चेक पहले काट दिया, हिसाब अब क्यों मांग रहे हो?

PM-Narendra-Modi-1.jpg
दिल्ली। सात साल बाद प्रधानमंत्री का उद्योगपतियों से सवाल, नौकरियों और वेतन का जवाब कौन देगा?
पूंजीवाद की गोद में समाजवाद की तलाश!
मोदी सरकार से सीधा सवाल: मुनाफे की मशीन से बराबरी की उम्मीद क्यों?
________________________________________
क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब समझ में आया है कि पूंजीपति, मुक्त अर्थ व्यवस्था के ध्वजवाहक, उदार समाजवाद या भाजपाई कल्याणवाद के इंजन नहीं हो सकते? क्या उद्योगपति अपनी तिजोरियां खोलकर बेरोजगारों को नौकरियां बांटेंगे? क्या मुनाफा कमाने वाली कंपनियां अचानक सामाजिक न्याय का झंडा उठा लेंगी?
पूंजीवाद और समाजवाद के बीच फर्क समझने के लिए अर्थशास्त्र का प्रोफेसर होना जरूरी नहीं है। उद्योगपति कारोबार करने आते हैं, परोपकार करने नहीं। उनका पहला धर्म मुनाफा कमाना, निवेश बचाना और बाजार में टिके रहना है। उनसे सामाजिक बराबरी की उम्मीद करना गलत नहीं, लेकिन बिना किसी शर्त के रियायतें देकर ऐसी उम्मीद पालना जरूर राजनीतिक विरोधाभास है।
सरकार का काम उद्योगपतियों से समाजवाद की भीख मांगना नहीं है। आप ऐसी नीतियां बनाएं, जिनसे विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
19 नवंबर को FICCI के सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योग जगत से कुछ सीधे सवाल पूछे। कॉरपोरेट टैक्स में भारी कटौती का फायदा आखिर किसे मिला? कंपनियों ने कितनी नई नौकरियां पैदा कीं? कर्मचारियों की तनख्वाह कितनी बढ़ाई? उन्होंने 12 लाख रुपये तक की आमदनी पर टैक्स छूट का भी उल्लेख किया।
सवाल बिल्कुल जायज हैं। लेकिन असली परेशानी सवाल से नहीं, उसके समय से है। चेक पहले काट दिया, अब सात साल बाद हिसाब मांग रहे हैं!
जरा 2019 में लौटिए। सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया था। कंपनियों को बड़ी राहत मिली। उम्मीद थी कि निवेश बढ़ेगा, नए कारखाने लगेंगे, उत्पादन बढ़ेगा और लाखों नौजवानों को रोजगार मिलेगा।
लेकिन एक बुनियादी सवाल तब भी उठना चाहिए था। क्या सरकार ने टैक्स घटाते समय कंपनियों से कोई लिखित प्रतिबद्धता ली थी? क्या कहा था कि राहत चाहिए तो रोजगार भी बढ़ाना होगा? कर्मचारियों की तनख्वाह भी बढ़ानी होगी? अगर ऐसी कोई शर्त नहीं थी, तो आज सात साल बाद शिकायत करने से क्या हासिल होगा?
आंकड़े भी एक असहज तस्वीर दिखाते हैं। उपलब्ध कॉरपोरेट आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल कंपनियों का मुनाफा 22 प्रतिशत बढ़ा। उससे पहले भी 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई। लेकिन कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि महज 2.8 प्रतिशत रही। इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, प्रोसेसिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में 2019 से 2023 के बीच वेतन सालाना औसतन सिर्फ 0.8 प्रतिशत बढ़ा।
एक तरफ कंपनियों की कमाई छलांग लगाती रही, दूसरी तरफ कर्मचारियों की आमदनी घिसटती रही। महंगाई ने अलग से आम आदमी की जेब पर हमला जारी रखा।
आलोचकों का कहना है कि टैक्स राहत का बड़ा हिस्सा नए निवेश के बजाय कर्ज चुकाने और नकदी जमा करने में चला गया। कंपनियों की बैलेंस शीट मजबूत हुई, लेकिन रोजगार का बाजार उम्मीद के मुताबिक नहीं चमका।
यानी मालिकों की तिजोरी भरती रही, मगर कर्मचारियों की थाली में उतना इजाफा नहीं हुआ।
इस कहानी का दूसरा पहलू भी है। नोटबंदी ने छोटे और मझोले कारोबारियों की कमर तोड़ दी। यही क्षेत्र देश में सबसे ज्यादा लोगों को रोजगार देता है। उसे सस्ता कर्ज, आधुनिक तकनीक, आसान नियम और प्रशिक्षित श्रमिक चाहिए थे। लेकिन छोटे उद्योगों को वह मजबूती नहीं मिली, जिसकी जरूरत थी।
बड़ी कंपनियों को रियायतें देना आसान है। छोटे कारोबारियों को संभालना ज्यादा मेहनत मांगता है। नतीजा यह हुआ कि आर्थिक ताकत कुछ बड़े हाथों में सिमटती गई। आम आदमी की आमदनी और खरीदने की क्षमता पर दबाव बढ़ता गया।
आखिर बाजार चलेगा कैसे? कॉरपोरेट टैक्स घटाइए, इनकम टैक्स में राहत दीजिए, GST कम कीजिए। लेकिन अगर आम परिवार की जेब खाली है, तो दुकानों पर खरीदारी कौन करेगा? कारखानों का माल कौन खरीदेगा? उत्पादन आखिर किसके लिए होगा?
चीन का अनुभव बताता है कि मजबूत घरेलू मांग उद्योगों को सहारा देती है। जब मजदूरी और आमदनी बढ़ती है, तो लोग ज्यादा खरीदते हैं। बाजार फैलता है और उत्पादन को नई ताकत मिलती है। भारत में भी टिकाऊ विकास का रास्ता आम आदमी की जेब से होकर ही गुजरेगा ।
प्रधानमंत्री का सवाल ऐसे समय आया है, जब करोड़ों नौजवान रोजगार के लिए परेशान हैं। उन्हें GDP के चमकदार आंकड़ों से ज्यादा नौकरी चाहिए। उन्हें भाषण नहीं, सम्मानजनक वेतन चाहिए। विपक्ष ने भी प्रधानमंत्री के बयान को राजनीतिक दिखावा बताया है। उसका तर्क है कि वर्षों तक उद्योगपतियों को रियायतें देने के बाद अब जवाबदेही मांगना महज सियासी नाटक है।
हालांकि उद्योग जगत की दलील भी सुननी चाहिए। उसके समर्थकों का कहना है कि टैक्स कटौती ने भारत को निवेश के लिए आकर्षक बनाया है। वैश्विक अनिश्चितता, कमजोर मांग और उत्पादन क्षमता का पूरा इस्तेमाल न होना भी निजी निवेश की सुस्ती के कारण हैं। हर समस्या का ठीकरा उद्योगपतियों पर फोड़ना उचित नहीं होगा।
लेकिन इससे सरकार की जिम्मेदारी कम नहीं होती। टैक्स छूट और दूसरी सरकारी रियायतों को रोजगार सृजन तथा वेतन वृद्धि से जोड़ना होगा। कंपनियों के भर्ती और वेतन के आंकड़े सार्वजनिक होने चाहिए। छोटे और मझोले उद्योगों को विशेष सहारा देना चाहिए। श्रमिकों के अधिकार और सामाजिक सुरक्षा भी मजबूत बने।
समाजवाद भाषणों से नहीं आता। वह न्यायपूर्ण कर व्यवस्था, मजबूत सार्वजनिक सेवाओं, बेहतर मजदूरी और संसाधनों के उचित बंटवारे से आता है।
आखिर आर्थिक तरक्की का फायदा किसकी जेब में जा रहा है? क्या देश केवल कंपनियों के बढ़ते मुनाफे से खुश हो सकता है? क्या करोड़ों नौजवानों को रोजगार और सम्मानजनक जीवन का अधिकार नहीं है?
याद रखिए, कम मजदूरी से कंपनियों का मुनाफा कुछ समय तक बढ़ सकता है। लेकिन डेढ़ अरब लोगों वाले देश में खरीदने की ताकत लगातार कमजोर होगी, तो बाजार भी दम तोड़ देगा।
प्रधानमंत्री जी, उद्योगपतियों से सवाल जरूर पूछिए। लेकिन पहले अपनी नीतियों का हिसाब भी दीजिए। चेक आपने काटा था, शर्तें आपने नहीं लगाईं। अब जवाबदेही का बोझ अकेले उद्योगपतियों पर क्यों? पूंजीवाद को खुली छूट देकर समाजवाद की उम्मीद करना आखिर कौन-सा आर्थिक मॉडल है?

Share this post

Brij Khandelwal

Brij Khandelwal

Brij Khandelwal of Agra is a well known journalist and environmentalist. Khandelwal became a journalist after his course from the Indian Institute of Mass Communication in New Delhi in 1972. He has worked for various newspapers and agencies including the Times of India. He has also worked with UNI, NPA, Gemini News London, India Abroad, Everyman's Weekly (Indian Express), and India Today. Khandelwal edited Jan Saptahik of Lohia Trust, reporter of George Fernandes's Pratipaksh, correspondent in Agra for Swatantra Bharat, Pioneer, Hindustan Times, and Dainik Bhaskar until 2004). He wrote mostly on developmental subjects and environment and edited Samiksha Bharti, and Newspress Weekly. He has worked in many parts of India.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top