विनय सहस्रबुद्धे जी : संगठननिष्ठा, संवेदनशीलता और आत्मीय व्यवहार की प्रेरक मिसाल

images-4-5.jpeg

दिल्ली। श्रीमान विनय सहस्रबुद्धे जी के प्रति मेरे मन में सदैव गहरा आदर और आत्मीयता का भाव रहा है। उनकी बौद्धिक प्रखरता, व्यापक अध्ययन और बड़े-बड़े दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन तो इसके कारण हैं ही, लेकिन उनके व्यक्तित्व के कुछ ऐसे पक्ष भी हैं, जो मुझे विशेष रूप से प्रभावित करते हैं।

सार्वजनिक जीवन में ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के बाद व्यक्ति प्रायः उन कार्यकर्ताओं को भूलने लगता है, जिनके परिश्रम और समर्पण की नींव पर संगठन खड़ा होता है। कई बार बड़े दायित्वों की व्यस्तता भी उसे धरातल के कार्यकर्ताओं से दूर कर देती है। यह संभव है कि हर व्यक्ति हर बार समय न निकाल पाए, लेकिन एक प्रशिक्षित और वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध कार्यकर्ता अपने व्यक्तित्व और पद से अधिक महत्त्व संगठन एवं विचारधारा को देता है। विनय जी में मुझे यही विशेषता दिखाई देती है। वे संगठन और विचारधारा के प्रति गहरे समर्पित हैं। उनका संगठन-भाव, कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशीलता और वैचारिक निष्ठा मुझे सदैव प्रभावित करती रही है।

मुझे उनसे कुछ ही अवसरों पर मिलने का अवसर मिला है, लेकिन हर भेंट और संवाद ने उनके प्रति मेरे सम्मान को और गहरा किया है। पहली बार मैं उनसे तब प्रभावित हुआ, जब बिना किसी पूर्व परिचय के भी उन्होंने मेरा फोन उठा लिया। दूसरी बार तब, जब उन्होंने मेरे ईमेल का उत्तर दिया। इसके बाद जब-जब मैंने उन्हें कोई संदेश भेजा, देर-सवेर उनका फोन अवश्य आया। आज के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में यह व्यवहार असाधारण होता जा रहा है। बड़े पदों पर बैठे अनेक लोग फोन उठाने, ईमेल का उत्तर देने अथवा संदेशों पर प्रतिक्रिया देने तक का समय नहीं निकाल पाते। मेरा मानना है कि सार्वजनिक जीवन में पद के साथ उत्तरदायित्व भी बढ़ता है। निजता, व्यस्तता और व्यक्तिगत रुचि-अरुचि के बावजूद लोगों से संवाद बनाए रखना और उनकी बात सुनना भी सार्वजनिक दायित्व का हिस्सा है। विनय जी का व्यवहार इस दृष्टि से भी अनुकरणीय है।

उनके व्यक्तित्व का एक प्रसंग मेरे लिए विशेष रूप से स्मरणीय है। मैंने एक बार उनसे अपने संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थान के लिए समय देने का आग्रह किया था। देश के विभिन्न भागों से विद्यार्थी आने वाले थे। उस समय विनय जी के पास समय का अत्यंत अभाव था। वे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे, एक राज्य के प्रभारी का दायित्व संभाल रहे थे और चुनावी व्यस्तताएँ चरम पर थीं। फिर भी मेरे विशेष आग्रह पर उन्होंने आने की स्वीकृति दे दी।

दुर्भाग्यवश, अंतिम समय में एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण बैठक के कारण उन्हें अपने आगमन का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। उस बैठक में उनकी उपस्थिति अनिवार्य थी। लेकिन मेरे लिए महत्त्वपूर्ण बात यह नहीं थी कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आ सके, बल्कि यह थी कि उन्होंने स्वयं मुझे फोन किया, अपनी असमर्थता बताई और बार-बार खेद व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में आने का आश्वासन भी दिया।

उनकी संवेदनशीलता यहीं तक सीमित नहीं रही। उन्होंने मुझसे हमारे संस्थान के कार्यक्रम के लिए संभावित अतिथियों के नाम पूछे और मेरे द्वारा सुझाए गए नामों में से एक अत्यंत व्यस्त एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्व को अंतिम समय में कार्यक्रम में आने के लिए तैयार किया। उन्होंने अपनी प्रस्तावित यात्रा के लिए आने-जाने का हवाई टिकट भी बुक करवा रखा था। मेरे बार-बार आग्रह करने के बावजूद उन्होंने संस्थान को उस टिकट का भुगतान नहीं करने दिया। यह उनके सहज बड़प्पन और आत्मीय व्यवहार का एक और उदाहरण था।

और सबसे सुखद बात यह रही कि लगभग तीन वर्ष बाद उन्होंने अपना वचन निभाया। तमाम व्यस्तताओं के बीच वे हमारे संस्थान पधारे। उन्होंने लगभग 45 मिनट का अत्यंत प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों और विद्यार्थियों पर उनकी बौद्धिकता, विचारों की गहराई और अभिव्यक्ति की प्रभावशीलता की ऐसी छाप पड़ी, जो लंबे समय तक स्मरणीय रहेगी। अगले दिन उनकी जोधपुर से वापसी की फ्लाइट थी, लेकिन अपनी व्यस्तताओं के कारण उन्होंने उसी रात ट्रेन से दिल्ली लौटना स्वीकार किया।

मेरे लिए यह पूरा प्रसंग केवल एक कार्यक्रम में किसी प्रतिष्ठित अतिथि के आगमन की कहानी नहीं है। यह एक ऐसे व्यक्तित्व का परिचय है, जो पद की ऊँचाई पर पहुँचकर भी सहजता, संवेदनशीलता, वचनबद्धता और कार्यकर्ता के प्रति आत्मीयता को बनाए रखता है। जो अपनी व्यस्तताओं के बीच भी राष्ट्रीय राजधानी से दूर स्थित संस्थान में उसके शिक्षकों और विद्यार्थियों के आग्रह को महत्त्व देता है। जो किसी कार्यकर्ता को केवल उसके पद या प्रभाव से नहीं, बल्कि उसके भाव और उद्देश्य से देखता है।

इस दीपावली पर उनसे पुनः भेंट हुई तो वही पुराना स्नेह, आत्मीयता और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने मुझे कोंकण से लाई यह भेंट भी सौंपी। उनसे मिलकर एक बार फिर यह अनुभूति हुई कि किसी व्यक्ति का वास्तविक बड़प्पन केवल उसके पद, प्रतिष्ठा अथवा बौद्धिक उपलब्धियों से नहीं मापा जाता, बल्कि इस बात से मापा जाता है कि वह अपनी ऊँचाइयों पर पहुँचकर भी अपने मूल से कितना जुड़ा रहता है और दूसरों के लिए कितना सहज, संवेदनशील एवं उपलब्ध रहता है।

संगठन के प्रति निष्ठा, विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता, कार्यकर्ता के प्रति सम्मान और सबके प्रति विनम्रता, ये वे गुण हैं, जो किसी भी सार्वजनिक जीवन के व्यक्ति को सचमुच बड़ा बनाते हैं।

Share this post

प्रणय कुमार

प्रणय कुमार

बतौर शिक्षा प्रशासक कार्यरत प्रणय कुमार लेखक और शिक्षाविद हैं। अध्यापन के साथ विभिन्न अखबारों/पत्रिकाओं के लिए नियमित लेखन करते हैं। इसके साथ ही भारतीय दर्शन, चिंतन तथा सनातन ज्ञान परंपरा पर अपने व्याख्यान के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top