घर में कब अखबार आना बंद हो हुआ, अब याद नहीं

1-7.jpeg

प्रमोद रंजन

गुवाहाटी। मुझे यह याद करके खुद ही आश्चर्य हुआ कि चार साल से अधिक समय बाद अख़बार पढ़ रहा हूं।
छह सालों से पूर्वोत्तर भारत के एक छोटे से कस्बे में हूं। कोविड महामारी फैलने के ठीक पहले यहां आया था। रोज आधा दर्जन से ज्यादा अख़बार देखने की आदत थी, लेकिन यहां अधिकांश अख़बार अगले दिन मिलते थे, इसलिए दिक्कत होने लगी। फिर भी लेता रहा।

कोविड के दौरान मेरे घर में कब से और क्यों अख़बार आना बंद हुआ, यह याद नहीं आता।
2021-22 में फिर से अख़बार लेना शुरू किया। अब इनके पन्ने कम हो गए थे, निजी कंपनियों के विज्ञापन भी कम थे। लगभग हर अख़बार का स्तर गिर गया था।

कुछ दिनों के लिए कहीं गया तो अख़बार वाले से कहा कि एक सप्ताह तक न दें। वापस लौटने पर न मैंने उनसे फिर से अख़बार देने को कहा, न ही उन्होंने कभी दरवाजा खटखटाया।

आज उसी कस्बे से दिल्ली तक की रेलयात्रा पर हूं। त्योहारों के मौसम के कारण भीड़ कुछ ज्यादा है। अनेक लोग, जिनमें ज्यादातर सेना के हैं, बिना आरक्षण के यात्रा कर रहे हैं।

सुबह वाशरूम से कूपे में लौटते समय दूर से ही मुझे अपनी बर्थ पर अख़बार दिखाई दिया। मैं तेजी से लपका। इस राजधानी ट्रेन में वे अख़बार मुफ्त देते हैं।

मुझे पता था कि यात्रा में किस तरह सहयात्री आपका अख़बार उठा लेते हैं और उसका एक पन्ना किसी के पास होता है, दूसरा किसी और के पास। पूरा अख़बार बिखर जाता है।

अपनी बर्थ पर पहुंचा तो दो अख़बार थे। इंडियन एक्सप्रेस और अमर उजाला। लेना तो दूर, किसी ने उनकी ओर नज़र उठाकर भी नहीं देखा था। अन्य बर्थों पर भी दो-दो अख़बार थे। बिल्कुल अनाथ, पेपर नैपकिन जैसे पड़े। सारी आंखें अपने-अपने मोबाइल फोनों पर थीं।

मैंने पढ़ना शुरू किया। जैसे वर्षों बाद प्रिय भोजन मिला हो, कुछ ऐसे ही अहसास के साथ।

अमर उजाला में तो मैंने शिमला में काम भी किया है। वे दिन भी याद आए। विभिन्न अखबारों के वे प्रूफरीडर और कंपोजिटर भी, जो नौकरियां जाने के बाद तिल-तिल कर मरे और किसी को पता भी नहीं लगा। इन मौतों का सिलसिला कोविड से पहले ही शुरू हो गया था।

पास वाली बर्थ के सहयात्री ने मुझे पढ़ते हुए देखा होगा। उन्होंने अपना अमर उजाला भी मेरी ओर सरका दिया। मैं यह देख भी नहीं पाया कि यह अतिरिक्त प्रति किसने मेरी बर्थ पर रखी।

जब आंखें उठाईं तो चाय की ट्रे लिए कोच सहायक सामने थे। मैंने आगे-पीछे देखा। लगभग सभी बर्थों पर अख़बार चाय की ट्रे के नीचे थे।

यह एक युग की समाप्ति है।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top