपाने की सलाह दी जाती है, जब कायरता को बुद्धिमत्ता कहा जाता है, तब गुरु की वही गर्जना फिर सुनाई देती है *”सवा लाख से एक लड़ाऊं…”* अर्थ साफ़ है… डरो मत, झुको मत, बिको मत। वे सिखाते हैं कि शांति भय से नहीं, न्याय से आती है और सुरक्षा केवल शस्त्र से नहीं, शास्त्र-संवेदना से मिलकर बनती है। और धर्म चाहिए तो त्याग के लिए तैयार रहो।

गुरु श्री गोबिन्द सिंह जी महाराज स्मृति नहीं, संघर्ष की जीवित चेतना हैं। वे इतिहास नहीं सनातन की हुंकार हैं। वे आज भी पूछ रहे हैं कि… तुम किस ओर हो? धर्म के साथ या डर के साथ? खालसा के साथ या समझौते के साथ?
और याद रखो…
सवा लाख से एक लड़ने का साहस ही,
सभ्यताओं को बचाता है।

मुगल सत्ता का स्याह सच धर्मांतरण की जिद और साहिबजादों का बलिदान

images-10.jpeg

डॉ. मयंक चतुर्वेदी

दिल्ली । इतिहास जितनी बार दोहराया जाए हर बार कोई न कोई सबक सिखाता है, कुछ तिथियां इतिहास की ऐसी होती हैं जिन्‍हें आप चाहकर भी भूला नहीं सकते हैं । ऐसा ही दिन आज का है जब सत्ता ने अपने मजहब को हथियार बनाया और छोटे मासूम बच्‍चों तक की हत्‍या करने में देरी नहीं की। मध्यकालीन भारत में इस्‍लामिक मुगल शासन के दौर में गैर मुसलमानों पर अनेक जुल्म ढाए गए। करों दंडों और भय के सहारे जबरन मजहबीकरण (धर्मांतरण) की कोशिशें की गईं। इसी अंधकार में दो नन्हे दीपक साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह ऐसे जले कि अत्याचार की दीवारें भी कांप उठीं। उनका हुतात्‍मा हो जाना आज सिर्फ सिख इतिहास भर नहीं है, यह घटना भारतीय आत्मसम्मान की अमिट गाथा है।

मुगल साम्राज्य में जजिया जैसे कर मंदिरों पर आक्रमण तीर्थों पर प्रतिबंध और विद्रोह कुचलने के लिए प्रलोभन के सहारे धर्मांतरण की नीति अपनाई गई। इसी पृष्ठभूमि में सिख पंथ अन्याय के प्रतिरोध का स्वर बना। गुरु नानक देव जी की करुणा से लेकर गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान तक सिख परंपरा ने धर्म की स्वतंत्रता को सर्वोपरि माना। कहा जाता है कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान कश्मीरी पंडितों की आस्था की रक्षा के लिए था, किंतु यह नैरेटिव भी पूरा सच नहीं है, क्‍योंकि उस वक्‍त तक सिख पंथ कहीं से भी अलग नहीं था, वह पूरी तरह से हिन्‍दू धर्म की एक संत परंपरा आधारित दर्शन धारा थी, उस समय इस संत परंपरा के जितने अनुयायी थे वे सभी हिन्‍दू समाज के अभिन्‍न अंग थे, जिसमे कि स्‍वयं गुरु तेग बहादुर जी भी।

ऐसे में स्‍वभाविक तौर पर इस्‍लामिक अत्‍याचार से त्रस्‍त होकर अनेक हिन्‍दू समाज के लोग गुरु तेग बहादुर जी के पास गए थे और मुगल हिंसा के समाधान के लिए मार्ग प्रशस्‍त करने के लिए निवेदन किया गया था। तब गुरु जी ने स्‍वयं से आगे होकर मुगल सत्‍ता से बात करने का आश्‍वासन दिया, इसके परिणाम में तत्‍कालीन इस्‍लामिक मुगल शासक औरंगजेब ने क्‍या किया! दिल्‍ली में सिख पंथ के नौवें गुरु तेग बहादुर जी की चांदनी चौक दिल्ली में 24 नवंबर 1675 को शीश काटकर बलिदान हुआ। गुरु तेग बहादुर जी ने स्पष्ट कहा था कि वे न तो इस्लाम स्वीकार करेंगे और न ही किसी को जबरन धर्म बदलने देंगे।

गुरु जी से पहले शहीद किए गए उनके तीन प्रमुख अनुयायियों पर भयंकर हिंसा की गई। भाई मती दास जी जोकि गुरु जी के प्रमुख सेवक थे, उन्‍हें मुगलों ने जिंदा आरी से चीर दिया, किंतु भाई मती दास जी ने अंतिम क्षणों में भी जाप और ध्यान नहीं छोड़ा। उनका बलिदान इतिहास के सबसे क्रूर अत्याचारों में गिना जाता है। इसी तरह से भाई सती दास जोकि भाई मती दास के छोटे भाई थे, इस्‍लाम के अनुयायी मुगलों ने उन्‍हें रुई में लपेटकर जिंदा जला दिया गया, क्‍योंकि उन्होंने भी धर्म परिवर्तन से इंकार कर दिया था। उन्‍होंने भी अपने बड़े भाई की तरह ही अत्याचार के बीच भी गुरु और ईश्वर में अडिग आस्था रखी। इन दोनों की तरह ही भाई दयाला जोकि गुरु जी के परम भक्त थे उन्‍हें उबलते पानी में डालकर मार दिया गया, उन्होंने भी अंतिम सांस तक इस्लाम स्वीकार नहीं किया। आगे गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपने धर्म पर अडिग रहने की इस परंपरा को और सुदृढ़ किया और न्याय आत्मसम्मान तथा साहस की शिक्षा अपने शिष्‍यों को दी।

सन् 1704–1705 की सर्दियों में आनंदपुर साहिब की घेराबंदी इसी संघर्ष का निर्णायक अध्याय बनी। मुगलों ने गुरु गोबिंद सिंह जी पर इस्‍लाम कबूल करलेने का दबाव बढ़ाया। ऐसे में संघर्ष स्‍वभाविक था, तब सरसा नदी पार करते समय परिवार बिछुड़ गया। माता गुजरी जी अपने दो नन्हे पोतों साहिबजादा जोरावर सिंह नौ वर्ष और साहिबजादा फतेह सिंह सात वर्ष के साथ अलग हो गईं। वे सरहिंद के सूबेदार नवाब वजीर खान की कैद में पहुंच जाती हैं। यहीं इस्‍लामिक सत्ता का क्रूर हिंसक चेहरा एक बार फिर उजागर होता है जहां नाबालिगों पर भी दमन चक्र चलाया गया।

ठंडे बुर्ज की यातनाएं दी गईं, ताकि मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया जा सके और बच्‍चे इस्‍लाम का अपना लें। भय अकेलापन और प्रलोभन के सहारे आस्था को तोड़ने की तमाम कोशिशें हुईं। दरबार में बच्चों को इस्लाम स्वीकार करने पर धन महल और सुरक्षा का लालच दिया गया। किंतु इन दो नन्हे बालकों ने वह दृढ़ता दिखाई जो किसी भी साम्राज्य से बड़ी थी। उनका उत्तर स्पष्ट था कि धर्म बिकाऊ नहीं और सत्य पर समझौता अस्वीकार्य है।

वजीर खान का क्रोध उसी क्षण फूट पड़ा । सबसे क्रूर दंड का आदेश दिया गया। 26 दिसंबर 1705 की वह सुबह भारतीय इतिहास की सबसे करुण और सबसे प्रेरक सुबहों में से एक है। ईंट गारे से उठती दीवार के साथ साहस भी ऊंचा होता गया। न आंसू न भय सिर्फ अपने विश्वास पर विश्‍वास। माता गुजरी जी ने भी गहरे शोक में प्राण त्याग दिए। दोनों नन्‍हें बालकों जिंदा ही दीवार में चुनवा दिया गया।

साहिबजादों के बलिदान ने यह संदेश दिया कि आस्था किसी भी बल प्रयोग से कहीं ऊपर है। यही कारण है कि यह घटना सिख समुदाय की स्मृतियों के साथ संपूर्ण हिन्‍दू समाज के लिए मुखर चेतना बनी। आज वीर बाल दिवस इसी स्मृति को राष्ट्रीय सम्मान देता है। वर्ष 2022 में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित कर भारत ने यह स्वीकार किया कि बच्चों की वीरता भी राष्ट्र की नींव होती है। यह दिवस हमें याद दिलाता है कि आज का भारत जैसा भी, जितना भी शेष है वह इन नन्‍हें बलिदानियों की कसौटी के परिणाम का सुफल है।

कहना होगा कि साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह हर भारतीय की स्‍मृतियों में जो अपने देश से अपार प्रेम करते हैं उनके बीच अमर हैं क्योंकि उन्होंने सिद्ध किया कि वीरता उम्र की मोहताज नहीं होती है। उनकी शहादत हर पीढ़ी को यह प्रश्न पूछने पर विवश करती है कि क्या हम अन्याय के सामने खड़े होने का साहस रखते हैं? जब तक यह प्रश्न जीवित है तब तक भारत अपने संपूर्ण स्‍वर और चेतना के साथ मुखरता से खड़ा हुआ है। दोनों साहिबजादों के श्रीचरणों में शत् शत् नमन…..

राज्यों के निकाय चुनाव परिणामों के संदेश

postal-ballot-vote-counting-220406171-16x9.jpg.webp

दिल्ली । राजधानी दिल्ली के नगर निगम चुनावों से आरम्भ हुआ भाजपा गठबंधन की विजय का रथ अब केरल, महाराष्ट्र, अरुणाचल और गोवा तक पहुंच गया है। हाल में महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश और फिर गोवा से निकाय चुनावों के परिणाम भाजपा के पक्ष में आए। इससे पहले केरल के चुनाव परिणाम आए जिसमें केरल की राजधानी तिरुअनंतपुरम में पहली बार भाजपा का मेयर बना जिसकी चर्चा पूरे भारत में हो रही है। महाराष्ट्र और अरुणाचल के नतीजे कई मायने में महत्वपूर्ण हैं। महाराष्ट्र में 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव में महायुति ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया है। भाजपा ने कुल 3325 सीटों पर विजय प्राप्त करके कुल पार्षदों का 48 प्रतिशत अपने नाम किया है। नगर परिषद अध्यक्षों में से करीब 75 प्रतिशत महायुति के हैं। जिनमे सबसे बड़ा योगदान भाजपा का है। भजपा ने 2017 के निकाय चुनावों मे 1602 सीटों पर विजय प्राप्त की थी जबकि अबकी बार उसकी दोगुनी से भी अधिक 3,325 सीटें जीतने में सफलता प्राप्त की है। भाजपा को महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारी सफलता मिली है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कहना हे कि 2014 से लेकर अभी तक भाजपा शहरी पार्टी मानी जाती थी किंतु अब भाजपा महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपना दबदबा बढ़ा रही है। 

आज महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन अपनी अंतिम सांसे गिनता दिखाई पड़ रहा है। मुंबई नगर निगम के लिए उद्धव और राज हाथ मिला चुके हैं । अगर कुछ अन्य शेष बड़े नगर निगमों में भी विपक्षी गठबंधन जीत नहीं पाता तो वह बुरी तरह से बिखर सकता है। 

महाराष्ट्र में भाजपा की सफलता का सबसे अधिक श्रेय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जाता है जबकि शिवसेना (उद्धव गुट) अपनी दुर्गति के लिए स्वयं दोषी है। शिवसेना के संस्थापक बाला साहेब ठाकरे ने जिन उद्देश्यों के लिए शिवसेना का गठन किया था उससे वह पूरी तरह से भटक चुकी हैं। बांग्लादेश में हिंदुओ के साथ हो रहे अमानवीय अत्याचारों पर शिवसेना (उद्धव गुट )के मुंह में ताला लगा है। वो बांग्लादेश की घटनाओं की निंदा तक नहीं कर पा रही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्यभर में 30 से अधिक रैलियां कीं जबकि ठाकरे बंधु अपने महल से बाहर ही नहीं निकले। 

भाजपा की अरुणाचल विजय – सुदूर सीमावर्ती राज्य अरुणाचल प्रदेश के निकाय चुनावों में भी भाजपा ने जिला परिषद और ग्राम पंचायत की अधिकांश सीटों पर जीत प्राप्त की और अपना दबदबा कायम रखा। भाजपा ने 245 सीटों में से 170 सीटों पर जीत दर्ज की जिनमें से 59 सीटों पर निर्विरोध विजय हुई। यहां के ग्रामीण इलाकों में भी भाजपा ने मजबूत उपस्थिति दर्ज की, जिसमें ग्राम पंचायत की 8,208 सीटों में से 6,085 सीटों पर जीत दर्ज की है। राजधानी ईटानगर के नगर निगम में भी भाजपा ने 20 मे से 14 सीटो पर विजय प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की है यहां नगर परिषद की 59 सीटों पर भाजपा विजयी रही। चुनाव परिणामों से गदगद भाजपा के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि राज्य में एनडीए के मजबूत प्रदर्शन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और विकसित अरुणाचल के दृष्टिकोण के प्रति जनता का दृढ़ समर्थन झलकता है। 

गोवा में भी भजपा की विजय – गोवा में भी जिला पंचायत चुनाव 2025 के सभी परिणाम सामने आ चुके है। ये चुनाव बैलेट बाक्स के माध्यम से हुए थे किंतु यहां पर भी भाजपा को विजय प्राप्त हुई और कांग्रेस व सहयोगी दलों को करारी पराजय का सामना करना पड़ा। गोवा की 50 सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा गठबंधन 30 से अधिक सीटें जितने में सफल रहा। यह विजय भाजपा के लिए शुभ संकेत है गोवा में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केरजीवाल भी यहाँ दम भर रहे हैं और जनता से कह रहे हैं कि कांग्रेस को वोट मत देना क्योंकि उनके विधायक भाजपा में शामिल हो जाते हैं । शेष अन्य दल गोवा में सुस्त पड़े हैं । 

भाजपा कि जीत का यह दौर जारी रहने वाला है क्योंकि कांग्रेस का रेडियो “वोट चोरी“ पर रुक गया है। देश का जनमानस कांग्रेस व राहुल गांधी को बार -बार संदेश भेज रहा है किंतु यह लोग सुधर नहीं रहे हैं और विदेशों में जाकर भारत की आलोचना कर रहे हैं । यह लोग विदेश जाकर जितना भारत विरोधी एजेंडा चलाएंगे देश की जनता इन्हें उतना ही गर्त में धकेल देगी।
भारत की जनता की आकांक्षाएं और अपेक्षाएं बदल चुकी हैं, आम जनता की आँखों ने विकसित भारत का सपना देख लिया है और जो लोग भी विकसित भारत की राह में बाधक बन रहे हैं वह धीरे -धीरे नेपथ्य में जा रहे हैं।

एक लेखक: पूरे भारत के 36 राज्य/केंद्रशासित प्रदेश और सभी 7 महाद्वीपों की यात्रा पूरी करने वाले पहले भारतीय बने

2-20.jpeg

दिल्ली। प्रख्यात लेखक, देशभक्ति एवं यात्रा विषयक अपनी रचनाओं के लिए प्रसिद्ध डॉ. ऋषि राज ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने भारत के सभी 36 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों तथा विश्व के सभी सात महाद्वीपों की यात्रा पूरी कर ली है।

17 नवंबर 2025 को डॉ. ऋषि राज ने अपने इस महायात्रा के अंतिम पड़ाव अंटार्कटिका पर कदम रखा। वहाँ उन्होंने भारतीय तिरंगा लहराकर एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया।

यह उपलब्धि उन्हें वह गौरव प्रदान करती है कि वे ऐसे पहले भारतीय बन गए हैं, जिन्होंने भारत की संपूर्ण विविधता सभी 36 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश का भ्रमण करने के साथ-साथ विश्व के सभी सात महाद्वीपों की यात्रा भी सफलतापूर्वक पूरी की है।

उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान “धरती माता की रक्षा के संकल्प” का संदेश देते हुए एक बैनर भी प्रदर्शित किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता झलकती है।

इसके साथ ही, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में, उन्होंने आयरन मैन की तस्वीर वाला विशेष बैनर प्रदर्शित कर राष्ट्र के इस महान एकीकर्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन में अपर महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत ऋषि राज ने ये अनूठी उपलब्धि हासिल की है।

डॉ. ऋषि राज की यात्राओं का आरंभ वर्ष 1994 में हुआ, जब उन्होंने भारतीय रेल में अपनी सेवा प्रारंभ की। पहले उन्होंने भारत के अधिकांश राज्यों का भ्रमण किया। वर्ष 2008 में सभी ज्योतिर्लिंगों और चार धामों की यात्रा पूरी की। इसके बाद 2012 में जब उन्होंने कैलाश मानसरोवर यात्रा की, तभी से उनकी वैश्विक यात्रा का नया अध्याय शुरू हुआ। पिछले 31 वर्षों की यह सतत यात्रा उन्हें आज इस ऐतिहासिक मुकाम तक ले आई है।

अंटार्कटिका से डॉ. ऋषि राज का संदेश:

“हिमालय से लेकर अंटार्कटिका तक, मैंने भारत की आत्मा को अपने साथ लेकर यात्रा की है। यह सफर सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि एकता, देशभक्ति और पृथ्वी के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। जहाँ भी जाता हूँ, भारत मेरे साथ चलता है।”

अपने पेशेवर दायित्वों के अलावा, डॉ. ऋषि राज एक बहुमुखी लेखक हैं, जिन्होंने इतिहास एवं देशभक्ति पर आधारित बच्चों की कहानियों सहित 28 से अधिक पुस्तकें लिखी हैं। इसके साथ ही, उनके चैनल Exploring India with Rishi के माध्यम से वे 600 से अधिक लघु फिल्मों में भारत की सांस्कृतिक एवं देशभक्ति की धरोहर को प्रदर्शित कर चुके हैं।

डॉ. ऋषि राज अब इस उपलब्धि को राष्ट्र के युवाओं में देशभक्ति, सतत यात्रा एवं जलवायु जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु समर्पित करने की योजना रखते हैं। वे इस उपलब्धि के लिए प्रमुख रिकॉर्ड बुक्स में आवेदन की तैयारी भी कर रहे हैं।

scroll to top