– डॉ. मयंक चतुर्वेदी
जम्मू । श्रीनगर में वक्फ बोर्ड के एक सरकारी समारोह में ‘वंदे मातरम्’ बजा। उपस्थित इमामों और उलेमाओं में से कुछ सम्मान प्रकट करने के लिए खड़े हुए। इसके बाद जब इस घटना के वीडियो सामने आए तो कुछ मजहबी प्रमुखों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और तौबा करने के साथ कलमा पढ़कर अपने ईमान की पुष्टि करने की बात कही। यह घटनाक्रम अपने आप में कई सवाल खड़े करता है। आखिर हुआ क्या था? उन्होंने किसी की धार्मिक उपासना की थी या अपने देश के राष्ट्रीय गीत के सम्मान में खड़े हुए थे? क्या अपनी जन्मभूमि के प्रति सम्मान प्रकट करना भी अब ईमान के लिए खतरा बन गया है?
जरा उन लोगों से पूछिए, जिन्होंने इन मजहब परस्त (धर्मगुरुओं) को अपने इस आचरण के लिए माफी मांगने पर विवश किया, क्या भारत उनकी मातृभूमि नहीं है? क्या वे इस देश की मिट्टी में जन्मे नहीं हैं? क्या इसी देश का अन्न खाकर उनका शरीर नहीं बना? क्या इसी देश की हवा में सांस लेकर उनका जीवन आगे नहीं बढ़ा? और सबसे बड़ा प्रश्न तो यह उपजता है कि क्या मृत्यु के बाद उनका शरीर भी इसी धरती में नहीं मिल जाएगा? फिर इतना जानने-समझने के बाद भी इस मातृभूमि के सम्मान में खड़े होने पर इतना धार्मिक संकट क्यों? वास्तव में यह उस मानसिकता पर सवाल है जो कथित इस्लाम की संकीर्ण व्याख्या के सहारे राष्ट्रीय सम्मान और मजहबी आस्था को आमने-सामने खड़ा करने का प्रयास करती है।
मातृभूमि का सम्मान क्या ईश्वर की इबादत है?
‘वंदे मातरम्’ को लेकर आपत्ति करने वालों को सबसे पहले इसके भाव और संदर्भ को समझना चाहिए। बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की इस कालजयी रचना के शुरुआती दो छंदों में मातृभूमि की प्राकृतिक सुंदरता, उसके जल, फल, हरियाली और शीतल हवाओं का वर्णन है। यह उस धरती के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का भाव है, जिसने मनुष्य को जीवन दिया है। यहां एक सीधा सवाल है, क्या किसी देश की धरती को माता कहना और उसके प्रति सम्मान प्रकट करना अनिवार्य रूप से उसकी पूजा करना है? क्या अपनी जन्मभूमि को प्रणाम करना और ईश्वर की इबादत करना एक ही बात है? क्या किसी राष्ट्रीय गीत के सम्मान में खड़े होने का अर्थ यह है कि व्यक्ति ने अपनी धार्मिक मान्यता बदल ली?
निश्चित रूप से नहीं। किसी व्यक्ति को उसकी धार्मिक मान्यताओं के विपरीत कोई गीत गाने के लिए बाध्य नहीं किया जाना चाहिए। यह उसकी स्वतंत्रता है। मगर किसी व्यक्ति का राष्ट्रीय गीत के सम्मान में खड़ा होना और उसके लिए बाद में उसे तौबा करने पर विवश किया जाना दो अलग-अलग विषय हैं। धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान होना चाहिए, पर उसके नाम पर मातृभूमि के प्रति सम्मान जताने वालों को अपराधबोध से भरना कहां तक उचित है?
वतन से मोहब्बत इस्लाम के विरुद्ध कैसे है?
इस्लाम की चर्चा करने वाले धर्मगुरुओं को यह भी याद रखना चाहिए कि मातृभूमि से प्रेम की भावना इस्लामी परंपरा से अपरिचित नहीं है। ‘हुब्बुल वतन’ अर्थात वतन से प्रेम की अवधारणा मुस्लिम समाज में लंबे समय से प्रचलित है। ‘हुब्बुल वतन मिनल ईमान’ को पैगंबर मोहम्मद की प्रमाणित हदीस भले ही न हो, किंतु इसे एक प्रसिद्ध सूक्ति माना जाता है। इसके बावजूद मातृभूमि के प्रति प्रेम और कृतज्ञता का भाव एक मानवीय नैतिक मूल्य है।
पैगंबर मोहम्मद के मक्का से मदीना हिजरत करने के प्रसंग में अपनी जन्मभूमि मक्का के प्रति उनके लगाव का उल्लेख मिलता है। फिर भारत में जन्म लेने वाले मुसलमानों को अपनी जन्मभूमि से प्रेम करने और उसके सम्मान में खड़े होने में कैसी परेशानी होनी चाहिए? क्या भारत उनके लिए अपना देश नहीं है? क्या इस देश की सुरक्षा, समृद्धि और प्रतिष्ठा में उनका कोई दायित्व नहीं है? क्या उनकी संतानों का भविष्य इसी देश से नहीं जुड़ा है?
इस्लाम के नाम पर मातृभूमि के सम्मान को संदेह के घेरे में खड़ा करने वालों को भारत के स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास भी पढ़ना चाहिए। अशफाक उल्ला खान जैसे क्रांतिकारियों ने भारत की आजादी के लिए फांसी का फंदा चूमा। उनके लिए देश की स्वतंत्रता किसी धार्मिक पहचान से अधिक मातृभूमि के स्वाभिमान का प्रश्न थी। अनेक मुस्लिम स्वतंत्रता सेनानियों ने राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित किया। क्या आज उनकी विरासत को भूलकर इस्लामिक मजहबी संकीर्णता को बढ़ावा देना उचित है?
इस श्रीनगर की घटना का सबसे विचारणीय पक्ष यही है कि कुछ मजहबी उलैमा, मौलवी पहले राष्ट्रीय गीत के सम्मान में खड़े हुए और उसके बाद सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा तौबा करने लगे। मौलाना फारूक सहित कुछ उलेमाओं ने तो वीडियो संदेश में अपनी कार्रवाई पर प्रायश्चित की बात कही और कलमा पढ़ने का उल्लेख किया। दूसरी ओर, मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा ने वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में गीत बजाए जाने पर आपत्ति जताई और इसे तौहीद के सिद्धांत से जोड़कर देखा।
क्या इन मजहबी मौलवीयों को यह नहीं समझना चाहिए कि उनकी कही गई बात का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। यदि वे अपनी इस्लामिक व्याख्या के माध्यम से लोगों में यह धारणा पैदा करेंगे कि राष्ट्रीय गीत के सम्मान में खड़ा होना भी गुनाह है, तो इससे धार्मिक समुदाय और राष्ट्रीय समाज के बीच अनावश्यक दूरी बढ़ेगी। यह सच है कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अनुच्छेद 25 के अंतर्गत अंतःकरण की स्वतंत्रता और धर्म के पालन का अधिकार देता है। किसी को भी उसकी धार्मिक मान्यताओं के विरुद्ध कोई गीत गाने के लिए विवश नहीं किया जाना चाहिए। सर्वोच्च न्यायालय ने भी बिजोए इमैनुएल बनाम केरल राज्य (1986) के मामले में धार्मिक स्वतंत्रता और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के बीच संतुलन को रेखांकित किया था।
मगर धार्मिक स्वतंत्रता का अर्थ यह भी नहीं है कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर समाज में वैमनस्य पैदा किया जाए। देश के प्रति सम्मान, संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रीय एकता की भावना नागरिक जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। किसी गीत को गाने और राष्ट्रगीत के सम्मान में खड़े होने के बीच अंतर है। बेशक, मातृभूमि के सम्मान का प्रश्न किसी समुदाय को निशाना बनाने का माध्यम नहीं बनना चाहिए, किंतु मजहबी संवेदनशीलता की आड़ में देश के प्रति सम्मान जताने वालों को कटघरे में खड़ा करना भी स्वीकार्य नहीं किया जा सकता है।
आखिर मातृभूमि से इतनी दूरी क्यों?
यह भारत है। यहां मंदिरों में आरती होती है, मस्जिदों में अजान गूंजती है, गुरुद्वारों में गुरुवाणी का पाठ होता है और ईसाई घरों में प्रार्थनाएं होती हैं। अलग-अलग धर्म, मत, पंथ, संप्रदायों और परंपराओं के बावजूद सभी की मातृभूमि एक है। यहां रहने वाले प्रत्येक नागरिक का सुख-दुख, सुरक्षा और भविष्य इस देश से जुड़ा है। फिर ऐसी धार्मिक व्याख्याओं को प्रोत्साहन क्यों दिया जाए, जो लोगों को अपनी राष्ट्रीय पहचान के प्रति असहज बनाती हैं? ऐसे में भारत के मुसलमानों को यह समझना होगा कि भारत उनकी मातृभूमि है। इस देश के प्रति प्रेम और सम्मान किसी दूसरे देश या धर्म के प्रति घृणा का विषय नहीं है। यह अपने घर, अपनी जमीन और अपने समाज के प्रति स्वाभाविक कृतज्ञता है।
और अंत में एक बात उन लोगों से जरूर पूछी जानी चाहिए, जो ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान में खड़े होने वाले धर्मगुरुओं को तौबा करने की सलाह देते हैं। क्या वे अपने अनुयायियों को यह भी बताएंगे कि जिस जमीन पर वे रहते हैं, जिस मिट्टी का अन्न खाते हैं और जिस देश की सुरक्षा में लगे सैनिकों के कारण चैन से सोते हैं, उसके प्रति उनका कोई दायित्व नहीं है? क्या मातृभूमि का सम्मान करने के लिए भी उन्हें किसी मजहबी प्रमाणपत्र की आवश्यकता होगी?
मृत्यु के बाद न कोई मौलवी होगा, न ही कोई राजनीतिक पदाधिकारी। अंततः शरीर इसी मिट्टी में मिलना है। फिर इसी मिट्टी के सम्मान में खड़े होने से परहेज कैसा? अत: यह समझें कि धर्म व्यक्ति की आस्था है, मातृभूमि उसके अस्तित्व की आधारभूमि। धर्म का सम्मान कीजिए, अपनी इबादत और उपासना कीजिए, मगर मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता को धार्मिक विवाद का विषय मत बनाइए। जो धरती जन्म देती है, पालन-पोषण करती है और जीवन के बाद अपने भीतर समेट लेती है, उसके प्रति सम्मान जताना किसी धर्म का अपमान कैसे हो सकता है?
याद रखिए, मातृभूमि का सम्मान किसी मजहब के खिलाफ विरोध दर्शाना या उसके विरोधी हो जाना बिल्कुल नहीं है। यह तो अपने अस्तित्व के प्रति स्वीकारोक्ति है। जो अपनी जन्मभूमि के प्रति कृतज्ञ नहीं हो सकता, उसे कम से कम देश भक्त तो नहीं ही माना जा सकता है। ऐसे व्यक्ति को देशभक्ति पर सवाल उठाने, संविधान और उससे प्रदत्त होनेवाले अधिकारों का हवाला देने का भी अधिकार नहीं होना चाहिए। वास्तव में तो ‘वंदे मातरम्’ का भाव एक लोकतांत्रिक समाज में प्रत्येक नागरिक को कृतज्ञता के भावों से भर देने का उद्घोष है।



