भारतीय अर्थव्यवस्था को डेड अर्थव्यवस्था एवं भारतीय अर्थव्यवस्था को नाजुक दौर से गुजर रही अर्थव्यवस्था बताने वाले बयान की धज्जियां एक अन्य प्रतिवेदन में भी उड़ाई गई हैं। भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग मंडल (ASSOCHAM) ने हाल ही में एक प्रतिवेदन जारी कर बताया है कि भारत आज न केवल विश्व की सबसे तेज गति से आगे बढ़ती अर्थव्यस्था है बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत सबसे अधिक मजबूत अर्थव्यवस्थाओं की श्रेणी में भी गिना जा रहा है। विश्व की 10 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच भारत, आर्थिक क्षेत्र में, वृहद रूप में सबसे अधिक लचीली अर्थव्यवस्था मानी जा रही है। इस संदर्भ में, हाल ही में भारत ने चीन, अमेरिका, जापान, जर्मनी की अर्थव्यवस्थाओं को भी पीछे छोड़ दिया है। भारत की वृहद आर्थिक शक्ति अब पूरे विश्व के समक्ष दिखाई देने लगी है एवं इससे अब विश्व के कई देश भारत के साथ जुड़ना चाह रहे हैं तथा भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते सम्पन्न करने हेतु लालायित हो रहे हैं।
भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग मंडल द्वारा सम्पन्न किए गए अपने अध्ययन प्रतिवेदन में बताया गया है कि वर्ष 2021-25 के दौरान भारत तीसरे स्थान पर था परंतु वर्ष 2026-30 के दौरान भारत 71 अंको के साथ प्रथम स्थान पर आ गया है। अर्थात, भारत ने इस दौरान लम्बी छलांग लगाई है। चीन को 66 अंको के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है एवं जापान एवं रूस 60 अंको के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे हैं। जर्मनी को 59 अंक प्राप्त हुए हैं, इटली एवं ब्राजील को संयुक्त रूप से 53 अंक प्राप्त हुए हैं। इस प्रतिवेदन में कुल 10 मानकों पर विभिन्न देशों की आर्थिक स्थिति का अध्ययन सम्पन्न किया गया है – (1) सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि दर; (2) प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि दर; (3) सकल राष्ट्रीय बचत दर; (4) सकल पूंजी निर्माण में वृद्धि दर; (5) निर्यात में वृद्धि दर; (6) ऋण का सकल घरेलू उत्पाद से प्रतिशत; (7) प्राइमरी शेष (बचत); (8) चालू खाता (करेंट अकाउंट) शेष (उत्पादों के आयात एवं निर्यात के बीच अंतर); (9) संरचनात्मक शेष; (10) राजकोषीय शेष (फिस्कल बैलेन्स)।
भारत की आर्थिक विकास दर चूंकि विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यस्थाओ के बीच सबसे अधिक है अतः भारत को इस मानक के अंतर्गत 10 में से 10 अंक प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार, प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि दर के मानक पर भी भारत को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। सकल राष्ट्रीय बचत दर एवं सकल पूंजी निर्माण में वृद्धि दर के मानकों पर भारत को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। उत्पादों के निर्यात में वृद्धि दर एवं ऋण का सकल घरेलू उत्पाद से प्रतिशत के मानकों पर भारत को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। प्राइमरी शेष (बचत) के मानक पर भारत को 5वां स्थान प्राप्त हुआ है। चालू खाता शेष एवं संरचनात्मक शेष के मानकों पर भारत को 7वां स्थान प्राप्त हुआ है एवं राजकोषीय शेष के मानक पर भारत को 8वां स्थान प्राप्त हुआ है। हालांकि भारत की केंद्र सरकार के बजट घाटे में लगातार सुधार हो रहा है। कोविड महामारी के खंडकाल में बजट घाटा लगभग 10 प्रतिशत तक पहुंच गया था जो अब घटकर 4.5 प्रतिशत से भी नीचे आ गया है।
ऋण का सकल घरेलू उत्पाद से प्रतिशत, अमेरिका में 121 प्रतिशत है, जापान में 236 प्रतिशत, फ्रान्स में 113 प्रतिशत, इटली में 135 प्रतिशत एवं भारत में 80 प्रतिशत है। सम्भवत: विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच भारत में यह अनुपात सबसे कम है एवं भारत सरकार द्वारा इस अनुपात में और अधिक सुधार करने के प्रयास लगातार किये जा रहे है। इसी प्रकार, भारत ने कई देशों के साथ हाल ही में मुक्त व्यापार समझौते सम्पन्न किए हैं, जिसके चलते अक्टोबर 2026 माह में भारत से विभिन्न उत्पादों के निर्यात में 45 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। अप्रेल-अक्टोबर 2026 के 7 माह के दौरान भारत से, 17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ, 56,900 करोड़ अमेरिकी डॉलर का निर्यात सम्भव हुआ है और सम्भावना व्यक्त की जा रही है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान भारत के कुल निर्यात एक लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर के स्तर तक पहुंच जाएंगे।
उक्त प्रतिवेदन में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की ताजा जानकारी के आधार पर यह आंकलन भी किया गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था वर्ष 2028 में विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। वर्ष 2030 तक भारत के सकल घरेलू उत्पाद का आकार बढ़कर 6 से 6.5 लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर का हो जाएगा एवं वर्ष 2037 तक यह 16 लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर को छू लेगा तथा वर्ष 2047 तक बढ़कर 34 लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर के स्तर को पार कर जाएगा। प्रति व्यक्ति आय जो आज लगभग 2,900 अमेरिकी डॉलर है वह वर्ष 2047 में बढ़कर 18,000 से 20,000 अमेरिकी डॉलर के स्तर पर पहुंच जाएगी।
भारत ने पिछले 10 वर्षों के दौरान आर्थिक एवं वित्तीय क्षेत्र में बड़े स्तर पर सुधार कार्यक्रम लागू किए हैं जिसका परिणाम अब विभिन्न मानकों में सुधार के रूप में सामने आ रहा है। परंतु, अभी भी कुछ क्षेत्रों में सुधार कार्यक्रम लागू किए जाने की आवश्यकता है। भारत में विभिन्न उत्पादों की उत्पादन लागत तुलनात्मक रूप से बहुत अधिक है, इसे कम करने की आवश्यकता है ताकि वैश्विक स्तर पर भारत में निर्मित उत्पाद प्रतिस्पर्धी बन सकें। इसी प्रकार कृषि के क्षेत्र में सुधार कार्यक्रम लागू किए जाने की आवश्यकता है। दरअसल, भारत में अभी भी लगभग 60 प्रतिशत आबादी ग्रामीण इलाकों में ही निवास करती है, जो अपनी आय के लिए कृषि क्षेत्र पर ही निर्भर हैं। यदि इस वर्ग की आय में वृद्धि होती है तो भारत में विभिन्न उत्पादों की मांग में भी वृद्धि दर्ज होगी, इससे अंततः भारत के सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि और अधिक तेज होगी। भारत के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग में रोजगार के सबसे अधिक अवसर निर्मित करने की क्षमता है। अतः इस क्षेत्र में भी सुधार कार्यक्रमों को शीघ्रता से लागू किया जाना चाहिए ताकि भारत में बरोजगारी की दर को और अधिक कम किया जा सके।
कुल मिलाकर, हालांकि भारत की आर्थिक विकास दर विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच सबसे अधिक (7 से 8 प्रतिशत के बीच) बनी हुई है परंतु इसे 10 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से ऊपर ले जाने की आवश्यकता है, ताकि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र की श्रेणी में लाया जा सके। इसके लिए अभी भी कई क्षेत्रों में सुधार कार्यक्रमों को द्रुत गति से लागू किए जाने की आवश्यकता है।



