स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे जी जब जीवित थे, तब उनके साथ मेरा इतना आत्मीय संबंध था कि उनके रसोईघर तक मेरा सहज प्रवेश था। समय बदला, दौर बदले, राजनीति के तौर-तरीके बदले, लेकिन भाजपा के संगठन मंत्रियों और अनेक नेतृत्वकर्ताओं की ध्येयनिष्ठा, तपस्या और समर्पण का भाव आज भी मुझे गहरे प्रभावित करता है।
इनका जीवन एक विशेष प्रकार की साधना का उदाहरण है। स्वयं को पीछे रखकर ध्येय को सर्वोपरि मानना, संगठन के लिए अपना सर्वस्व लगा देना और अपने बजाय दूसरों को आगे बढ़ाना उनकी सहज कार्यशैली का हिस्सा है। इनमें से अनेक लोग स्वयं शीर्ष नेतृत्व तक पहुँचने की क्षमता रखते हैं, लेकिन वे कार्यकर्ताओं को गढ़ने, उनमें नेतृत्व के गुण विकसित करने और उन्हें आगे बढ़ाकर स्वयं पीछे हो जाने में ही अपने जीवन की सार्थकता देखते हैं। पद से अधिक ध्येय और स्वयं से अधिक संगठन को महत्त्व देने की यह वृत्ति सचमुच अनुकरणीय है।

इस दीपावली पर अनेक आत्मीय और प्रेरक व्यक्तित्वों से मिलने का अवसर मिला। इसी क्रम में श्रीमान नागेन्द्र नाथ जी, राष्ट्रीय संगठक, भारतीय जनता पार्टी से भी भेंट हुई। उनका स्नेह, आत्मीयता और आशीर्वाद मन को भीतर तक अभिभूत कर देता है। उनसे मिलकर एक विशेष प्रकार की ऊर्जा और अपनत्व का अनुभव होता है।
उनकी अनेक विशिष्टताओं में एक बात मुझे विशेष रूप से प्रभावित करती है। अत्यंत व्यस्त दिनचर्या के बावजूद वे पढ़ने के लिए समय निकाल पाते हैं। मेरे अनेक लेखों के विषय उनके ध्यान में थे। वे न केवल मेरे लेखन से परिचित थे, बल्कि इस बात पर भी उनकी दृष्टि थी कि इन दिनों कौन क्या लिख रहा है, किन विषयों पर विचार रख रहा है और सार्वजनिक विमर्श में क्या-क्या चल रहा है।
इतने अनुभवी और व्यस्त व्यक्ति का आपके लेखन को पढ़ना ही अपने आप में बड़ी बात है, लेकिन उनका उसे याद रखना, उसके विषयों पर बात करना और लेखन की व्यापक गतिविधियों पर इतनी सजग दृष्टि रखना उनके अध्ययनशील व्यक्तित्व का परिचायक है।
ऐसे व्यक्तित्वों से मिलना मेरे लिए केवल आत्मीय भेंट नहीं, बल्कि सीखने का अवसर भी होता है। मेरी दृष्टि हमेशा यही रहती है कि उनके अनुभवों से कुछ ग्रहण कर सकूँ, उनकी जीवन-दृष्टि को समझ सकूँ और बातचीत के बीच से उन सार्थक बातों को संजो सकूँ, जो आगे की यात्रा में पाथेय बनें।
कुछ लोग अपने पद से बड़े होते हैं, कुछ अपने व्यक्तित्व से; लेकिन विरले ही ऐसे होते हैं, जो अपने समर्पण, सादगी, सहजता और दूसरों को गढ़ने की क्षमता से एक परंपरा बन जाते हैं। ऐसे लोगों का सान्निध्य सचमुच सौभाग्य है।



