संत समीर
दिल्ली। हरियाणा से दिल्ली की वापसी में राह चलते स्वामी रामदेव का बयान सुना। शुरू में बयान का एक छोटा हिस्सा किसी ने काटकर मेरे पास भेजा तो मैंने सोचा कि स्वामी जी ने कोई सामान्य वक्तव्य दिया होगा और टीवी चैनल वाले विवाद खड़ा करने के लिए उसे बाबा बागेश्वर के नाम पर चस्पाँ कर रहे होंगे, लेकिन पूरा बयान सुनने के बाद साफ़ समझ में आया कि स्वामी रामदेव जी के निशाने पर धीरेन्द्र शास्त्री ही थे। मैंने इन दोनों की ही अच्छी बातों का हमेशा समर्थन किया है, लेकिन इस मामले में फ़िलहाल धीरेन्द्र शास्त्री यानी बाबा बागेश्वर के पक्ष में हूँ। बावजूद इसके कि बाबा बागेश्वर से दूर-दूर तक मेरा कभी कोई मिलना-जुलना नहीं रहा है, जबकि स्वामी रामदेव जी मेरे बहुत पुराने परिचित हैं। स्वामी रामदेव जी ने सन्न्यासी होते हुए भी जब व्यावसायिक कम्पनी खड़ी करनी शुरू की और चारों तरफ़ से उनका विरोध हुआ, तब भी मैंने उनका खुला समर्थन किया था और अख़बारों में लिखा था।
मुझे वे दिन भी याद हैं, जब स्वामी रामदेव जी ‘आस्था’, ‘संस्कार’ जैसे विभिन्न टीवी चैनलों को अपने स्वामित्व में ले रहे थे और एक दिन उनका फ़ोन मेरे पास आया। हालचाल लेते हुए जब उन्हें पता चला कि मैं पत्रकारिता की ओर रुख़ कर रहा हूँ तो उन्होंने कहा—“अख़बार वाले आपको क्या देंगे, आप सीधे पतञ्जलि आ जाइए।” अपना सब कुछ छोड़-छाड़कर मैंने फ़क़ीरी वाली ज़िन्दगी अपनाई थी, तो उस वक़्त मुझे पैसों की सख़्त ज़रूरत थी, लेकिन मैंने स्वामी जी से बस इतना कहा कि दोस्ती एक बात है और ज़िन्दगी दूसरी। मुझे पता था कि उनके पास पहुँचते ही मेरी सारी समस्याएँ समाप्त हो जाएँगी और करोड़ों की व्यवस्थाएँ मेरे पास होंगी, लेकिन मैं वहाँ नहीं गया। कोई और समय होता तो जा सकता था, लेकिन तब 2009 का वह समय था, जबकि मैं ‘राष्ट्रीय सहारा’ का अच्छा-भला प्रस्ताव छोड़कर रामबहादुर राय जी के कहने मात्र से लगभग न के बराबर पैसे पर क्रॉनिकल समूह में चला गया।
राय साहब का विशेष मान मैं इसलिए भी रखता हूँ कि इससे लगभग बारह-तेरह साल पहले उनसे मेरी केवल एक मुलाक़ात हुई थी। यह तब की बात है, जबकि सन् 1996 में मैं पत्रकारिता और लेखन की कार्यशाला में दिल्ली के कुछ पत्रकारों को आमन्त्रित करने के लिए प्रयाग से दिल्ली आया था। इसके बाद सन् 2009 में जब मैं दिल्ली आया तो राय साहब को जैसे ही पता चला, उन्होंने मुलाक़ात के लिए मेरे पास सन्देश भिजवाया। उनका यह व्यवहार मुझे किसी आश्चर्य से कम नहीं लगा, क्योंकि इस बात का कोई तुक नहीं लगता था कि इतने वर्षों बाद भी वे मुझे याद रखेंगे! जो भी हो, स्वामी जी का प्रस्ताव कुछ वक़्त बाद आया होता, तो अवश्य मान लेता और उनके पास चला जाता, परन्तु उस समय मैंने पतञ्जलि में जाना उचित नहीं समझा और क्षमा माँग ली।
एक बात और स्पष्ट कर दूँ कि मेरी नज़र में स्वामी रामदेव मीडिया के सामने जैसे दिखते हैं, निजी मुलाक़ातों में उससे बेहतर और सहज इनसान हैं। सामान्यतः लोग सार्वजनिक जीवन में अच्छा दिखने की कोशिश करते हैं, पर स्वामी जी से मेरी जब-जब मुलाक़ात हुई है, तो वे मुझे निजी व्यवहार में कहीं ज़्यादा आत्मीय और नेक दिखे हैं। बड़े सहज भाव से वे अपनी कमज़ोरियाँ, ख़ूबियाँ सब बता देते हैं।
बावजूद इन सब बातों के, पण्डित धीरेन्द्र शास्त्री को इशारा करते हुए जो बयान उन्होंने कल दिया है, उसे मैं दुर्भाग्यपूर्ण और बचकाना मानता हूँ। अन्धविश्वासों का मैं भी घोर विरोधी हूँ, पर जो लोग धीरेन्द्र शास्त्री को अन्धविश्वास फैलाने वाला कहते रहे हैं, उनसे मैंने जब भी पूछा है कि धीरेन्द्र शास्त्री के पर्ची खोलने वाली कलाकारी का रहस्य खोलकर समझाएँ, तो आज तक एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं मिला, जिसने मुझे वह रहस्य समझा दिया हो। मेरा प्रश्न स्पष्ट है कि केवल ‘अन्धविश्वास-अन्धविश्वास’ का शोर मचाने से क्या कोई भी चीज़ अन्धविश्वास हो जाती है! प्रश्न यह भी है कि योगदर्शन के विभूति पाद के बहुत कुछ को आप अन्धविश्वास मानेंगे या साधना की एक स्तर की परिणति!
मज़ेदार तो यह है कि जो लोग विज्ञानवादी बनते हुए ऐसे धार्मिक अन्धविश्वासों को कोसते रहते हैं, वे स्वयं विज्ञान के नाम पर चल रहे इनसे कई गुना बड़े-बड़े अन्धविश्वासों के शिकार दिखाई देते हैं। इन पर उनका कभी ध्यान नहीं जाता। अन्धविश्वास में पड़े व्यक्ति का अन्धविश्वास-विरोध मुझे प्रभावित नहीं करता। बात यह भी है कि बाबा बागेश्वर के मुँह से ऐसी कोई बात मैंने नहीं सुनी, जो राष्ट्र-विघातक हो, साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली हो। उनकी यह चीज़ मुझे अच्छी लगती है कि वे जाति-पाँति भूलकर राष्ट्रहित में एकजुट होने की बात करते हैं। वे हिन्दू, मुसलमान, ईसाई सबको साथ लेकर चलने की भी बात करते हैं।
तो बात यह कि मैं स्वामी रामदेव जी का इस मामले में समर्थन नहीं कर सकता। मैं समझता हूँ कि एक स्तर तक का काम वे सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं और अब उनके हाथों देशहित के कुछ और बड़े काम होने चाहिए। बेमतलब की बातों में उन्हें नहीं उलझना चाहिए। ऐसी चीज़ों का कुल नतीजा इतना ही होगा कि बाबा बागेश्वर का पक्ष मज़बूत होगा और स्वामी रामदेव सन्देह के घेरे में होंगे।
पिछले काफ़ी समय से स्वामी रामदेव जी से मेरी मुलाक़ात नहीं हुई है, लेकिन मित्र-सूची में उनके कई नज़दीकी लोग मौजूद हैं ही। उम्मीद करूँगा कि वे मेरी भावना उन तक पहुँचाएँगे। मुलाक़ात होने पर तो ख़ैर बात करूँगा ही। देश के लिए स्वामी रामदेव और बाबा बागेश्वर जैसे अनेकानेक लोगों की ज़रूरत है।



