अफगानिस्तान को विजय किया : कोहिनूर हीरा जगन्नाथ मंदिर को दान करना चाहते थे

images-11.jpeg
रमेश शर्मा

भोपाल । महाराजा रणजीतसिंह ऐसे वीर सम्राट थे जिन्होंने अफगानिस्तान को विजय कर भगवाध्वज फहराया और इतिहास प्रसिद्ध हमलावर अहमद शाह अब्दाली के वंशजों से सुप्रसिद्ध हीरा “कोहिनूर” वापस लाये।

ऐसे पराक्रमी, दूरदर्शी और अपना संपूर्ण जीवन भारत राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा के लिये समर्पित करने वाले महाराजा रणजीतसिंह का जन्म 13 नवम्बर 1780 को गुजराँवाला में हुआ था। अब यह क्षेत्र पाकिस्तान में है।
वे अपने शौर्य, पराक्रम, सूझबूझ और रणनीति केलिये इतिहास में प्रसिद्ध हैं। वे सिक्ख साम्राज्य के संस्थापक थे। उनका पूरा जीवन भारत राष्ट्र और सनातन संस्कृति की रक्षा केलिये समर्पित रहा। उनके राज्य की सीमाएँ अटक, पेशावर, काबुल और जमरूद तक फैली थीं। उन्होंने अपने शासन काल में इन सभी क्षेत्रों को सनातन परंपराओं से पुनर्प्रतिठित किया। उनके पिता सरदार महासिंह भी यौद्धा रहे हैं। उनके मन में गुरु गोविंद सिंह का संकल्प और गुरु तेगबहादुर के बलिदान सदैव स्मरण रहता था। यही संस्कार महाराजा रणजीत सिंह को बचपन से मिले। उन दिनों पंजाब और कश्मीर के अधिकांश क्षेत्र पर अफ़ग़ानों का राज था। कही कहीं सिक्ख सूबेदार भी थे और कहीं उनकी छोटी छोटी रियासतें थीं। महाराजा रणजीत के पिता महा सिंह सुकरचकिया मिसल के कमांडर थे। पश्चिमी पंजाब स्थित इस क्षेत्र का मुख्यालय गुजरांवाला था। बचपन में उन्हें चेचक निकली और एक आंख की रोशनी चली गयी थी। पिता का साया अधिक न मिल सका।
रणजीतसिंह अभी 12 वर्ष के ही थे, कि पिता का निधन हो गया। उनकी देखभाल माता महोतर कौर ने की। माता के संरक्षण और पिता के सहयोगियों के बीच उन्होंने होश संभाला। युद्ध कला सीखी। उन दिनों पूरे पंजाब के सामाजिक जीवन में एक विशेष का तनाव था। मुगल सल्तनत भले अंतिम श्वाँस गिन रही थी लेकिन उनके पालित कट्टरपंथी समूह सनातन को समाज के मतांतरण करने का अभियान चलाये हुये थे। वहीं अंग्रेज अपने पैर जमाने केलिये प्रतिदिन कोई नयी कूटनीतिक चाल चल रहे थे। इस पूरे वातावरण के बीच रणजीत सिंह ने होश संभाला और युद्ध के मैदान में आ डटे। 1799 में उन्होंने लाहौर पर अपना झंडा फहरा दिया। इसे खालसा राज्य घोषित करके अपनी राजधानी बनाया। 1801 में विधिवत राज्याभिषेक हुआ। इसके बाद अमृतसर की ओर कदम बढ़ाये।1805 में अमृतसर पर उनका अधिकार हो गया। उनकी वीरता और नीति निर्णयों से संपूर्ण सनातन समाज प्रभावित हुआ। और न केवल सिक्ख अपितु सभी सनातन यौद्धा उनकी कमान में एकत्र हो गये। इससे उनकी सैन्य शक्ति बढ़ी और उन्होंने कसूर, जम्मू, मुल्तान, काँगड़ा, शिमला सहित कश्मीर पर भी अपना झंडा फहरा दिया। उन्हें जम्मू के डोगरा शासक गुलाब सिंह का भी भरपूर सहयोग मिला। उनके सेनानायक जोरावर सिंह के सहयोग से लद्दाख पर भी अधिकार हो गया। राज्य की सीमाओं का विस्तार हुआ। उन्होंने साम्राज्य के प्रत्येक प्रमुख स्थान पर किलेदार नियुक्त किये। इससे उनकी प्रशासनिक सुव्यवस्था सुदृढ हुई और संपूर्ण सनातन समाज का मनोबल बढ़ा।
महाराजा रणजीत सिंह जानते थे कि अस्तित्व की रक्षा केलिये समृद्धि और राज्य विस्तार के साथ शौर्य एवं शक्ति भी आवश्यक है। उन्होंने अपने साम्राज्य की सुरक्षा केलिये विशाल सैन्य शक्ति तैयार की। इसमें 92,000 पैदल, 31,000 घुड़सवार, 384 भारी और 400 हल्की तोपें थीं। उनकी दूरदर्शी रणनीति के चलते ही भारत की पश्चिमी सीमा पर सैकड़ों वर्ष से हो रहे आक्रमणों पर रोक लगी। महाराजा की इस शक्ति को देखकर अंग्रेज भी हत्प्रभ हुये। उन्होंने कूटनीति से काम लिया और महाराजा के सामने मित्रता संधि का प्रस्ताव रखा। इसे महाराजा ने स्वीकार कर लिया और 1809 में अंग्रेजों से मित्रता सन्धि हुई। इसके अंतर्गत अंग्रेजों ने महाराजा की राज्य सीमा स्वीकारी और ब्रिटिश सेना की सीमा सतलुज नदी के पश्चिमी तट सुनिश्चित किया। इस संधि के बाद महाराजा रणजीत सिंह ने अपनी सेनाके आधुनिकीकरण केलिये यूरोपीय सैन्य अधिकारी बापिस्ते वेंचूरा को पैदल तथा जीन फ्रान्सिस अलार्ड को घुड़सवार सेना के प्रशिक्षण के लिए नियुक्त किया। बन्दूकों के निर्माण के लिए क्लाड आगरस्ट तथा बारूद और अन्य युद्धोपकरणों के लिए हंगरी के होनाइजर की सेवाएँ ली। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के सपनों को पूरा करते हुये अपने राज्य को खालसा पंथ के अनुरूप घोषित किया जिसके अंतर्गत संपूर्ण सनातन समाज सुरक्षित रह सके और अपनी साँस्कृतिक विरासत को सहेज सके। उनके शौर्य शक्ति और सांस्कृतिक संरक्षण की चर्चा पूरे भारत में हुई और वे एक आदर्श शासक के रूप में लोकप्रिय हुये। महाराजा रणजीत सिंह को अफगानिस्तान विजय से जो सोना उन्हें मिला था, उसका आधा स्वर्ण मन्दिर अमृतसर को और आधा काशी विश्वनाथ मन्दिर को दिया। उन्होंने इस युद्ध में हमलावर अहमद शाह अब्दाली के वंशजों से कोहिनूर हीरा प्राप्त किया। महाराजा इस हीरे को पुरी के जगन्नाथ मन्दिर को भेंट करना चाहते थे। लेकिन कोषाध्यक्ष बेलीराम की कुनीति के कारण उनकी यह इच्छा पूरी न हो सकी। आगे चलकर अंग्रेजों ने इसे हड़प लिया और लंदन भेज दिया। उन्होंने लगभग अड़तीस वर्ष तक शासन किया। उनके राज्य में सभी वर्गों की उन्नति हुई और सनातन समाज का आत्मविश्वास लौटा। ऐसे महानायक का निधन 27 जून 1839 को हुआ। उनकी समाधि लाहौर में बनी है। उनके निधन के बाद आंतरिक सत्ता संघर्ष आरंभ हुआ और मात्र नौ वर्ष में भी सिक्ख साम्राज्य बिखर गया।

Share this post

रमेश शर्मा

रमेश शर्मा

श्री शर्मा का पत्रकारिता अनुभव लगभग 52 वर्षों का है। प्रिंट और इलेक्ट्रानिक दोनों माध्यमों में उन्होंने काम किया है। दैनिक जागरण भोपाल, राष्ट्रीय सहारा दिल्ली सहारा न्यूज चैनल एवं वाँच न्यूज मध्यप्रदेश छत्तीसगढ प्रभारी रहे। वर्तमान में समाचार पत्रों में नियमित लेखन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top