पटना। बेतिया का घंटाघर(rajdewari) – 40 साल की उपेक्षा के बाद 2 दिन में दुल्हन!
बेतिया के लोगों, जरा अपनी आँखों को मसल कर फिर से देखिए। कहीं आप सपना तो नहीं देख रहे?
वही घंटाघर, जो पिछले 40 साल से अपनी बदहाली पर रो रहा था। जिसकी दीवारों पर पान की पीक, धूल की परत और उपेक्षा की ऐसी चादर चढ़ी थी कि लगता था, इसे तो इसके हाल पर ही छोड़ दिया गया है।
कितनी सरकारें आईं, कितनी गईं। कितने नेता आए, भाषण दिए, वादा किया, फोटो खिंचवाया और चले गए। लेकिन घंटाघर की तरफ किसी ने पलट कर भी नहीं देखा। बेचारा घंटाघर मन ही मन सोचता होगा – भैया, मैं भी इसी शहर का हूँ, मुझे भी थोड़ा प्यार दे दो! और फिर अचानक… चमत्कार हो गया!
खबर आई कि माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का एकदिवसीय कार्यक्रम है, पैदल मार्च है। बस, फिर क्या था!
जो काम 40 साल में नहीं हुआ, वो 2 दिन में हो गया।
अरे, 2 दिन में तो लोग दाल भी नहीं गला पाते, यहाँ तो पूरा शहर ही बदल गया! सड़कें चमकने लगीं, जैसे अभी-अभी पार्लर से निकल कर आई हों। रंग-रोगन ऐसा हुआ कि दीवारें भी शरमाने लगीं। बस इतना समझिए कि जहाँ देखो वहाँ पेंट, सफाई, झाड़ू, पानी, मजदूर, अफसर, सब दौड़ रहे थे। ऐसा लग रहा था जैसे शहर में बारात आने वाली हो और पूरा मोहल्ला सजाया जा रहा हो। और हमारा घंटाघर? अरे वाह! आज तो वो दुल्हन की तरह सजा है। ऊपर “I
BETTIAH” लिखा है। सफेद-नारंगी-नीले रंग में ऐसा चमक रहा है, जैसे कह रहा हो – “देखो, मैं भी सुंदर हूँ, बस किसी ने निखारा नहीं था!”
अब बेतिया के लोग एक ही बात कह रहे हैं – “इतने दिन में जो नहीं हुआ, वो सिर्फ दो दिन में हो गया!”
सही भी है भाई। 40 साल तक तो घंटाघर को किसी ने पूछा नहीं, और 2 दिन में उसे दुल्हन बना दिया।
अब सवाल ये नहीं है कि सजा कैसे? सवाल ये है कि ये सजावट टिकी कितने दिन?
क्योंकि हम बेतिया वालों ने मौसम को भी बदलते देखा है और नेताओं के वादों को भी।
इसलिए आज हम अपने प्यारे घंटाघर से बड़े प्यार से, थोड़ी शरारत से, थोड़ी चिंता से यही पूछ रहे हैं – दुल्हन की तरह सजी हो, मौसम की तरह बदल तो ना जाओगी!”
कहीं ऐसा तो नहीं कि मुख्यमंत्री जी का काफिला गया, और अगले दिन फिर वही धूल, वही गंदगी, वही उपेक्षा लौट आए? कहीं ऐसा तो नहीं कि ये चमक सिर्फ फोटो खिंचवाने तक की थी?
अरे भैया, अगर सजाना ही था तो ऐसा सजाओ कि ये सजावट स्थायी हो जाए। हमें 2 दिन की दुल्हन नहीं चाहिए, हमें हमेशा सजी-धजी बेतिया राज की राजधानी चाहिए।
बेतिया की जनता अब जाग गई है। अब वो जान गई है कि काम हो सकता है, बस करने की नीयत चाहिए। अगर 2 दिन में इतना हो सकता है, तो 40 साल में कितना हो सकता था, ये हिसाब अब जनता खुद लगा रही है। इसलिए हे घंटाघर, तुम यूं ही चमकते रहो। तुम यूं ही मुस्कुराते रहो। और हे सिस्टम, तुम्हें भी एक सलाह है – इसे सिर्फ VIP आने पर मत सजाओ, इसे रोज़ सजाओ। क्योंकि ये शहर किसी एक दिन का मेहमान नहीं, ये हम सबका घर है और अंत में, बेतिया वालों से एक ही अपील – इस दुल्हन को ऐसे ही बनाए रखना, इसकी सुंदरता को गंदा मत करना। क्योंकि सजाना तो सरकार का काम था, बचाना अब हमारा काम है!
बोलो, अब तो समझ गए ना? 40 साल का काम 2 दिन में हो सकता है, तो फिर 40 साल तक हुआ क्यों नहीं?
दुल्हन की तरह सजी हो बेतिया घंटाघर, मौसम की तरह बदल तो ना जाओगी!

उदय कुमार


