भारत और UAE के बीच किए गए 10 समझौते

20240215112227.jpg

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संयुक्त अरब अमीरात दौरे के बीच भारत और यूएई के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के 10 समझौते किए गए हैं। इन समझौतों में क्षेत्रों में ऊर्जा, आधारभूत ढांचा, निवेश और प्रबंधन के क्षेत्र हैं। इन समझौतों से दोनों देशों के संबंधों में और ज्यादा प्रगाढ़ता आई है।

समझौतों की जानकारी देते हुए यह बातें भारतीय विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कही है। अबू धाबी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्वात्रा ने कहा कि भारत और यूएई के बीच द्विपक्षीय कारोबार 85 अरब डॉलर के करीब पहुंच चुका है।

इतना ही नहीं यूएई भारत में सबसे ज्यादा निवेश करना वाला चौथा देश है। हमारे संबंधों का महत्व इसी से समझा जा सकता है कि यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायेद ने मंगलवार को हवाई अड्डे पर आकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया था। इसके बाद दोनों नेताओं ने आपस में बात की और उसके बाद प्रतिनिधिमंडलों के जरिये बात हुई।

विदेश सचिव ने बताया कि जो समझौते हुए हैं उनसे भारत में ऊर्जा सुरक्षा बढ़ेगी और स्वच्छ ऊर्जा को विकसित करने में सहायता मिलेगी। दोनों देशों के बीच ग्रीन हाइड्रोजन के भंडारण का भी समझौता हुआ है। दोनों देश ऊर्जा क्षेत्र के विकास के लिए शोध में भी सहयोग करेंगे।

राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने उम्मीदवार घोषित किए

11_02_2024-rajya_sabha_candidates_2024211_2071.jpg

भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने यूपी, उत्तराखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के लिए राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इसमें कुछ ऐसे नाम भी शामिल हैं, कभी कांग्रेस में रहे और पार्टी छोड़ बीजेपी में शामिल हुए।

बीजेपी ने यूपी से आरपीएन सिंह, सुधांशु त्रिवेदी, चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, डॉ. संगीता बलवंत और नवीन जैन के नाम घोषित किए हैं। बीजेपी की तरफ से बिहार से दो नामों की घोषणा की गई है। पार्टी ने धर्मशीला गुप्ता और भीम सिंह को उम्मीदवार बनाया है। छत्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह और हरियाणा से सुभाष बराला के नाम घोषित किए गए हैं। कर्नाटक से पार्टी ने नारायणा के. भांडगे के नाम की घोषणा की है। उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट और पश्चिम बंगाल से सामिक भट्टाचार्य के नाम की घोषणा की है।

 

कतर की अदालत ने हिरासत में बंद सभी आठ पूर्व भारतीय नौसेनिकों को रिहा किया

new-project-2_1698587272.jpg

भारत ने कतर में हिरासत में लिए गए दाहरा ग्लोबल कंपनी में काम करने वाले आठ भारतीय नागरिकों की रिहाई का स्वागत किया है। एक वक्तव्य में विदेश मंत्रालय ने बताया कि इन आठ लोगों में से सात भारत लौट आए हैं। मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों की रिहाई और उन्हें स्वदेश भेजने के लिए कतर के अमीर के फैसले की सराहना की है।

भारतीय नौसेना के पूर्व सैनिकों को कतर में मौत की सजा सुनाई गई थी। उन्हें आज रिहा कर दिया गया। भारत की ओर से कूटनीतिक हस्तक्षेप के बाद इन लोगों के मृत्युदंड को लंबी कैद में बदल दिया गया था। ये लोग जासूसी के आरोप में अक्टूबर 2022 से कतर की जेल में थे।

रिहाई के बाद सात पूर्व नौसेना अधिकारियों ने आज सवेरे दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भारत माता की जय के नारे लगाए। हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में इन लोगों ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के साथ उनकी सजा का मुद्दा उठाने और उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की। इन लोगों ने बताया कि वे लगभग 18 महीने से घर आकर भारत में अपने प्रियजनों से मिलने का इंतजार कर रहे थे।

मालदीव की संसद में सत्तारूढ़ और विपक्षी सांसदों के बीच हुई झड़प

full50310.jpg

मालदीव की संसद में रविवार को चीन समर्थक राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के मंत्रिमंडल में चार सदस्यों को मंजूरी देने पर हुए मतभेद को लेकर सरकार समर्थक सांसदों और विपक्षी सांसदों के बीच झड़प हो गई।

स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, मुख्य विपक्षी दल ‘मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी’ ने कैबिनेट पर मतदान से पहले राष्ट्रपति मुइज्जू के मंत्रिमंडल के चार सदस्यों की संसदीय मंजूरी रोकने का फैसला किया। इसके बाद सरकार समर्थक सांसदों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे संसदीय बैठक की कार्यवाही बाधित हो गई।

स्थानीय समाचार आउटलेट ने कहा कि राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के मंत्रिमंडल के चार सदस्यों की मंजूरी रोक दी गई है। इससे सोलिह के सांसद भड़क गए और उनमें मार-पीट शुरू हो गई। एक वायरल वीडियो में सांसद एक दूसरे को जमीन पर पटकते और लात-घूंसा चलाते देखे जा रहे हैं।

scroll to top