दक्षिणपंथ में एकता केवल एक मिथक है…

images-7.jpeg
अनुपम के सिंह

दिल्ली । ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूँ, क्योंकि यहाँ जो भी लैपटॉप और कीबोर्ड लेकर बैठा हुआ है, चाहे मैं ही क्यों न होऊँ, उसके कुछ व्यक्तिगत हित हैं, कुछ व्यावसायिक हित हैं और कहीं न कहीं सत्ता की नज़र में आने की लालसा भी है।

अब इस दक्षिणपंथ में भी चार फाड़ हैं।

पहला वो है, जो पूर्णतः सत्ता के संरक्षण और वित्तपोषण से चल रहा है।

दूसरा वो है, जो सत्ता का समर्थन तो करता है, लेकिन मुद्दा-आधारित विरोध करने से भी नहीं हिचकता। समय-समय पर सत्ता को आईना भी दिखाता है।

तीसरा वो है, जो हो सकता है कि पहले मौजूदा सत्ता का समर्थक रहा हो, लेकिन दर्जन भर वर्ष बीतने के बाद थोड़ा-थोड़ा रुष्ट हो चुका है। अब वो कोपभवन में जा बैठा है। जिन मुद्दों को लेकर कभी बड़ी-बड़ी बातें होती थीं, वे उसे पूरे होते नहीं दिखाई दे रहे। उसकी अपेक्षाएँ बढ़ती जा रही हैं, लेकिन उनकी पूर्ति होती नहीं दिख रही। इसलिए वो लगातार रुष्ट रहता है।

चौथा वो है, जो पूर्णरूपेण पद एवं प्रतिष्ठा की लालसा में जुड़ा था। इनमें कुछ बड़े लोग भी शामिल हैं, जो पहले भी दक्षिणपंथी हुआ करते थे। ऐसा नहीं है कि पहले उनकी विचारधारा कुछ और थी। लेकिन चूँकि उन्हें अपेक्षित पद नहीं मिला, इसलिए पाँच साल प्रतीक्षा करने के बाद इन्होंने अचानक स्वयं को ऐसा बना लिया है कि अब इनकी बातों का कोई मोल ही नहीं रह गया है।

दक्षिणपंथ के ये चारों हिस्से कभी एक नहीं हो सकते। कभी भी नहीं!

और इन चारों में कौन कितना योगदान दे रहा है? विचारधारा की लड़ाई में किसकी कितनी भूमिका है? कौन कितना उपयोगी है और कौन कितना नुक़सान पहुँचा रहा है? इस पर भी यदि बहस छिड़ जाए, तो वह अनंतकाल तक चलती रहेगी।

हालाँकि, मेरे हिसाब से दूसरा पक्ष सबसे अधिक उपयोगी है। वो सत्ता का समर्थन तो करता ही है, लेकिन विषय-आधारित आलोचना करने से भी नहीं हिचकता।

कई बार हमने देखा है कि सरकार को अपने निर्णय पलटने पड़े हैं। कई विषयों पर पीछे भी हटना पड़ा है। अब कोई भी राजनीतिक दल कोई क़दम तभी उठाता है, जब उसे उसमें अपना राजनीतिक लाभ दिखाई देता है। यदि किसी निर्णय से पीछे हटना पड़ा, तो स्पष्ट है कि पीछे हटने में भी उसे अपना लाभ दिखाई दिया।

यानी दूसरे पक्ष ने सत्ता का समर्थन करके भी उसे फ़ायदा पहुँचाया और विरोध करके भी! क्योंकि ये लोग जनता की नाराज़गी और संभावित विरोध को पहले ही सत्ता के सामने रख देते हैं। एक प्रकार से सत्ता को समय रहते सचेत कर देते हैं।

इन सबके बीच कुछ ऐसे सनकी भी हैं, जो स्वयं को आवश्यकता से कहीं अधिक महत्त्व देते हैं।

ये वही सनकी हैं, जो उस चिड़िया की भाँति पाँव ऊपर करके सोते हैं, जिसे लगता है कि यदि आसमान गिरा तो वही उसे अपने पैरों पर रोक लेगी!

इन सनकियों के व्यवहार को देखकर लगता है कि इन्होंने ‘डुअल पर्सनैलिटी डिसऑर्डर’ और ‘मल्टिपल पर्सनैलिटी डिसऑर्डर’ जैसे शब्दों को भी अपने व्यक्तित्व का अलंकार बना लिया है।

दूसरे बड़े लोगों की सफलता इन्हें चुभती है। ख़ासकर वे लोग, जिन्होंने कभी इनके साथ काम किया हो, यदि आगे बढ़ जाएँ तो इनके पृष्ठभाग में ऐसी तिलमिलाहट और निम्न भाग में ऐसी छटपटाहट होती है कि इनकी बुद्धि विवेक का साथ छोड़कर सीधे सनक की दिशा में प्रवाहित होने लगती है।

इन्हें लगता है कि पूरी दुनिया इन्हीं के इर्द-गिर्द घूम रही है। मानो संसार की धुरी इनके कीबोर्ड के नीचे ही स्थापित हो!

जबकि वास्तविकता यह है कि चार लोग भी इन्हें गंभीरता से लेना तो दूर, इनके कंटेंट के बारे में सुनते तक नहीं हैं।

अरे भाई, कम से कम दस लोग देखेंगे, तभी तो उनमें से चार लोग गंभीरता से लेंगे! यहाँ तो चार लोग देखते ही नहीं हैं, तो गंभीरता से कितने लेते होंगे, इसका अनुमान आप स्वयं लगा लीजिए।

इन्हें लगता है कि इंटरनेट पर चंद कीवर्ड सर्च करके इन्होंने सबकी कुंडली और बायोडाटा अपने पास जमा कर लिया है। इन्हें लगता है कि किसने कब क्या किया, कौन कहाँ रहा, किसके साथ काम किया, सबका कच्चा चिट्ठा इन्हीं के पास है।

लेकिन ये भूल जाते हैं कि कुंडली केवल दूसरों की नहीं होती, इनकी भी होती है!

और इनकी अपनी कुंडली भी पिटारे से बाहर निकलने के लिए उसी तरह फुफकार रही है, जैसे बरसात का पानी बिल में घुसते ही भीतर छिपा साँप बाहर निकलने को मजबूर हो जाता है।

फ़र्क़ सिर्फ़ इतना है कि ये दूसरों की कुंडली खोलने के लिए कीवर्ड सर्च करते फिरते हैं, जबकि इनकी अपनी कुंडली खोलने के लिए शायद किसी को सर्च करने की आवश्यकता भी न पड़े!

इसलिए दूसरों का कच्चा चिट्ठा खोलने की धमकी देने से पहले अपने पिटारे का ढक्कन अच्छी तरह जाँच लेना चाहिए।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top