दिल्ली। वे न केवल काम करना जानते हैं, बल्कि व्यवस्था से काम कराना भी जानते हैं। मंत्रालय के अधिकारियों पर उनकी अच्छी पकड़ रही है और प्रशासनिक तंत्र को सक्रिय रखकर परिणाम हासिल करने की क्षमता भी उनमें है। अब सही समझे, यहां हम बात धर्मेन्द्र प्रधान की कर रहे हैं।
शिक्षा एक अत्यंत व्यापक, जटिल और संवेदनशील विषय है। इसमें अपेक्षित परिवर्तन करना जितना आवश्यक है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी। यह स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए कि देश की अपेक्षाओं के अनुरूप शिक्षा के क्षेत्र में अभी बहुत कुछ किया जाना शेष है। इसके बावजूद, धर्मेंद्र प्रधान जी के नेतृत्व में शिक्षा मंत्रालय ने पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकों के पुनर्निर्माण की दिशा में सुनियोजित, व्यवस्थित और तर्कसंगत ढंग से काम किया। नौवीं कक्षा तक की नई पाठ्यपुस्तकें तैयार होकर विद्यार्थियों और शिक्षकों तक पहुँच चुकी हैं।
इस पूरी प्रक्रिया की सबसे महत्त्वपूर्ण उपलब्धि एक ऐसा पाठ्यक्रम तैयार करना रहा, जिसमें देशवासियों द्वारा दशकों से महसूस की जा रही परिवर्तन की आवश्यकता को समझा गया। इसमें केवल अतीत के प्रति दृष्टिकोण बदलने का प्रयास नहीं हुआ, बल्कि वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं को भी पर्याप्त महत्त्व दिया गया। विज्ञान, तकनीक, अंतरिक्ष अनुसंधान, उपग्रह, प्रक्षेपास्त्र, व्यापार, सैन्य एवं सामरिक क्षेत्रों में स्वतंत्र भारत की उपलब्धियों को स्थान मिला। साथ ही, लोकतंत्र को मजबूत बनाने और नागरिक चेतना को विकसित करने की दृष्टि से आवश्यक नागरिक-कर्तव्यों को भी पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया। अर्थात् शिक्षा को केवल सूचनाओं और तथ्यों के संकलन तक सीमित न रखकर उसे राष्ट्रीय चेतना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जिम्मेदार नागरिकता से जोड़ने का प्रयास हुआ।
इस परिवर्तन का एक उल्लेखनीय पक्ष यह भी रहा कि वामपंथी एवं राजनीतिक विरोध के बावजूद देश के व्यापक प्रबुद्ध वर्ग ने नए पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकों का स्वागत किया। यह अपने आप में इस बात का संकेत था कि परिवर्तन की आवश्यकता केवल किसी सरकार या विचारधारा की राजनीतिक प्राथमिकता नहीं थी, बल्कि समाज के एक बड़े हिस्से की दीर्घकालिक अपेक्षा भी थी।
आपको स्मरण होगा कि जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के समय मैंने अनेक राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में विस्तृत लेख लिखकर आँकड़ों, तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर यह स्पष्ट करने का प्रयास किया था कि धर्मेंद्र प्रधान जी का इतना तीव्र विरोध केवल नीट परीक्षा में धांधली या पेपरलीक के कारण नहीं था। पाठ्यक्रम में परिवर्तन को लेकर उनका दृढ़ संकल्प और निर्णायक पहल भी विरोध का एक बड़ा कारण थी। बल्कि यह सबसे बड़ा कारण था।
वामपंथी गिरोहों ने वैचारिक असहमति को राजनीतिक प्रतिरोध का हथियार बनाते हुए धर्मेंद्र प्रधान को निशाना बनाया, जिन्होंने पाठ्यक्रम परिवर्तन की दिशा में ठोस पहल की। दुर्भाग्य यह है कि शिक्षा जैसे गंभीर विषय पर भी कई बार सार्वजनिक विमर्श तथ्यों और तर्कों के बजाय वैचारिक आग्रहों तथा राजनीतिक नारों के हवाले कर दिया जाता है।
पेपर लीक और नीट की अनियमितताएँ निश्चित रूप से देश के लिए गंभीर मुद्दे हैं। वे पहले भी गंभीर थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। परीक्षाओं की विश्वसनीयता और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं हो सकता। लेकिन इन समस्याओं के लिए किसी एक व्यक्ति को ही संपूर्ण रूप से जिम्मेदार ठहरा देना कहाँ तक न्यायसंगत है? इनके पीछे परीक्षा व्यवस्था की खामियाँ, संस्थागत जवाबदेही का अभाव, प्रशासनिक तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार, संगठित अपराध और भ्रष्टाचार को सामाजिक संरक्षण देने वाली प्रवृत्तियाँ भी जिम्मेदार हैं। यदि केवल मंत्री या सरकार को ही इन घटनाओं का एकमात्र दोषी माना जाए, तो फिर जिस-जिस सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक हुआ है, हर उस सरकार और उसके संबंधित नेतृत्व की जवाबदेही भी इसी कसौटी पर तय करनी होगी। आलोचना अवश्य होनी चाहिए, लेकिन वह तथ्यों, समान मानदंडों और निष्पक्षता पर आधारित होनी चाहिए।
बहरहाल, इस दीपावली धर्मेंद्र प्रधान जी से भेंट हुई। चूँकि मैं पाठ्यक्रम समिति का सदस्य हूँ, इसलिए उन्होंने पाठ्यपुस्तकों के निर्माण और पाठ्यक्रम की वर्तमान स्थिति के बारे में मुझसे जानकारी ली। मैंने भारी व निराश मन से उन्हें बताया कि मंत्रालय से उनके जाने के बाद पाठ्यक्रम-समिति की कोई बैठक नहीं हुई है। ऐसे में यह बता पाना कठिन है कि दसवीं से बारहवीं कक्षा तक के लिए प्रस्तावित नई पाठ्यपुस्तकों और नए पाठ्यक्रम का भविष्य क्या होगा?
यह स्थिति चिंताजनक है। आखिर जिस प्रक्रिया को इतनी मेहनत, विचार-विमर्श और सुनियोजित प्रयासों से आगे बढ़ाया गया, उसका आगे बढ़ना क्यों रुकना चाहिए? क्या पाठ्यक्रम परिवर्तन किसी एक मंत्री या सरकार के कार्यकाल तक सीमित रहने वाला विषय है? क्या यह राष्ट्रीय शैक्षिक आवश्यकता नहीं है, जिसे राजनीतिक बदलावों से परे निरंतरता मिलनी चाहिए?
मेरा मानना है कि इस पूरे प्रकरण में वामपंथी समूहों के संगठित विरोध ने सरकार को रक्षात्मक मुद्रा में ला खड़ा किया है। सरकार को रक्षात्मक के स्थान पर इस मुद्दे पर आक्रामक होना चाहिए। परिवर्तन के हर प्रयास को वामपंथी धड़ा विवादास्पद बनाते आए हैं। लेकिन प्रश्न यह है कि क्या विवाद की आशंका मात्र से देश की शैक्षिक आवश्यकताओं को अधूरा छोड़ दिया जाए? क्या कुछ संगठित समूहों के विरोध को पूरे समाज की सहमति या असहमति का प्रतिनिधि मान लिया जाए?
लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होना चाहिए, लेकिन असहमति को परिवर्तन रोकने का स्थायी औजार नहीं बनने दिया जा सकता। पाठ्यक्रम का मूल्यांकन उसके तथ्यों, दृष्टिकोण, शैक्षिक उपयोगिता और राष्ट्रीय आवश्यकताओं के आधार पर होना चाहिए, न कि इस आधार पर कि उससे किस विचारधारा के लोगों को असुविधा होती है।
आखिरकार, किसी भी राष्ट्र की शिक्षा व्यवस्था केवल वर्तमान पीढ़ी को पढ़ाने का माध्यम नहीं होती, वह आने वाली पीढ़ियों की दृष्टि, सोच और राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण भी करती है। इसलिए पाठ्यक्रम परिवर्तन को राजनीतिक लाभ-हानि के तराजू पर तौलना राष्ट्र के दीर्घकालिक हितों के साथ न्याय नहीं होगा।
समस्या केवल यह नहीं है कि वामपंथी धड़ा परिवर्तन का विरोध करता है। बड़ी समस्या यह भी है कि जागरुकता के अभाव में बहुधा समाज भी उस विरोध के पीछे के तथ्यों, तर्कों और उद्देश्यों को समझ नहीं पाता। जो समाज विचार और विवेक की जगह नारों को दे देता है, वह धीरे-धीरे अपने शैक्षिक और बौद्धिक भविष्य के प्रश्नों पर दूसरों के हाथों संचालित होने लगता है। डफली-गैंग ने युवा पीढ़ी व समाज के बहुतांश को भ्रमित करने का प्रयास किया है।
शिक्षा के प्रश्न पर हमें राजनीतिक सुविधा नहीं, राष्ट्रीय दृष्टि और दीर्घकालिक संकल्प की आवश्यकता है। धर्मेंद्र प्रधान जी के कार्यकाल में शुरू हुई पाठ्यक्रम-परिवर्तन की महत्त्वपूर्ण प्रक्रिया को तार्किक परिणति तक पहुँचाना ही शिक्षा और देश, दोनों के हित में होगा।



