उन दिनों आईआईटी में संघ-कार्य तथा राष्ट्रीय चेतना के प्रचार-प्रसार से जुड़ी गतिविधियों के कारण अनेक विद्यार्थियों और प्राध्यापकों से मेरा आत्मीय संपर्क था। जब शिक्षा-सोपान का विचार मन में आया तो सबसे पहले अपने परम मित्र रंजन जी, मुझ पर विशेष स्नेह रखने वाले प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पद्मश्री प्रो. एच.सी. वर्मा जी, प्रो. विश्वास कुलकर्णी जी तथा आईआईटी के अनेक विद्यार्थियों और प्राध्यापकों से चर्चा प्रारंभ की। यह केवल विचार-विमर्श नहीं था, बल्कि समाज के लिए कुछ सार्थक कर गुजरने का साझा स्वप्न था। कई-कई दिनों तक चर्चाएँ चलतीं, देर रात तक बैठकें होतीं और हम सब मिलकर उस स्वप्न को साकार करने की योजनाएँ बनाते। चिड़िया जिस तरह तिनका-तिनका जोड़कर अपना नीड़ बनाती है, उसी तरह हम एक-एक व्यक्ति को जोड़कर इस सामाजिक पहल की नींव मजबूत करते रहे। कोई भी सामाजिक प्रकल्प ईश्वरीय योजना का अंश होता है, मैं सौभाग्यशाली हूँ कि ईश्वर ने मुझे उसका निमित्त और सूत्रधार बनाया।
सबसे सुखद बात यह थी कि जिससे भी इस विचार को साझा किया, उसने पूरे मन से सहयोग दिया। धीरे-धीरे शिक्षा-सोपान एक प्रकल्प से आगे बढ़कर एक विचार और सामाजिक आंदोलन का स्वरूप लेने लगा। आज पद्मश्री प्रो. एच.सी. वर्मा जी के नेतृत्व में यह पहल निरंतर विस्तार पा रही है। यह देखकर संतोष होता है कि कभी कुछ लोगों के मन में अंकुरित हुआ एक छोटा-सा विचार आज अनेक लोगों के जीवन में परिवर्तन का माध्यम बन रहा है।
जब शिक्षा-सोपान के औपचारिक पंजीकरण का समय आया तो संस्थापक सचिव का दायित्व स्वाभाविक रूप से मुझे सौंपा गया। अब प्रश्न था कि संस्था का अध्यक्ष किसे बनाया जाए। विचार-विमर्श के बाद सबकी दृष्टि प्रो. अविनाश अग्रवाल जी पर जाकर ठहरी। वे उन दिनों आईआईटी में नए-नए आए थे। हम सबने उनसे आग्रह किया और उन्होंने सहर्ष अध्यक्ष पद स्वीकार कर लिया। विशेष बात यह रही कि उन्होंने इस जिम्मेदारी को केवल एक औपचारिक पद के रूप में नहीं लिया, बल्कि पूरे मनोयोग से शिक्षा-सोपान के निर्माण और विकास में जुट गए।
शिक्षा-सोपान की शायद ही कोई बैठक होती, जिसमें उनकी उपस्थिति न रहती हो। अनेक बैठकें उनके घर पर होती थीं। आईआईटी के हॉस्टलों में आयोजित बैठकों में भी वे उत्साहपूर्वक आते। आईआईटी के आसपास के गाँवों में शिक्षा, संस्कार और स्वावलंबन के केंद्र संचालित करने का हमारा प्रयास था। उन केंद्रों तक भी उनका जाना हुआ। प्रारंभिक दौर में किसी सामाजिक संस्था को खड़ा करना केवल विचार या संसाधनों का काम नहीं होता, उसके लिए समय, विश्वास, प्रतिबद्धता और निरंतर श्रम की आवश्यकता होती है। प्रो. अग्रवाल जी ने इन सभी स्तरों पर जो योगदान दिया, वह शिक्षा-सोपान के इतिहास का अविस्मरणीय अध्याय है।
उन दिनों से उनसे बना आत्मीय संबंध आज भी निरंतर बना हुआ है। जब वे आईआईटी जोधपुर के निदेशक बनकर जोधपुर आए तो उनसे पुनः जुड़ने और उनके कार्यों को निकट से देखने का अवसर मिला। एक प्रशासक के रूप में उनकी कार्यशैली में दूरदृष्टि, स्पष्टता, अनुशासन और परिणाम के प्रति प्रतिबद्धता का सुंदर समन्वय दिखाई देता है। आईआईटी जोधपुर के विकास के लिए उन्होंने संसाधन जुटाने, प्रतिभाशाली लोगों को संस्थान से जोड़ने, परिसर के सौंदर्यीकरण, शोध एवं अनुसंधान तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में अनेक उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। उनके नेतृत्व में संस्थान शिक्षा और शोध के क्षेत्र में निरंतर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर रहा है।
मेरे प्रति ही नहीं, मेरे विद्यालय और विद्यार्थियों के प्रति भी उनका विशेष स्नेह रहा है। अनेक अवसरों पर वे आईआईटी जोधपुर के प्राध्यापकों के साथ हमारे विद्यालय पधारे। जब भी किसी शैक्षिक कार्यशाला के लिए किसी विषय-विशेषज्ञ या प्राध्यापक की आवश्यकता हुई, उन्होंने सहर्ष सहयोग किया। विद्यालयों के चयन और प्रवेश के संदर्भ में भी जब कोई उनसे सलाह लेता है तो वे हमारे विद्यालय का उल्लेख करना नहीं भूलते। किसी प्रतिष्ठित संस्थान का नेतृत्व करने वाला व्यक्ति जब अपने व्यक्तिगत संबंधों को संस्थागत सहयोग और विद्यार्थियों के हितों से जोड़ता है, तो उसका प्रभाव कहीं अधिक व्यापक हो जाता है। प्रो. अग्रवाल जी में यह गुण सहज रूप से दिखाई देता है।
इस दीपावली उनसे पुनः सुखद भेंट हुई। दिनभर की अत्यंत व्यस्तता के बावजूद रात्रि आठ बजे उनके कार्यालय में मिलने का अवसर मिला। दिन भर की व्यस्तता के बाद भी उनके चेहरे पर थकान का कोई भाव नहीं था। वही आत्मीयता, वही सहजता और वही गर्मजोशी। उनके व्यक्तित्व का एक पक्ष आत्मीय और सहयोगी है, तो दूसरा पक्ष अत्यंत अनुशासित, स्पष्ट और दृढ़ संकल्पित प्रशासक का है। वे दूरदर्शी हैं, बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने के लिए कठोर परिश्रम तथा अनुशासन को अनिवार्य मानते हैं।
पीछे मुड़कर देखता हूँ तो अनुभव होता है कि किसी भी बड़े सामाजिक या शैक्षिक परिवर्तन की शुरुआत प्रायः एक छोटे-से विचार से होती है। लेकिन विचार को धरातल पर उतारने के लिए ऐसे सहयात्रियों की आवश्यकता होती है, जो उस विचार को अपना मानकर उसके लिए समय, श्रम और सामर्थ्य समर्पित कर सकें। शिक्षा-सोपान की यात्रा में प्रो. अविनाश अग्रवाल जी ऐसे ही एक महत्त्वपूर्ण सहयात्री रहे हैं। सृजन व संकल्प के सहयात्री को कभी विस्मृत नहीं किया जा सकता। ईश्वर उन्हें ऐसे ही स्वस्थ, प्रसन्न और ऊर्जावान रखें, ताकि वे शिक्षा, शोध, नवाचार और समाज के व्यापक हित में इसी प्रतिबद्धता से अपना योगदान देते रहें।



