सिक्का उछला। भेल्लारी के हिस्से में तेजप्रताप यादव गिरे, ज्ञानेश्वर के कब्जे में मुख्यमंत्री आ गए। बाँटवारा इतना साफ हुआ कि दोनों ने एक-दूसरे को बधाई दी और अपने-अपने ‘साझा’ का काम संभाल लिया।
भेल्लारी ने तेजप्रताप का इतना ध्यान रखा कि तेजस्वी यादव की बहन ने एक टीवी चैनल की चैनल लाइव डिबेट में उनकी क्लास लगा दी। पूरे प्रसारण में भेल्लारी के मुँह से दो शब्द भी नहीं निकले। न सवाल, न टिप्पणी। जैसे कोई आज्ञाकारी शिष्य गुरु के सामने बैठा हो।

लोग कहते हैं कि पत्रकारिता में सवाल पूछने की हिम्मत चाहिए, पर भेल्लारी साहब ने साबित कर दिया कि हिम्मत की जगह ‘संतुलन’ और ‘समझदारी’ भी पर्याप्त है। तेजप्रताप का पक्ष मजबूत रखना उनका प्राथमिक कर्तव्य बन गया है।
दूसरी तरफ ज्ञानेश्वर वात्स्यायन अपने हिस्से के सम्राट को इतना करीब ला चुके हैं कि परिवार का मुंडन, गृह-प्रवेश, नामकरण, कोई भी संस्कार बिना उनके बिना अधूरा रहता है। सम्राटजी को लेकर घूमना अब उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। बिहार के बड़े कारोबारियों को यह बात अच्छे से पता चल चुकी है कि सम्राट तक पहुँचने का एक सुगम रास्ता ज्ञानेश्वर से होकर जाता है। उनकी व्यस्तता देखकर लगता है कि पत्रकारिता तो बस कवर है; असली काम मुख्यमंत्री को घुमाना, उनका भरोसा बनाए रखना और उधर का जरूरी संदेश इधर और इधर का जरूरी संदेश उधर पहुँचाना है।
दोनों मित्र बिहार में राजद और भाजपा को खुश रखने का अभियान चला रहे हैं। एक तरफ यादव परिवार के एक सदस्य का ख्याल, दूसरी तरफ सत्ता के शीर्ष का। सवाल उठते हैं तो दोनों की तरफ से संतुलित मौन या नरम टिप्पणी मिलती है। यह पत्रकारिता कम, मीडिया सलाहकार वाली भूमिका ज्यादा लगती है।

सवाल यह है कि जब इतनी मेहनत से सत्ता के नजदीक बैठकर काम कर ही रहे हैं, तो पत्रकारिता के नाम पर क्यों कलंक लगाना? सीधे मीडिया सलाहकार बनकर खुले आम काम क्यों नहीं संभाल लेते? कम से कम तब तो यह साफ होगा कि वे खबर लिख रहे हैं या संदेश पहुँचा रहे हैं।
बिहार की पत्रकारिता इन दोनों के इस ‘सिक्का-बाँट’ मॉडल से पहले ही काफी कलंकित हो चुकी है।



