रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के छात्रों ने सेवा संकल्प के तहत ‘शून्य से शिखर तक’ नाट्य प्रस्तुति देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन संघर्ष व राष्ट्र सेवा को इंद्रधनुष ऑडिटोरियम, पंचकूला में जीवंत कर दिया। रंगमंचीय शैली में प्रस्तुत इस थियेटर को देखने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, विधायक शक्ति रानी शर्मा समेत सैकड़ों हस्तियों ने इस प्रस्तुति की मुक्त कंठ से सराहना की। वहीं, हजारों छात्रों ने लगातार तालियों से सुपवा के छात्रों की अदाकारी की सराहना की।
यह मंचन प्रदेश सरकार के सूचना, जनसंपर्क, भाषा व संस्कृति विभाग के सहयोग से किया गया। ‘शून्य से शिखर तक’ थियेटर में सुपवा में ग्रेजुएशन प्रथम वर्ष में पढ़ रहे 26 छात्र-छात्राओं ने अपनी अदाकारी का परिचय दिया। इसमें पीएम के जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्षों, चुनौतियों और सार्वजनिक सेवा से जुड़े प्रसंगों को नाटकीय रूप में पिरोया गया। इसका उद्देश्य दर्शकों तक पीएम की जीवन यात्रा के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली तरीके से पहुंचाना रहा।




