पत्रकारिता की छात्रा ने किया सुसाइड

112-1.jpg

इलाहाबाद रहनेवाली पत्रकारिता की छात्रा मंगेतर से विवाद के बाद इतनी क्षुब्ध हो गई कि उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद छात्रा के परिजनों ने उसके मंगेतर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। जानकारी के अनुसार घरवालों ने उसकी शादी फतेहपुर जिले के कोतवाली थाने में तैनात दरोगा कालका प्रताप सिंह से तय की थी। उनका तिलक समारोह सात मई और शादी 15 मई को होनी तय हुई थी, लेकिन इस बीच मंगेतर ने शादी से इनकार कर दिया, जिससे दुखी होकर छात्रा ने यह खतरनाक कदम उठा लिया।

जब मध्य प्रदेश में भिंड के अटेर क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमंत कटारे के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था उस समय प्रिंशु सिंह नामक छात्रा चर्चा में आई थी। विधायक ने प्रिंशु के खिलाफ ब्लैकमेलिंग की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था। उस समय प्रिंशु पर विधायक का विडियो वायरल कर दो करोड़ रुपयों के मांगने और बाद में 25 लाख रुपये पर समझौता करने के आरोप लगे थे। प्रिंशु को पांच लाख रुपए के साथ गिरफ्तार कर क्राइम ब्रांच ने जेल भी भेजा था। हालांकि, बाद में प्रिंशु ने अपना बयान बदल दिया था। हाई कोर्ट में दिए शपथ पत्र में प्रिंशु का कहना था कि हेमंत कटारे ने उससे दुष्कर्म नहीं किया, बल्कि कटारे के राजनीतिक विरोधियों ने उसका इस्तेमाल किया। यह मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तर प्रदेश में हलधरपुर की रहने वाली 21 साल की प्रिंशु  ने वर्ष 2018 में भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विवि से एमए इन ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म किया था। प्रिंशु की दोस्ती फेसबुक के जरिये जौनपुर निवासी दरोगा कालका प्रसाद से हुई थी। बाद में यह दोस्ती प्यार में बदल गई थी। इसके बाद दोनों ने 18 अगस्त 2018 को मथुरा में सगाई कर ली थी। छात्रा के परिवार वालों का आरोप है कि सगाई के समय दरोगा के परिजनों को 24.80 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन बाद में कालका ने लेन देन की बात को लेकर छात्रा से शादी करने से इनकार कर दिया। यही नहीं, प्रिंशु के पिता जब दरोगा के घर बात करने गए तो उन्हें बेइज्जत भी किया गया। शादी से इनकार और पिता की बेइज्जती से क्षुब्ध होकर उसने जहर खा लिया। परिजनों ने प्रिंशु को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में भी प्रिंशु ने शादी टूटने के कारण खुदकुशी की बात लिखी है।

श्रीलंका में भारतीय फोटो जर्नलिस्ट गिरफ्तार

रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। श्रीलंका पुलिस ने दिल्ली के रहने वाले फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया है। न्यूज एजेंसी ‘रॉयटर्स’  के लिए काम करने वाले दानिश श्रीलंका में करीब हफ्ते भर पहले हुए धमाकों की कवरेज करने के लिए वहां गए हुए थे। दानिश पर अधिकारियों की अनुमति के बिना नेगोंबो शहर के एक स्कूल में जबरदस्ती घुसने की कोशिश करने का गंभीर आरोप है। मजिस्ट्रेट ने दानिश को 15 मई तक के लिए रिमांड पर भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेंट सेबेस्टियन चर्च में हादसे का शिकार हुए एक बच्चे के बारे में जानकारी एकत्रित करने के लिए दानिश उसके स्कूल में दाखिल होना चाहते थे, इसी बीच प्रिंसिपल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कूल में जबरन घुसने की कोशिश करने के आरोप में दानिश को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि ईस्टर पर श्रीलंका में कई जगह हुए धमाकों में 250 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था, जबकि सैकड़ों लोग घायल हो गए थे। बताया जाता है कि दानिश को पुलित्जर अवॉर्ड भी मिल चुका है। दरअसल, रोहिंग्या शरणार्थियों की मार्मिक स्थिति को सामने लाने के लिए रॉयटर्स की जिस सात सदस्यीय टीम को पुलित्जर अवॉर्ड मिला था, उनमें दानिश भी शामिल थे।

पूर्व अनुमति के बिना एयर इंडिया ने कर्मचारियों को मीडिया से बात करने से रोका

114-2.jpg

एक संवाद में मिली जानकारी के अनुसार एयर इंडिया ने अपने कर्मचारियों को बिना पूर्व अनुमति के मीडिया से बात करने के प्रति आगाह किया है। कंपनी ने 30 अप्रैल के इस संवाद में कहा है, ऐसा देखा गया है कि कर्मचारियों ने मीडिया से बातें की हैं या जेट एयरवेज की पोशाक में वीडियो पोस्ट किया है। 

इलेक्ट्रॉनिक या सोशल मीडिया पर इस तरह से रखे गए विचारों से कंपनी की छवि खराब हो रही है, जबकि ऐसा करने से मना किया जा चुका है। कंपनी ने कहा, ‘यह फिर से दोहराया जाता है कि कोई भी कर्मचारी निजी अधिकार से या किसी समूह अथवा संगठन के प्रतिनिधि के तौर पर चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) की बिना पूर्व मंजूरी के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक या सोशल मीडिया में कंपनी से संबंधित कोई बयान जारी नहीं करेंगे।’ 

इस संवाद पर कंपनी की निदेशक (कर्मचारी) अमृता शरण के हस्ताक्षर हैं। इसमें कहा गया है कि कर्मचारियों को उचित माध्यम से सीएमडी से अनुमति के लिये आवेदन करना होगा। इसमें कहा गया है, ‘इस आदेश के किसी भी उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा और उल्लंघन करने वाले के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।’

सोशल मीडिया पर नेताओं का मजाक, ना बाबा ना

अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर राजनेताओं और अन्य लोगों का सोशल मीडिया पर मजाक उड़ाना एक ट्रेंड बन चुका है। लेकिन अब नेताओं के चेहरे क्रॉप कर सोशल मीडिया पर उनका मजाक उड़ाना आपके लिए खतरे की घंटी साबित हो सकती है। 

सोशल मीडिया को लोकसभा उम्मीदवार और राजनेताओं ने चुनाव प्रचार का एक माध्यम बना रखा है। लेकिन दूसरी तरफ सोशल मीडिया इन लोगों के लिए एक मुसीबत बन गया है। विभिन्न नेताओं की तस्वीर क्रॉप कर लोग रैप सॉन्ग वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। इन वीडियो में राजनेताओं को नाचता हुआ दिखाया गया है। 

सोशल मीडिया पर ऐसा करना आयोग की नजर में अपराध है। ऐसा करने वालों पर सीधा केस दर्ज होगा। आयोग का कहना है कि क्रॉपिंग कर फोटो और वीडियो पोस्ट करना अपराध की श्रेणी में आता है। चंडीगढ़, पंजाब में चुनाव आयोग के निर्देश पर डीआईजी के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई है, जिसमें एक एआईजी, दो डीएसपी और चार इंस्पेक्टर सोशल मीडिया साइट्स पर नजर रख रहे हैं। 

प्राप्त सूचना के मुताबिक मुख्य चुनाव अधिकारी एस करुणा राजू ने बताया कि आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चुनाव आयोग की मॉनीटरिंग कमेटी सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखे हुए है।

scroll to top