– डॉ. मयंक चतुर्वेदी
दिल्ली । केंद्र सरकार ने जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) के खिलाफ जो कदम उठाया है, वह आतंकवाद से लड़ने के उस सिद्धांत की ओर इशारा है जिसे लंबे समय से लागू किए जाने की जरूरत थी। 13 नवंबर 2026 को यूएपीए की धारा 3(1) और 3(3) के तहत आईआरएफ पर लगे प्रतिबंध को अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ाया गया। इसके बाद 26 नवंबर को गृह मंत्रालय ने गजट अधिसूचना जारी कर धारा 42 के तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को धारा 7 और 8 के अधिकार सौंप दिए।
वस्तुत: अब राज्य सरकारें इस प्रतिबंधित संगठन के फंड, बैंक खातों, वित्तीय संपत्तियों के लेन-देन पर रोक लगा सकती हैं, संदिग्ध लेन-देन की जांच कर सकती हैं और उन परिसरों को अधिसूचित कर सकती हैं जिनका इस्तेमाल गैरकानूनी गतिविधियों के लिए हो रहा हो। यह फैसला सही दिशा में है, किंतु इसे अपवाद नहीं, नियम बनाने की आवश्यकता है। क्योंकि आतंकवाद सिर्फ हथियार और नारेबाजी से नहीं टिकता, उसकी असली ताकत धन में होती है। फंडिंग बंद किए बिना कोई भी प्रतिबंध अधूरा रहता है, इसलिए जब तक आतंकवादी संगठनों और उनके सदस्यों के बैंक खाते खुले रहेंगे, जमीन-जायदाद उनके नाम या फ्रंटों के नाम पर रहेगी, तब तक वे नए रूप में उठ खड़े होंगे।
ऐसे में असली कड़ी कार्रवाई वही होगी जिसमें दोषसिद्ध आतंकियों की पूरी संपत्ति जब्त की जाए, बेची जाए और उससे प्राप्त राशि सीधे सरकारी खजाने में जमा की जाए। यह नियम किसी एक राज्य या एक संगठन तक सीमित न रहे। जिस भी व्यक्ति का आतंक का अपराध न्यायालय में सिद्ध हो चुका हो, उसकी आर्थिक रीढ़ तोड़ी जाए।
जाकिर नाइक और आईआरएफ का मामला इस बात का जीवंत उदाहरण है। संगठन पर 2016 में पहली बार प्रतिबंध लगा था। नाइक उस समय विदेश में था और तब से मलेशिया में रह रहा है। उनका पासपोर्ट रद्द है, प्रत्यर्पण की कोशिशें जारी हैं, फिर भी संगठन लंबे समय तक सक्रिय रहा। प्रतिबंध बढ़ाने और राज्यों को अधिकार देने का ताजा फैसला इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अब स्थानीय स्तर पर फंड और परिसरों पर कार्रवाई हो सकेगी, इसके साथ ही यहां कहना यही है कि ये रोक लगाना पर्याप्त नहीं है। जब तक संपत्ति बेचकर रकम खजाने में नहीं जाती, तब तक वह धन किसी न किसी रूप में दोबारा इस्तेमाल हो सकता है। ट्रस्टों, रिश्तेदारों या फर्जी संस्थाओं के नाम पर छिपाई गई संपत्तियां अक्सर बची रह जाती हैं, इसलिए प्रक्रिया को पूर्ण बनाना जरूरी है।
सिमी (स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया) का इतिहास बताता है कि अकेले प्रतिबंध से काम नहीं चलता। सिमी पर 2001 से प्रतिबंध है और इसे बार-बार बढ़ाया गया है। यूएपीए ट्रिब्यूनल ने हाल के वर्षों में भी प्रतिबंध को बरकरार रखा क्योंकि सिमी के सदस्य इंडियन मुजाहिदीन, आईएसआईएस और अन्य संगठनों से जुड़े रहे। कई सदस्यों पर आतंक के मामले दर्ज हुए, आरोप सिद्ध हुए और सजा हुई। उनके मुख्यालय और परिसर सील किए गए। फिर भी सिमी के पुराने कार्यकर्ता नए संगठनों में सक्रिय होते रहे। यदि दोषसिद्धि के तुरंत बाद उनकी व्यक्तिगत और संगठनात्मक संपत्तियों को जब्त कर बेचा गया होता और रकम खजाने में जमा की गई होती, तो स्वभाविक है, पुनर्गठन की प्रक्रिया कमजोर पड़ जाती। सिमी का उदाहरण स्पष्ट करता है कि आतंक के खिलाफ लड़ाई में आर्थिक कार्रवाई को स्थायी और स्वचालित बनाना बहुत जरूरी है।
पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) और उसके सहयोगी संगठनों पर 2022 में प्रतिबंध लगा। एनआईए और प्रवर्तन निदेशालय की जांच में पता चला कि संगठन ने बड़े पैमाने पर फंड जुटाए, शारीरिक प्रशिक्षण शिविर चलाए और आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया। ईडी ने पीएफआई से जुड़े ट्रस्टों और संपत्तियों को अटैच किया। एक चरण में 67 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अटैच हुईं और कुल अटैचमेंट 129 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया।
इनमें केरल के विभिन्न जिलों में स्थित इमारतें और जमीन शामिल हैं जिनका इस्तेमाल प्रशिक्षण के लिए होता था। कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया और कुछ मामलों में दोषसिद्धि हुई। यह दिखाता है कि संगठनात्मक स्तर पर आर्थिक कार्रवाई संभव और प्रभावी है, लेकिन इसे और आगे ले जाना होगा। हर दोषसिद्ध सदस्य की व्यक्तिगत संपत्ति भी जब्त होनी चाहिए और बेचकर खजाने में जमा की जानी चाहिए। तभी संदेश साफ जाएगा कि आतंक की कीमत न सिर्फ जेल है, बल्कि पूरी कमाई और जायदाद भी है।
जम्मू-कश्मीर में हाल के महीनों में कई ठोस उदाहरण सामने आए हैं। रियासी जिले में पाकिस्तान में बैठे पांच आतंकियों की लगभग 27 से 29 कनाल जमीन यूएपीए की धारा 25 के तहत अटैच की गई। ये लोग वर्षों पहले पाकिस्तान चले गए थे और अब अपनी संपत्ति बेचकर आतंक की फंडिंग करने की कोशिश कर रहे थे। रामबन और अन्य जिलों में भी पाक-आधारित आतंकियों की संपत्तियां अटैच हुई हैं। ये कदम सही दिशा में हैं, परन्तु इन्हें नियमित और पूर्ण बनाना ही वर्तमान की आवश्यकता है। अटैचमेंट के बाद संपत्ति बेचकर रकम खजाने में जमा करने का प्रावधान लागू होना चाहिए। जमीन-जायदाद दोबारा आतंक की पूंजी न बने, इसके लिए बिक्री और खजाने में जमा करना अनिवार्य होना चाहिए।
भारतीय मुजाहिदीन, लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, हिजबुल मुजाहिदीन, अल-कायदा और आईएसआईएस मॉड्यूल के सदस्यों के खिलाफ देश भर में सैकड़ों मामले चले हैं। एनआईए की सजा दर ऊंची रही है। कई आरोपियों पर बम विस्फोट, भर्ती, फंडिंग और साजिश के आरोप साबित हुए। फिर भी उनकी संपत्तियों पर पूरी कार्रवाई हमेशा नहीं होती। कई बार खाते फ्रीज होते हैं, लेकिन बिक्री और खजाने में जमा करने तक मामला नहीं पहुंचता। जाकिर नाइक जैसे भगोड़ों के मामले में भी भारत में संपत्तियां मौजूद हो सकती हैं जो फ्रंटों या रिश्तेदारों के नाम पर हो सकती हैं। आईआरएफ पर राज्यों को दिए गए अधिकार को मॉडल मानकर अन्य संगठनों पर भी समान कार्रवाई होनी चाहिए।
आर्थिक तोड़फोड़ का सिद्धांत सरल है। आतंकवादी और उनके संगठन धन से मजबूत होते हैं। जब धन छीन लिया जाता है तो संगठन बिखरते हैं, भर्ती रुकती है, प्रचार कम होता है और परिवार भी सहयोग करने से हिचकते हैं। दूसरी ओर सरकारी खजाने में रकम जमा होने से दो फायदे होते हैं। एक तो आतंक की पूंजी नष्ट होती है, दूसरा वह रकम राष्ट्र-निर्माण या पीड़ितों के मुआवजे में इस्तेमाल हो सकती है।
यह सच है कि वर्तमान में यूएपीए में संपत्ति अटैचमेंट के प्रावधान हैं, किंतु उन्हें और मजबूत और स्वचालित बनाने की जरूरत है। हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में एक समर्पित इकाई हो जो दोषसिद्ध आतंकियों की संपत्तियों की सूची बनाए, जब्ती करे, बिक्री की प्रक्रिया पूरी करे और रकम खजाने में जमा करे। जाकिर नाइक के आईआरएफ पर राज्यों को दिए गए अधिकार को आधार बनाकर सिमी, पीएफआई, इंडियन मुजाहिदीन और अन्य संगठनों पर भी समान व्यवस्था लागू की जाए। जिन सदस्यों पर न्यायालय ने सजा सुनाई है, उनके बैंक खातों में पड़ी हर राशि, उनके नाम की हर संपत्ति जब्त हो।
सच तो यही है कि आतंकवाद के खिलाफ पूरी जीत आर्थिक स्तर पर ही होती है, इसलिए अब जब आतंकवादी यह जान जाएंगे कि पकड़े जाने और दोषसिद्धि के बाद उनकी पूरी कमाई, जमीन-जायदाद और बैंक बैलेंस सरकारी खजाने में चली जाएगी, तब भर्ती और सहयोग दोनों में कमी आएगी। केंद्र का आईआरएफ वाला फैसला इसी दिशा का संकेत है। अब इसे हर स्तर पर लागू करना होगा। सिमी हो, जाकिर नाइक का आईआरएफ हो, पीएफआई हो या जम्मू-कश्मीर के पाक-आधारित आतंकी, सभी के साथ एक ही नियम लागू हो। दोषसिद्ध आतंकवादी की संपत्ति जब्त करो, बेचो और सरकारी खजाने में डालो। आज इस कार्य के लिए हर राज्य सरकार को आगे आना चाहिए, वास्तव में यही आतंक पर असली कड़ी कार्रवाई होगी और यही देश की सुरक्षा की व्यवहारिक मांग भी है।



