देशज क्या सुन्दर परिकल्पना और क्या खूबसूरत मूर्त रूप

1-4.jpeg

राहुल चौधरी नील

लखनऊ। देशज के तीन दिन के आयोजन के बाद दिल्ली लौट आया हूँ, हर साल यह लौटना बहुत मुश्किल होता है। यहाँ से लौटना थोड़ा और मुश्किल …

क्योकि देशज हमारे लिए केवल तीन दिनों का सांस्कृतिक आयोजन नहीं है। यह पूरे वर्ष चलने वाली एक साधना का उत्सव है। मालिनी अवस्थी दी के साथ इसकी तैयारियाँ महीनों पहले शुरू हो जाती हैं। देश के किस कोने में कौन-सी लोककला में कैसा लालित्य है, उसके पीछे कैसी गाथाएं गुंथी है, कौन-सी परंपरा विलुप्त होने की कगार पर है, किस कलाकार को मंच मिलना चाहिए और भारत का कौन-सा अंचल अभी तक हमारी प्रस्तुतियों में शामिल नहीं हो पाया है—इन सबके बीच एक सतत खोज चलती रहती है। हमारी कोशिश रहती है कि देश का कोई कोना छूट न जाए। कोई बोली, कोई वाद्य, कोई लोकनृत्य, कोई परंपरा हमारी निगाह से ओझल न रह जाए।


चित्रकार तीन चार दिन की मेहनत से बैकड्रॉप रचते हैं, माहौल बुनते हैं, रंगों का ऐसा संसार उस प्रांगण में उतरता है कि हर कोई अपने आप को एक स्वप्नलोक में पाटा है। इस बार भी सिक्किम, केरल, उडीसा, बंगाल, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और देश के अनेक अंचलों से आए कलाकारों ने इस सांस्कृतिक भारत को और व्यापक बनाया।

कल्पना कीजिए, किसी कलाकार को महज 15 मिनट की प्रस्तुति के लिए 50-50 घंटे की यात्रा करनी पड़ती है। वह अपने साथ केवल वेशभूषा और वाद्ययंत्र लेकर नहीं आता, बल्कि अपने गाँव की स्मृतियाँ, अपनी पीढ़ियों की परंपरा और अपनी मिट्टी की सुगंध भी लेकर आता है। मंच पर उसके वे 15 मिनट दरअसल कई पीढ़ियों की सांस्कृतिक यात्रा का परिणाम होते हैं। और सबसे शानदार हैं लखनऊ के दर्शक, कितनी भी व्यस्तता हो, समय से पहले हजारों दर्शक उपस्थित, यह लोक का रंग है जो सबपर चढ़ता है।

देशज के इन तीन दिनों में भारत किसी नक्शे, किसी भूगोल या किसी पाठ्यपुस्तक में नहीं मिलता। वह कभी अरुणाचल और सिक्किम के पहाड़ों से उतरता है, कभी केरल की लय में थिरकता है, कभी राजस्थान की माटी से उठता है तो कभी हिमालय की अनूठी सांस्कृतिक छवियों में दिखाई देता है। यहाँ भारत को समझने के लिए अनुवाद की जरूरत नहीं पड़ती। ढोल की थाप, पाँवों की थिरकन और कलाकारों की आँखों की चमक ही उसकी भाषा बन जाती है।

इन तीन दिनों में एक और भारत दिखाई देता है-जो महानगरों की चकाचौंध से दूर है, लेकिन अपनी सांस्कृतिक समृद्धि में किसी से कम नहीं। जिसके पास प्रदर्शन के बड़े मंच भले न हों, लेकिन परंपराओं का विशाल संसार है। शायद यही देशज की सबसे बड़ी उपलब्धि है कि यह उत्सव समाप्त होने के बाद भी समाप्त नहीं होता। यह भीतर कहीं चलता रहता है—किसी लोकगीत की तरह, किसी पुरानी स्मृति की तरह, अपनी मिट्टी की उस खुशबू की तरह जिसे कितनी भी दूर चले जाएँ, भुलाया नहीं जा सकता।

तीन दिन का देशज उत्सव समाप्त हो चुका होता है, मंच की रोशनियाँ बुझ चुकी होती हैं, कलाकार अपने-अपने घरों की ओर लौट चुके होते हैं, लेकिन मन में लोकधुनों की गूँज देर तक बनी रहती है। लगता है, जैसे भारत के किसी जीवंत, रंगीन और आत्मीय संसार से अचानक बाहर आ गए हों। लेकिन हजारों आँखें – अगले साल कुछ नया देखने की आशा के साथ विदा लेती हैं।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top