लोजपा युवा नेता डॉ. विभय कुमार झा ने विभागीय सचिव कपिल अशोक शीर्षत से की मुलाकात

unnamed-1-1.jpg

दरभंगा । डेयरी, मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभाग के सचिव श्री कपिल अशोक शीर्षत से लोक जनशक्ति पार्टी के युवा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता डॉ. विभय कुमार झा ने पटना स्थित विकास भवन में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मिथिला क्षेत्र के समग्र विकास, विशेषकर मत्स्य पालन क्षेत्र में संभावनाओं और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान डॉ. विभय कुमार झा ने मिथिला क्षेत्र में मत्स्य पालन के तेजी से बढ़ते अवसरों पर चर्चा करते हुए भरोसा जताया कि सचिव श्री कपिल अशोक शीर्षत के कार्यकाल में यह क्षेत्र मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में नया मानक स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक प्रतिबद्धता के बल पर मिथिला को मत्स्य पालन के एक सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।

एक सवाल के जवाब में डॉ. विभय कुमार झा ने कहा कि बिहार राज्य रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक एवं 2011 बैच के आईएएस अधिकारी श्री कपिल अशोक शीर्षत से उनका वर्षों पुराना आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि श्री शीर्षत हमेशा समाज और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहे हैं। डॉ. झा ने बताया कि उनके गृह जिले में जिलाधिकारी के रूप में श्री कपिल अशोक शीर्षत ने उल्लेखनीय कार्य किए थे। विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ-साथ उन्होंने मिथिला की समृद्ध कला-संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को भी प्राथमिकता दी थी, जिसकी चर्चा आज भी क्षेत्र में होती है।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मूल निवासी बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी श्री कपिल अशोक शीर्षत मधुबनी के अलावा मोतिहारी और पटना के जिलाधिकारी के रूप में भी अपनी प्रशासनिक दक्षता का परिचय दे चुके हैं। हर स्थान पर उनकी शालीनता, व्यवहार-कुशलता और संवेदनशील प्रशासनिक शैली की सराहना होती रही है। डॉ. झा ने विश्वास व्यक्त किया कि डेयरी, मत्स्य पालन एवं पशुपालन विभाग में उनके नेतृत्व में बिहार, खासकर मिथिला क्षेत्र, विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top