भराड़ी हमारी संस्कृति, हमारी पहचान, हमारा गौरव

unnamed-1-2.jpg

निलेश कटारा

भोपाल ।गांव से शहर की ओर बढ़ते हुए भी यदि कोई समाज अपनी जड़ों, अपनी संस्कृति और अपनी पूजा पद्धति को नहीं छोड़ता, तो वही समाज सच्चे अर्थों में समृद्ध कहलाता है। आज झाबुआ जिले के वरिष्ठ वकील एवं संघ के माननीय जिला संघचालक श्री मानसिंह जी भूरिया के सुपुत्र के विवाह समारोह में पारंपरिक भराड़ी परंपरा को जीवंत रूप में देखकर हृदय गर्व से भर गया। यह दृश्य केवल एक रस्म नहीं था, बल्कि हमारी हजारों वर्षों पुरानी आदिवासी संस्कृति, आस्था और प्रकृति-पूजा की जीवंत झलक था। भराड़ी केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि हमारे पुरखों की अमूल्य धरोहर है। यह वह माध्यम है जिसके द्वारा हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। जब आधुनिकता की दौड़ में लोग अपनी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं, ऐसे समय में भराड़ी जैसी परंपराओं का पालन करना वास्तव में प्रेरणादायक है।

भराड़ी का सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व

भराड़ी में पारंपरिक गीतों के साथ दीवारों पर और स्थान विशेष पर प्राकृतिक प्रतीकों के माध्यम से चित्रांकन किया जाता है। इसमें सूर्य, चंद्रमा, तारे, दूल्हा-दुल्हन, पेड़-पौधे, पत्तियाँ और अन्य प्राकृतिक तत्वों से सुंदर आकृतियाँ बनाई जाती हैं। यह केवल सजावट नहीं होती, बल्कि इसके पीछे गहरा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दर्शन छिपा होता है। आदिवासी समाज सदैव प्रकृति पूजक रहा है। हमारे लिए प्रकृति केवल संसाधन नहीं, बल्कि माता के समान है। भराड़ी के माध्यम से हम सूर्य से ऊर्जा, चंद्रमा से शांति, वृक्षों से जीवन और पृथ्वी से धैर्य का संदेश लेते हैं। यही कारण है कि भराड़ी में बनाया गया हर चित्र एक दर्शन, एक संदेश और एक आशीर्वाद होता है।

परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम

आज जब गांव से शहर की ओर पलायन बढ़ रहा है, तब यह चुनौती भी है कि कहीं हम अपनी परंपराओं से दूर न हो जाएं। ऐसे समय में श्री मानसिंह जी भूरिया जैसे व्यक्तित्व, जो एक शासकीय सेवक होने के साथ-साथ निष्ठावान स्वयंसेवक भी हैं, उनके परिवार द्वारा भराड़ी जैसी परंपरा का पालन करना पूरे समाज के लिए एक प्रेरणा है। यह संदेश देता है कि आधुनिक जीवन जीते हुए भी अपनी संस्कृति को जीवित रखा जा सकता है। मैं आधुनिक भारत के युवाओं से विशेष रूप से आग्रह करता हूं कि वे अपनी संस्कृति, पूजा पद्धति और परंपराओं को केवल अतीत की चीज न समझें, बल्कि उन्हें अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।

भराड़ी जैसी परंपराएं हमें हमारी पहचान देती हैं, हमें हमारी जड़ों से जोड़ती हैं और हमें यह सिखाती हैं कि प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर कैसे जीवन जिया जाए। यदि हम आज इन परंपराओं की रक्षा नहीं करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी। हमारी संस्कृति ही हमारी असली पूंजी है, यही हमारी शान है, यही हमारा गौरव है। भराड़ी केवल विवाह की एक रस्म नहीं, बल्कि यह हमारी सभ्यता, संस्कृति और प्रकृति-पूजा की जीवंत अभिव्यक्ति है। यह हमें गर्व से सिर ऊंचा करके यह कहने का अधिकार देती है कि

“मेरी संस्कृति, मेरी पूजा पद्धति, मेरी परंपरा मेरा अभिमान है।” हम सभी मिलकर अपनी इस अनोखी, विशिष्ट और गौरवशाली परंपरा को सहेजें, संजोएं और आने वाली पीढ़ियों तक पूरे गर्व के साथ पहुंचाएं।

✍️(श्री कटारा(माध्यमिक शिक्षक)
ग्राम मदरानी, तहसील मेघनगर, जिला झाबुआ, मप्र)

एक समय में आकाशवाणी और डीडी के एंकरों की लोकप्रियता फिल्म स्टारों जैसी थी- डॉ. सच्चिदानंद जोशी

unnamed-4-scaled.jpg

नई दिल्ली: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए), नई दिल्ली के कला निधि विभाग द्वारा सुश्री संगीता अग्रवाल की पुस्तक ‘दूरदर्शन: आधी आबादी की सशक्त गाथा’ के लोकार्पण एवं पुस्तक परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने पुस्तक को भारतीय दूरदर्शन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की यात्रा का महत्त्वपूर्ण दस्तावेज बताया और कहा कि यह कृति आधी आबादी की सामाजिक-सांस्कृतिक भूमिका को सशक्त स्वर प्रदान करती है।

पुस्तक परिचर्चा सत्र में अंतरराष्ट्रीय न्यायविद परिषद्, लंदन के अध्यक्ष एवं सर्वोच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आदर्श सी. अग्रवाल, आईजीएनसीए के डीन एवं कला निधि विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रमेश चन्द्र गौड़, वाणी प्रकाशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री अदिति माहेश्वरी, आकाशवाणी की उप-निदेशक सुश्री प्रज्ञा देवड़ा तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखिका सुश्री संगीता अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. सचिदानंद जोशी ने कहा कि किसी भी चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण विषय पर पुस्तक का प्रकाशन लेखक से कहीं अधिक साहस का कार्य होता है, क्योंकि आज समाज में पढ़ने वालों और विशेषकर पुस्तकें खरीदकर पढ़ने वालों की संख्या लगातार कम होती जा रही है। उन्होंने दूरदर्शन के स्वर्ण-युग को स्मरण करते हुए कहा कि एक समय दर्शक पूरे कार्यक्रम धैर्यपूर्वक देखते थे, जबकि आज के रील-युग में ध्यान-अवधि कुछ सेकंड तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कहा, उस दौर के एंकरों और रचनाकारों की लोकप्रियता फिल्म स्टारों जैसी थी, लेकिन इसके पीछे निरंतर संघर्ष, अनुशासन और प्रतिबद्धता थी।

डॉ. जोशी ने यह भी रेखांकित किया कि ‘आधी आबादी’ का संघर्ष आज भी समाप्त नहीं हुआ है और कैमरे के सामने तथा पीछे कार्यरत महिलाओं की भूमिका को समान रूप से स्वीकार करने और उस पर संवाद करने की आवश्यकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में कैमरे के पीछे कार्य करने वाले लोगों के संघर्ष पर केंद्रित गंभीर लेखन सामने आएगा, जो समय की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने दूरदर्शन के कार्यक्रम ‘कृषि दर्शन’ में अपनी एंकरिंग के दिनों को भी रोचकता से याद किया।

मुख्य अतिथि कुमुद शर्मा ने पुस्तक के शीर्षक पर बात करते हुए कहा कि भारतीय परम्परा के आलोक में स्त्रियां आधी आबादी नहीं हैं, बल्कि वे आधेपन के पूरा करने वाली हैं। आज मीडिया में जो स्त्रियां हैं, वो पुरुष के चैतन्य को कसौटी पर कस रही हैं। मीडिया इंडस्ट्री बहुत तेज़ी से बदली है और उसने बहुत विकास किया है। मीडिया में महिलाएं बहुत सशक्त स्थिति में हैं, नीति-निर्माताओं में शामिल हैं। पूरे परिदृश्य में उनकी विजिबिलिटी बहुत सशक्त है। उन्होंने यह भी कहा, स्त्रियों का मीडिया में जो संघर्ष रहा है, वह बहुत कठिन रहा है। महिलाओं ने प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में चौतरफा संघर्ष करके अपना मुकाम बनाया है। उन्होंने कहा कि स्त्रियों के संघर्ष के साथ-साथ उनकी प्रगति और विकास की गाथा आना भी ज़रूरी है।

प्रो. रमेश चंद्र गौड़ ने स्वागत भाषण करते हुए कहा, हमारी पीढ़ी, जो दूरदर्शन और आकाशवाणी की सिग्नेचर ट्यून सुनकर बड़ी है, उसका लगाव आज भी दूरदर्शन और आकाशवाणी से है। उन्होंने कहा कि पुस्तक के तीन खंड हैं- आकाशवाणी, दूरदर्शन और डीडी न्यूज़। इस पुस्तक में बहुत सारी नई जानकारियां हैं।

आदिश सी. अग्रवाल ने कहा, भारतीय जनमानस में दूरदर्शन और आकाशवाणी का जो स्थान है, वह स्थान देश के बड़े-बड़े उद्योगतियों द्वारा चलाए जा रहे चैनल कभी नहीं ले सकते। लेखिका संगीता अग्रवाल ने कहा, इस पुस्तक में मैंने बताने का प्रयास किया है कि आकाशवाणी, दूरदर्शन, डीडी न्यूज़, डीडी इंडिया में विभिन्न पदों पर कार्यरत महिलाओं ने कितना संघर्ष किया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह बताना भी ज़रूरी है कि देश की आज़ादी से लेकर देश निर्माण के हर कार्य में आधी आबादी यानी महिलाओं की हमेशा महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है।

अदिति माहेश्वरी ने कहा, विश्व के सबसे अनोखे ब्रॉडकास्ट नेटवर्क (आकाशवाणी व दूरदर्शन) के बारे में जितनी बात की जाए, उतना कम है। इस नेटवर्क ने आज़ादी से लेकर अब तक देश की भावना को आवाज़ दी है। इस किताब में कई ऐसी कहानियां हैं, जिन्हें आप परत दर परत खोलेंगे, तो देखेंगे कि अगर आप अपनी शिक्षा और अभिव्यक्ति के अधिकार का देश के लिए उपयोग करेंगे, तो आपको कोई रोक नहीं सकता। इस अवसर पर आकाशवाणी की उप-निदेशक सुश्री प्रज्ञा देवड़ा ने भी आकाशवाणी के अपने अनुभव साझा किए।

परिचर्चा में सभी वक्ताओं ने इस बात पर विशेष ज़ोर दिया कि दूरदर्शन ने किस प्रकार भारतीय समाज में महिलाओं की आवाज़, पहचान और सशक्तिकरण को मंच प्रदान किया तथा यह पुस्तक उस यात्रा की सजीव और प्रामाणिक गाथा प्रस्तुत करती है।

कार्यक्रम की ख़ासियत यह भी रही कि पुस्तक में जिन महिलाओं की कहानियां शामिल हैं, उनमें से कई उपस्थित रहीं और उनका परिचय भी श्रोताओं से कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्वान, शोधार्थी, मीडिया प्रतिनिधि और कला-संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे।

राजनीति का लेबल या अस्तित्व की लड़ाई? ‘लेफ्टिस्ट एजेंडा’ बनाम ‘किसान हित’ का असली सच

images-4.jpeg

निलेश देसाई

भोपाल । भारतीय कृषि क्षेत्र में जब भी कोई बड़ा बदलाव या अंतरराष्ट्रीय समझौता होता है, तो अक्सर एक पुराना हथियार निकाला जाता है— ‘विचारधारा का लेबल’। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते (2026) के तहत जीएम (GM) उत्पादों के आयात का विरोध करने वाले स्वर भी आज इसी कसौटी पर कसे जा रहे हैं। इसे ‘लेफ्टिस्ट एजेंडा’ या ‘विकास विरोधी’ बताकर खारिज करने की कोशिशें तेज हैं। लेकिन क्या यह बहस वाकई दक्षिणपंथ बनाम वामपंथ की है? या फिर यह भारत की आने वाली पीढ़ियों की थाली और किसानों की आर्थिक संप्रभुता का गंभीर प्रश्न है?

विचारधारा की दीवार के पार: सर्वसम्मत संकट
अक्सर विरोध को विचारधारा से जोड़ना असली मुद्दे से ध्यान भटकाने का सबसे आसान तरीका होता है। हकीकत यह है कि अमेरिका से सब्सिडी वाले मक्का और सोयाबीन के आयात का विरोध केवल वामपंथी संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित संगठन भी कर रहे हैं। जबभारतीय किसान संघ (BKS) और आशा-किसान स्वराज जैसे धुर विरोधी छोरों के संगठन एक ही मुद्दे पर खड़े हों, तो समझ लेना चाहिए कि संकट विचारधारा का नहीं, बल्कि अस्तित्व का है।
सब्सिडी का अर्थशास्त्र: बाजार का ‘अन्यायपूर्ण युद्ध’
इसे राजनीति के बजाय शुद्ध ‘अर्थशास्त्र’ के नजरिए से देखें। अमेरिकी कृषि का मॉडल भारी सरकारी नकद सब्सिडी (PSE) पर टिका है। वहां का किसान बाजार की कीमतों के भरोसे नहीं, सरकारी चेक के भरोसे खेती करता है। जब वह अपना ‘अधिशेष’ (Surplus) भारत में डंप करता है, तो वह भारत के उस छोटे किसान से प्रतिस्पर्धा कर रहा होता है जिसे एमएसपी (MSP) के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है।
• क्या अपने देश के उत्पादकों को विदेशी सब्सिडी वाली डंपिंग से बचाना ‘एजेंडा’ है?
• या यह एक कल्याणकारी राज्य का बुनियादी आर्थिक कर्तव्य है?
. जीएम (GM) का प्रवेश: विज्ञान बनाम व्यापारिक दबाव
जीएम उत्पादों का मुद्दा केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है। अमेरिका का दबाव है कि भारत अपने ‘नॉन-जीएम’ (Non-GM) प्रमाणपत्र की शर्तों को हटाए। इसे ‘प्रौद्योगिकी का विरोध’ कहना गलत है; यह असल में ‘सूचना के अधिकार’ और ‘जैविक सुरक्षा’ (Biosecurity) का प्रश्न है।

सरकार का यह तर्क कि “प्रसंस्करण (Processing) के बाद जीएम का प्रभाव खत्म हो जाता है”, वैज्ञानिक से ज्यादा व्यापारिक लगता है। यदि पशु जीएम चारा (DDGS) खाएंगे, तो वही तत्व दूध के माध्यम से इंसानों तक पहुंचेंगे। इस खतरे पर सवाल उठाना किसी विचारधारा की गुलामी नहीं, बल्कि एक जागरूक नागरिक का अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क होना है।

कंपनियों का कौशल: विरोध को राजनीति में उलझाना
बहुराष्ट्रीय कंपनियां इस खेल की माहिर खिलाड़ी हैं। वे जानती हैं कि यदि वे विरोध को ‘राजनीति’ या ‘एजेंडा’ करार दे दें, तो मध्यम वर्ग और नीति-निर्माता उस मुद्दे से किनारा कर लेंगे। कंपनियां भारत में ‘सेवा’ करने नहीं, बल्कि ‘बाजार’ कब्जाने आई हैं। वे अक्सर व्यापारिक समझौतों की पेचीदगियों में उन प्रावधानों को छिपा देती हैं जो हमारी घरेलू बीज संप्रभुता को स्थायी रूप से नष्ट कर सकते हैं।

. समाधान: ‘विरोध’ को ‘वैकल्पिक व्यापार’ में बदलना
इस बहस को तभी गंभीर बनाया जा सकता है जब हम विरोध के साथ-साथ ‘विकल्प’ की बात करें।
• सहकारिता का शस्त्र: अमूल जैसे मॉडलों ने दिखाया है कि जब किसान संगठित होता है, तो वह बाजार की शर्तों को तय करता है। हमें प्राकृतिक खेती और स्वदेशी बीजों के आधार पर ‘प्राकृतिक सहकारिता’ (Natural Cooperatives) विकसित करनी होगी।
• बाजार के हुनर: हमें कंपनियों की तरह ब्रांडिंग, गुणवत्ता और आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) के हुनर सीखने होंगे। यदि “जीएम-मुक्त” उत्पाद एक सफल बिजनेस मॉडल बन जाए, तो कोई भी वैश्विक ताकत उसे बाजार से बाहर नहीं कर पाएगी।

‘लेफ्टिस्ट एजेंडा’ जैसे जुमले उन लोगों के लिए ढाल का काम करते हैं जो गहन चर्चा से बचना चाहते हैं। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता केवल डॉलर का लेनदेन नहीं है; यह इस बात का फैसला है कि हमारी मिट्टी में क्या बोया जाएगा और हमारी अगली पीढ़ी क्या खाएगी। जब लड़ाई अस्तित्व और आत्मनिर्भरता की हो, तो वहां ‘लाल’ या ‘केसरिया’ नहीं, बल्कि केवल ‘मिट्टी का रंग’ प्राथमिकता होना चाहिए। हमें सड़कों पर आवाज उठाने के साथ-साथ बाजार में अपना ‘हुनर’ दिखाना होगा, तभी हम इन वैश्विक ताकतों का मुकाबला बराबरी के धरातल पर कर पाएंगे।

संसद बनी बंधक- संविधान का अपमान कौन कर रहा है ?

sandad-780x470-1.jpg

लखनऊ : वर्ष -2026 का बजट सत्र हल्ले-गुल्ले और अराजकता की भेंट चढ़ता दिखाई दे रहा है। यहाँ बजट के अतिरिक्त अन्य सभी विषयों को उठाए जाने का प्रयास हो रहा है। स्थितियां इतनी विकट हैं कि संसदीय इतिहास में पहली बार राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री लोकसभा में उत्तर नहीं दे सके और राष्ट्रपति का अभिभाषण बिना किसी चर्चा के पारित हो गया। यद्यपि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में 97 मिनट लंबा और प्रभावशाली उत्तर दिया। राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने विपक्ष द्वारा की गई सभी टिप्पणियों का संज्ञान लेते हुए अपनी बात रखी। प्रधानमंत्री मोदी का यह संबोधन देश के स्वर्णिम भविष्य और विकास की दिशा को भी दर्शाता है।

राष्ट्रपति के अभिभाषण के समय हंगामा करके देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान करने के बाद जब समय आने पर राहुल गांधी को बोलने का अवसर दिया गया तो उन्होंने विषय से इतर जाकर पूर्व सेना प्रमुख नरवणे की एक अप्रकाशित पुस्तक कोट करते हुए चीनी घुसपैठ का पुराना मुद्दा उछालने का प्रयास किया। लोकसभा अध्यक्ष द्वारा नियमों के अंतर्गत व्यवस्था दिए जाने के बाद भी राहुल गांधी अपनी बात पर अड़े रहे। यह एक आश्चर्यजनक व्यवहार है कि नेता प्रतिपक्ष राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलने के स्थान पर पुराने मुद्दे उठाए और उनको भी आपत्तिजनक रूप से रखकर देश की सेना और सदन का अपमान करे। लोकसभा में कांग्रेस तथा इंडी गठबंधन की महिला सांसदों ने जिस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी का रास्ता रोकने की योजना बनायी और लोकसभा अध्यक्ष को प्रधानमंत्री से सदन न आने का अनुरोध करना पड़ा वो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। विडम्बना ये है कि यही लोग अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बाते करते हैं।

राज्यसभा में बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस में भाग न लेकर विपक्षी दलों ने न केवल राष्ट्रपति पद का अपमान किया है अपितु एक गरीब परिवार से निकलकर आई आदिवासी महिला का भी अपमान किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में राहुल गांधी व कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को ग़द्दार कहने पर भी राहुल गांधी घेरा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इनका अहंकार सातवें आसमान पर पहुंच गया है । कांग्रेस छोड़कर कितने ही लोग निकले हैं किसी और को तो ग़द्दार नहीं कहा, ये सिख हैं इसलिए कहा, ये सिखों का, गुरुओं का अपमान था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोकसभा में चेयर पर कागज फेकें गए जब असम के सदस्य चेयर की कुर्सी पर विराजमान थे क्या यह असम का अपमान नहीं? जब आंध्र प्रदेश के एक दलित सदस्य चेयर की कुर्सी पर बैठे थे तब उन पर भी कागज फेंके गए क्या यह एक दलित बेटे और संविधान का अपमान नहीं है ?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आखिर कांग्रेस उनके लिए कब्र खुदेगी का नारा क्यों देती है ? हमने जम्मू -कश्मीर से धारा 370 से हटाई इसलिए या हमने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से उबारा है इसलिए? प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये कौन सी मोहब्बत की दुकान है जो देश के किसी नागरिक की कब्र खोदने के सपने देखती है? आजकल मोहब्बत की दुकान खोलने वाले “मोदी तेरी कब्र खुदेगी” के नारे लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं देश के युवाओं के लिए मजबूत जमीन तैयार कर रहा हूं तो कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने के कार्यक्रम करवा रही है। हमने नार्थ ईस्ट में बम बंदूक और आतंक का जो साया बना रहता था वहां शांति और विकास की राह अपनाई इसलिए वह मोदी की कब्र खोद रहे हैं। पाकिस्तानी आतंकवादियो को घर में घुसकर मारते हैं, ऑपरेशन सिंदूर करते हैं और इसलिए वे मोदी की कब्र खोदना चाहते हैं। मोदी तेरी कब्र खुदेगी ये जो उनके भीतर नफरत भरी हुई है मोहब्बत की दुकान में जो आग भरी पड़ी हुई है, उसका कारण है किकांग्रेस इस बात को पचा नहीं पा रही है कि कोई और क्यों प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठा है, ये तो हमारा पैतृक अधिकार था इसलिए वे हताशा में मोदी की कब्र खोदने के नारे लगा रहे हैं । प्रधानमंत्री ने आगे जोड़ा कि कांग्रेस को ये सहन नही हो रहा हे कि जो समस्याएं उसने 60 सालो में पाल- पोस कर बड़ी की थीं मोदी उनका एक- एक करके समाधान क्यों कर रहा है? कांग्रेस को ये सब पसंद नहीं आ रहा है इसलिए अब कांग्रेस के नेता मोदी तेरी कब्र खुदेगी का नारा लगा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूरोपियन यूनियन और फिर अमेरिका के साथ जो व्यापार समझौते हुए उनके विषय में जानकारी देते हुए बताया कि अब पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है और समझौते कर रही है। कांग्रेस को भी यहअवसर मिला था, उन्होंने यह क्यों नही कर दिखाया?

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के माध्यम से कांग्रेस,लेफ्ट व डीएमके सहित टीएमसी पर भी तीखा हमला बोला और उन्होंने बंगाल की टीएसमी सरकार को देश की सबसे निर्मम सरकार बताते हुए कहा कि यह लोग अपने अंदर नहीं झाकते अपितु हमको यहां बैठकर उपदेश देते हैं। प्रधानमंत्री ने राज्यसभा सांसद सदानंद मास्टर के भाषण का संज्ञान लेते हुए वैचारिक सहिष्णुता की चर्चा की, ज्ञातव्य है कि सदानंद मास्टर के दोनों पैर वामपंथी विचारधारा के लोगों ने निर्ममता से केवल उनकी विचारधारा अलग होने के कारण काट दिए थे।

संसद के वर्तमान सत्र में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने जो रवैया अपनाया है उसने देश के वास्तविक मुद्दों को उठाने का एक सुनहरा अवसर खो दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा को घेरने के बजे उन्होंने भाजपा व प्रधानमंत्री मोदी को ही अपने ऊपर आक्रमण करने का अवसर दे दिया है। भाजपा अब सिख व दलित सांसदों के अपमान का राजनैतिक लाभ उठाने का पूरा प्रयास करेगी। भाजपा चुनाव वाले राज्यों में विरोधी दलों के संसदीय आचरण को भी मुद्दा बनाएगी।

scroll to top