नई दिल्ली: रूसी नाट्य कला संस्थान (गिटिस) द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय छात्र महोत्सव “गिटिस फेस्ट” में भाग लेने हेतु राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) को आधिकारिक आमंत्रण प्राप्त हुआ। यह महोत्सव मॉस्को में 23 से 30 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित किया गया।
इस आमंत्रण के उपरांत, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का एक दल 25 से 30 अप्रैल 2026 तक आयोजित “अंतरराष्ट्रीय छात्र महोत्सव (स्नातक प्रस्तुतियाँ)” में भाग लेने के लिए मॉस्को गया। यह यात्रा एनएसडी के त्रिवर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही, जिसके अंतर्गत छात्रों को विभिन्न देशों के प्रमुख नाट्य संस्थानों द्वारा प्रस्तुत अंतरराष्ट्रीय नाट्य प्रस्तुतियों को देखने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस दौरान छात्रों ने प्रोफेसर अन्ना द्वारा आयोजित विशेष प्रशिक्षण सत्र (मास्टर क्लास) में भाग लिया तथा कोसेन्को विक्टोरिया के निर्देशन में स्वर प्रशिक्षण सत्र में भी सहभागिता की।
महोत्सव में एनएसडी के छात्रों ने अपनी हालिया प्रस्तुतियाँ “कर्मांकुश”, जिसका निर्देशन सुमन साहा ने किया है, तथा “उत्तर रामचरितम्”, जिसका निर्देशन सुरेश अनागेल्ली द्वारा किया गया है, का मंचन कर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यशराज जाधव, एसोसिएट प्रोफेसर (अभिनय), तथा पराग शर्मा, प्रोडक्शन मैनेजर, एनएसडी ने किया।
यह अंतरराष्ट्रीय सहभागिता न केवल छात्रों के लिए एक समृद्ध शैक्षणिक अनुभव सिद्ध हुई, बल्कि भारतीय रंगमंच की वैश्विक स्तर पर सशक्त उपस्थिति को भी रेखांकित करती है।



