लोकेंद्रसिंह क़िलाणौत
दिल्ली । भाजपा के नौजवानों को मेरी तो सीधी सट्ट सलाह है कि अगर ख़ुद को राजनीतिक तौर पर ख़त्म करना है तो आप ABVP के रास्ते से पॉलिटिक्स में आइए और फ़ेलियर लोगों के उसी डंपिंग यार्ड में शामिल हो जाइए जो ABVP के नाम पर भाजपा में बना हुआ है।
सुनील बंसल ख़ुद उसी डंपिंग यार्ड के ओल्ड एलिमेंट हैं इस बहाने उनकी ABVP का पिठ्ठू लादने वालों से सहानुभूति है। और उस सहानुभूति के कारण वे ऐसा शिष्टाचार निभा देते हैं कि इन बेचारों के साथ ही सबसे बड़ा अन्याय हुआ है। इसलिए साथ उठ बैठ लेते हैं, खाना खा लेते हैं, कुछ देर गुफ्तगू कर लेते हैं।
बीते बीस साल में एक अपवाद बता दीजिए तो मैं मान जाऊँ कि ABVP ने राजस्थान में कोई ढंग का लीडर दिया हो। कोई मास लीडर ABVP से तैयार हो गया हो या कोई ABVP के सहारे बड़े ओहदे पर पहुँच गया हो ? इसलिए नहीं कि ABVP में अच्छे और मेहनती युवा नहीं थे बल्कि ये फ़ेलियर डंपिंग यार्ड इसलिए बना कि ABVP वालों को कभी एक्सपोजर देने की कोशिशें ही नहीं हुई। अगर मेरी जानकारी सही है तो निकट इतिहास में अशोक लाहोटी एकमात्र ऐसे ABVP के प्रोडक्ट रहे हैं जो चुनाव लड़कर विधायक बने हैं। उसके बाद की पूरी ABVP खत्म है। इन लड़कों को अवसर ही नहीं दिया और मिला भी तो छीन लिया गया। अशोक लाहोटी के साथ क्या हुआ और उन्हें कैसे निपटाया गया ये बताने की जरूरत तो नहीं हैं।
मनीष यादव यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष ABVP से बने लेकिन पॉलिटिक्स में एक्सपोजर उन्हें कांग्रेस में मिला। विकास चौधरी ABVP के प्रोडक्ट थे लेकिन एक्सपोजर कांग्रेस में मिला। अब बात ये है कि अपनी यंग एनर्जी और एसेट्स के साथ बीजेपी ने क्या किया ? तो उसी का उदाहरण है जो अब बीजेपी में फेलियर यूथ लीडरशिप की एक पूरी लेयर बन गई है। मैं नाम के साथ गिना सकता हूँ।
जोधपुर यूनिवर्सिटी से आनंद सिंह राठौड़ एक वक़्त बड़े छात्र नेता थे। लेकिन उन्हें आजतक चांस नहीं मिला। आनंद सिंह से पहले और उसके बाद के सब ABVP के लीडर ग़ायब हैं। सक्सेस रविन्द्र सिंह भाटी को मिली क्योंकि उन्होंने ABVP छोड़ दी।
जयपुर यूनिवर्सिटी में अशोक लाहोटी के बाद की पूरी ABVP की लीडरशिप ग़ायब है। आजतक किसी को चांस नहीं मिला। अब जाकर शंकर गोरा युवा मोर्चा के अध्यक्ष बना दिए गए हैं। लेकिन शंकर गोरा के समकालीन ABVP के नेता कहाँ हैं ? कानाराम जाट, राजेश मीना, महेन्द्र शेखावत, बुलबुल पाठक, अखिलेश पारीक, संजय माचेड़ी, राजकुमार बिवाल, अमित शर्मा और भी दर्जनों नाम गिन लीजिए जिनके भीतर खूब पोटेंशियल था। लेकिन नौजवानों का ये बेड़ा कहाँ है और इन्हें क्या फ़्रंट मिला ये एक गहरा सवाल है ?
इसके उलट NSUI ने अपनी यंग ब्रिगेड को हर बार चांस दिया। उसी का कमाल देखिए कि राजस्थान कांग्रेस ने एक मजबूत यूथ ब्रिगेड खड़ी कर ली है। मुकेश भाखर, अनिल चोपड़ा, अभिषेक चौधरी, विनोद जाखड़, अभिमन्यु पूनिया, शिवप्रकाश गुर्जर, रामनिवास गावडिया से लेकर कितने ही नाम गिनिये सबको टिकिट मिला और एक अच्छा फ़्रंट तैयार करके इन्हें कांग्रेस ने दिया है।
बीते बीस साल की भाजपा में एक बात ठीक से समझ आ जाती है कि ABVP भाजपा को एक तरह से सस्ता मेन पावर प्रोवाइडर एजेंसी की तरह काम कर रही है। जो लड़कों को भर्ती करके डम्पिंग यार्ड में भेज देती है। वरना तो दो नाम गिनवा दीजिए जिन्हें बीते चुनाव में ABVP की प्रोफाइल की वजह से विधायक/सांसद का टिकिट मिल गया हो या कोई मास लीडर बन गया है।
इन मेहनती लड़कों को मेहनत के बदले सिर्फ एक गीत मिला है – “चरेवेती चरेवेती यही तो मंत्र है अपना” जिसे बेचारे मोबाइल की रिंग टोन बनाकर उकताए हुए घूम रहे हैं।
सुनील बंसल नेक आदमी हैं जो ABVP वाले नौजवानों का दर्द समझकर उन्हें सम्मान दे देते हैं। क्योकि सुनील जी ख़ुद जिंदगीभर संगठन,प्रभार वाली पॉलिटिक्स की भूलभुलैया से बाहर नहीं निकल पाए और एक अदद मौके की तलाश में ज़िन्दगी जाया कर दी।



