~ विजेता लेखक को 12 दिसंबर 2026 को बंगलौर लिट्रेचर फ़ेस्टिवल में अधिकृत रूप से 15 लाख रुपये का नक़द पुरस्कार, ट्रॉफ़ी और एक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा
दिल्ली: न्यू इंडिया फ़ाउंडेशन (एनआईएफ़) ने आज सैम डैलरिम्पल को हार्पर कॉलिन्स फ़ोर्थ एस्टेट द्वारा प्रकाशित उनकी पुस्तक शैटर्ड लैंड्स: फ़ाइव पार्टीशंस एंड द मेकिंग ऑफ़ मॉडर्न एशिया के लिए कमलादेवी चट्टोपाध्याय (केसीबीपी) एनआईएफ़ बुक प्राइज़ का विजेता घोषित किया है। मि. डैलरिम्पल को यह पुरस्कार 12 दिसंबर, 2026 को बंगलौर लिट्रेचर फ़ेस्टिवल के 15वें संस्करण के आधिकारिक समारोह में प्रदान किया जाएगा, और इसमें नक़द पुरस्कार के साथ ही एक ट्रॉफ़ी और एक प्रशस्ति पत्र शामिल होंगे। कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ़ बुक प्राइज़ आधुनिक भारत पर उत्कृष्ट कथेतर लेखन को सम्मानित करता है और मि. डैलरिम्पल की पुस्तक यह दर्शाती है कि ब्रिटिश भारत के पांच विभाजनों ने आधुनिक दक्षिण एशिया की सीमाओं, राजनीतियों और पहचानों को किस तरह आकार दिया।
2026 की केसीबीपी लघु सूची का चयन एक प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल ने किया था, जिसमें टाटा संस और टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, पॉलिटिकल साइंटिस्ट और केसीबीपी एनआईएफ़ जूरी की अध्यक्ष नीरजा गोपाल जयाल, ट्राइलीगल के पार्टनर राहुल माथन, विज्ञान-इतिहासकार जाह्नवी फालके, इतिहासकार श्रीनाथ राघवन, भारत की पूर्व विदेश सचिव निरुपमा राव और उद्यमी मनीष सभरवाल शामिल थे।
कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ़ बुक प्राइज़ 2026 के जूरी प्रशस्ति-पत्र के अनुसार:
“जूरी ‘शैटर्ड लैंड्स’को भारतीय उपमहाद्वीप को आकार देने वाली ऐतिहासिक और राजनीतिक शक्तियों की ज्ञानवर्धक पड़ताल के लिए सराहती है। सैम डैलरिम्पल ने अपनी गहन रिसर्च और कहानी सुनाने की दमदार शैली के ज़रिए एक ऐसे इलाक़े के इतिहास को जीवंत किया है जो सरहदों से बंटा है लेकिन साझा इतिहास से जुड़ा हुआ है। इतिहास की यह महत्वाकांक्षी और असरदार किताब बंटवारे और उसके गहरे प्रभावों को नया नज़रिया प्रदान करती है।”
चार अन्य उत्कृष्ट किताबों के साथ शॉर्टलिस्ट की गई शैटर्ड लैंड्स को ब्रिटिश भारत के कम चर्चित बंटवारों को सामने लाने के लिए सराहा गया है। जहां बंटवारे की ज़्यादातर कहानियां 1947 में ही शुरू और ख़त्म हो जाती हैं, वहीं मि. डैलरिम्पल ने साम्राज्य के अंत की कहानी बर्मा से लेकर अदन तक पांच विघटनों में सुनाई है।
शॉर्टलिस्ट में शामिल किताबें:
● ए मैन फ़ॉर ऑल सीज़ंस: द लाइफ़ ऑफ़ के.एम. पणिक्कर; लेखक: नारायणी बसु
● शैटर्ड लैंड्स: फ़ाइव पार्टीशंस एंड द मेकिंग ऑफ़ मॉडर्न एशिया; लेखक: सैम डैलरिम्पल
● असेम्बलिंग इंडिया’ज़ कॉन्स्टीट्यूशन: ए न्यू डेमोक्रेटिक हिस्ट्री; लेखक: रोहित डे एवं ऑर्नित शानी
● द सीक्रेट मास्टर: अरुण काशलकर एंड ए जर्नी टू द ऐज ऑफ़ म्यूज़िक; लेखक: सुमना रामानन
● ए सिक्स्थ ऑफ़ ह्यूमैनिटी: इंडिपेंडेंट इंडिया’ज़ डेवलपमेंट ऑडिसी; लेखक: अरविंद सुब्रमण्यम एवं देवेश कपूर
न्यू इंडिया फ़ाउंडेशन के बारे में:
एनआईएफ़ तीन मुख्य प्रोग्राम आयोजित करता है: एनआईएफ़ बुक फ़ेलोशिप, अनुवाद फ़ेलोशिप, और कमलादेवी चट्टोपाध्याय एनआईएफ़ बुक प्राइज़। एनआईएफ़ अशोका सेंटर फ़ॉर ट्रांसलेशन के साथ भाषावाद नामक वार्षिक अनुवाद संगोष्ठी भी आयोजित करता है, जिसने भारत में हुए अनुवादों का एक अनूठा और सर्च करने योग्य डेटाबेस (bhashavaad.in) भी तैयार किया है, जिसमें अब 30,000 से ज़्यादा प्रविष्टियां हैं और यह संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है।
पिछले दो दशकों में एनआईएफ़ बुक फ़ेलोशिप ने 1947 के बाद के भारत के विभिन्न पहलुओं—राजनीतिक जीवनियों और सांस्कृतिक इतिहास से लेकर संस्मरण तक—पर आधारित लगभग 40 उच्च-स्तरीय कथेतर किताबों को सहयोग प्रदान किया है; ये किताबें समकालीन भारत की एक विशिष्ट व्याख्या प्रस्तुत करती हैं।
न्यू इंडिया फ़ाउंडेशन का मार्गदर्शन एक सम्मानित गवर्निंग बोर्ड करता है, जिसमें पॉलिटिकल साइंटिस्ट नीरजा गोपाल जयाल, इतिहासकार श्रीनाथ राघवन, ट्राइलीगल के पार्टनर राहुल माथन, उद्यमी मनीष सभरवाल और नंदन नीलेकणि (मानद गवर्निंग बोर्ड सदस्य) शामिल हैं।



