दिल्ली । ‘वॉयस ऑफ बिहार’ के तत्वावधान में आयोजित बिहार प्रतिभा सम्मान समारोह–2026 का सफलतापूर्वक समापन कल कंस्टीटूटशन क्लब, नई दिल्ली में संपन्न हुआ। समारोह में बिहार की प्रतिभाओं, विशेषकर सिविल सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री श्री राजभूषण निषाद रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राज्यसभा सांसद श्री उपेन्द्र कुशवाहा, वरीय सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री ज्योति कलश तथा सेवानिवृत्त कुलपति प्रो. दिलीप कुमार उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सम्मानित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए बिहार के युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह में सिविल सेवा एवं अन्य प्रतिष्ठित सरकारी सेवाओं में हाल ही में चयनित 30 से अधिक अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त बिहार के विकास, सामाजिक उत्थान एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। इनमें मत्स्य पालन, स्वरोजगार, खेल, शिक्षा, सामाजिक सेवा तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
वॉयस ऑफ बिहार के संयोजक ब्रजेश कुमार ने कहा कि वर्ष 2017 में शुरू हुई इस पहल का उद्देश्य बिहार की प्रतिभाओं को पहचान देना, उन्हें एक मंच पर जोड़ना तथा उनके अनुभवों और ऊर्जा का उपयोग बिहार के विकास के लिए करना है। उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि बिहार के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का एक साझा संकल्प भी है।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिभागियों, शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। समारोह का समापन बिहार के विकास, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण के लिए सामूहिक सहयोग के संकल्प के साथ हुआ।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिभागियों, शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। समारोह का समापन बिहार के विकास, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण के लिए सामूहिक सहयोग के संकल्प के साथ हुआ।



