61वीं अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में ‘जियोग्राफीज़ ऑफ डिस्टेंस : रिमेंबरिंग होम’ को मिली दर्शकों की खूब प्रशंसा

1-8.jpeg

अनुराग पुनेठा

नई दिल्ली/वेनिस: वैश्विक मंच पर भारतीय समकालीन कला के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में इंडिया पेवेलियन को 61वीं अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी – ला बिएनाले दी वेनेज़िया (बिएनाले आर्ते 2026) में ‘सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय पेवेलियन’ के लिए ‘विजिटर्स लायन’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार इंडिया पेवेलियन की चर्चित प्रस्तुति ‘जियोग्राफीज़ ऑफ डिस्टेंस : रिमेंबरिंग होम’ के लिए प्रदान किया गया है।

ला बिएनाले दी वेनेज़िया ने बुधवार को छह महीने तक चली इस प्रदर्शनी (9 मई से 22 नवंबर, 2026) के समापन के बाद इस पुरस्कार की घोषणा की। पहली बार प्रदान किए गए ‘विजिटर्स लायन’ पुरस्कारों का निर्धारण दर्शकों के प्रत्यक्ष मतदान के आधार पर किया गया। इसके लिए टिकट लेकर प्रदर्शनी देखने वाले दर्शकों ने इसके दोनों प्रमुख प्रदर्शनी स्थलों – जियार्दिनी और आर्सेनाले – का भ्रमण करने के बाद अपने मत दिए।

ऐतिहासिक आर्सेनाले परिसर में स्थापित इंडिया पेवेलियन का आयोजन संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय (एनजीएमए) द्वारा किया गया था, जबकि इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र (आईजीएनसीए) ने इसकी कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस सम्मान को भारत की जीवंत सांस्कृतिक चेतना की गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने कहा, “यह सम्मान हमारे लिए अत्यंत हर्ष और संतोष का विषय है, क्योंकि यह दुनिया भर से आए दर्शकों के हृदय और उनकी अभिव्यक्ति से सीधे प्राप्त हुआ है। ‘जियोग्राफीज़ ऑफ डिस्टेंस : रिमेंबरिंग होम’ की परिकल्पना इस विचार को साझा करने के उद्देश्य से की गई थी कि स्मृति, पारिस्थितिकी और अपनी जड़ों से जुड़ाव भारतीय कलात्मक चेतना को किस गहराई से आकार देते हैं। कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में आईजीएनसीए को गर्व है कि उसने भारत के विभिन्न क्षेत्रों की विविध कथाओं को वेनिस तक पहुंचाने में योगदान दिया। इस उपलब्धि ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि भारत की शाश्वत सभ्यतागत संवेदना की भाषा सार्वभौमिक है।”

अमीन जाफर के क्यूरेटोरियल निर्देशन में तैयार इस पुरस्कार विजेता पेवेलियन में पांच समकालीन कलाकारों – अलवर बालासुब्रमण्यम, सुमाक्षी सिंह, रंजनी शेट्टर, असीम वाकिफ और स्कार्मा सोनम ताशी – की कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गईं। इन कलाकृतियों के माध्यम से स्मृति, प्रवासन, पदार्थ की प्रकृति और ‘घर’ से जुड़े भावनात्मक अनुभवों जैसे विषयों को भारत के विविध भौगोलिक परिदृश्यों के संदर्भ में प्रस्तुत किया गया। इनमें लद्दाख से लेकर तमिलनाडु तक के क्षेत्र शामिल हैं।

भारत के साथ-साथ अमेरिकी कलाकार निक केव को भी 61वीं कला प्रदर्शनी में ‘सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी’ के लिए ‘विजिटर्स लायन’ पुरस्कार प्रदान किया गया। उनकी प्रस्तुति ‘इन माइनर कीज़’ का क्यूरेशन दिवंगत कोयो कौओह ने किया था।

सांस्कृतिक क्षेत्र के जानकारों के अनुसार, मतदान के लिए दर्शकों का बिएनाले के दोनों प्रमुख प्रदर्शनी स्थलों पर जाना अनिवार्य था। ऐसे में दर्शकों के प्रत्यक्ष मतदान से प्राप्त यह सम्मान प्रदर्शनी के छह महीने के दौरान अंतरराष्ट्रीय कला प्रेमियों की निरंतर रुचि, सक्रिय सहभागिता और सकारात्मक मौखिक प्रचार का प्रमाण है।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top