किताब पढ़ने की सोशल मीडिया विधि 

images-9.jpeg

अंकित कुमार अवस्थी

लखनऊ । लगभग 500 पन्नों की किसी किताब को बिना पढ़े भी सोशल मीडिया पर यह कैसे दिखाएं कि आप उसे कितनी गंभीरता से पढ़ रहे हैं-इसका टूलकिट।

1. सबसे पहले किताब खरीदें।अगर किताब खान मार्केट की किसी नामी बुकस्टोर से खरीदी है, तो समझिए पहली बाजी आपने वहीं मार ली। किताब हाथ में आते ही उसके कवर की एक अच्छी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करें। अगर घर में या किसी दोस्त के यहां किताबों से भरी शेल्फ हो, तो उसके सामने किताब के साथ तस्वीर जरूर लें। इससे लगेगा कि आप नियमित रूप से किताबें पढ़ते हैं और लोगों का आप पर भरोसा भी बढ़ेगा।

2. किताब के शुरुआती कुछ पन्नों की तस्वीर डालें। साथ में लिखें-सोचा था इत्मीनान से पढ़ूंगा, लेकिन सोशल मीडिया पर जिस तरह की अधकचरी बहसें चल रही हैं, उन्हें देखकर लगा कि अब इसे निपटा ही दिया जाए। वैसे भी आजकल लोग किताबें पढ़ते कहां हैं!

3. किसी रैंडम पेज पर हाइलाइटर चलाएं। दो-चार लाइनें अंडरलाइन करें, बगल में पेंसिल रखें और तस्वीर पोस्ट करें। फिर किसी पैराग्राफ को हाइलाइट करके अचानक कोई बड़ा खुलासा कर दें।

4. फिर किताब के साथ चाय या कॉफी की तस्वीर डालें। इससे पढ़ाई में गंभीरता के साथ एक बौद्धिक एस्थेटिक भी जुड़ जाएगा।

5. किताब के पन्नों के बीच दो-तीन रंगीन स्टिकी नोट लगाएं। अब किताब की साइड से ऐसी तस्वीर लें कि सारे नोट साफ दिखाई दें। लोगों को अंदाजा होना चाहिए कि आप कितनी गंभीरता और पूरी रफ्तार के साथ किताब पढ़ रहे हैं।

6. बीच में लेखक से थोड़ी नाराजगी भी जाहिर करें। लिखें-इस महत्वपूर्ण विषय पर लेखक ने बहुत संक्षेप में बात की है, जबकि उम्मीद थी कि इस पर थोड़ा विस्तार से लिखा जाएगा। खैर!

7. इस बीच सोशल मीडिया पर लोगों से बहस भी करते रहें। बीच-बीच में किताब के पेज नंबर और संदर्भ देकर अपनी बात रखें। और जब कोई ज्यादा बहस करे, तो उससे पूछें-आपने मूल किताब पढ़ी भी है या सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर राय बना रहे हैं?

8. और अंत में किताब पूरी पढ़ लेने की घोषणा करें। खुद को थोड़ी शाबाशी भी दें और लिखें-सोचा था 500 पन्नों की किताब पढ़ने में कई दिन लगेंगे, लेकिन एक बार बैठ गया तो पूरी खत्म करके ही उठा!

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top