शादी का दिखावा : वो आग जो घर को जला देती है

67d78bb561194-20250317-174047437-16x9.jpg.webp

दिल्ली। आज जो लोग 50 लाख रुपये एक रात में उड़ा रहे हैं, कल वही लोग अस्पताल में 5 लाख का इंतजाम नहीं कर पाते।
मुसीबत के वक्त न रिश्तेदार आते हैं, न डीजे वाला, न इवेंट मैनेजर। सिर्फ बैंक बैलेंस साथ देता है।मैंने पिछले पाँच-सात साल में दर्जनों घर ऐसे देखे हैं जो बेटी की शादी के बाद भी खड़े तो हैं, लेकिन उनमें “घरवाले” नहीं रह गए। ज़मीन गई, माँ के गहने गिरवी पड़ गए, नौकरी की सारी तनख्वाह EMI में चली गई, रात की नींद दवाइयों में और सम्मान पर “कर्जदार” का ठप्पा लग गया। एक शादी ने पूरा परिवार 15-20 साल पीछे धकेल दिया।पहले था सादगी का दौरगाँवों में सिर्फ तीन मौके सार्वजनिक होते थे – तिलक, हल्दी और बारात। बाकी सारी रस्में घर की चारदीवारी में, 10-15 अपने लोगों के बीच।

मंदिर में सुबह 11 बजे तक फेरे हो जाते थे, घर आकर 50-60 लोग खाना खाकर चले जाते थे। कुल खर्च? 50-70 हजार रुपये।
शादी हो जाती थी – खुशी से, शांति से, बिना किसी कर्ज के।अब शादी नहीं, “इवेंट” बन गई हैआज वही शादी एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी का प्रोजेक्ट बन चुकी है।

2025 के हिसाब से एक “साधारण” मध्यमवर्गीय शादी का ब्रेकअप कुछ यूं है:

सगाई (रेस्टोरेंट + 50 लोग) → ₹1.2–1.5 लाख
रिंग सेरेमनी (अलग से!) → ₹80 हजार–1 लाख
छेका/गोड़भराई → ₹50-80 हजार
तिलक (पूरे गाँव को खिलाना + टेंट + DJ) → ₹4–6 लाख
हल्दी (फिल्मी थीम + ड्रोन + फोटोग्राफर) → ₹2–3 लाख
मेहंदी + महिला संगीत (दो अलग फंक्शन) → ₹2.5–4 लाख
शादी का दिन
हॉल/फार्महाउस → ₹3–5 लाख
30-40 गाड़ियों का कन्वॉय → ₹1.5–2 लाख
बैंड-बाजा-घोड़ी-DJ-लाइट-पटाखे → ₹2–3 लाख
खाना (1000+ लोग) → ₹4–6 लाख
कपड़े-गहने-मेकअप → ₹5–8 लाख
रिसेप्शन (फिर वही सब दोहराओ) → ₹5–7 लाख
कुल: एक पक्ष का “साधारण” खर्च → ₹30-45 लाख
दोनों पक्ष मिलाकर → ₹60-90 लाख
ऊपर से दहेज → ₹10-20 लाख अतिरिक्तअब आम आदमी का हिसाब देखिए:
महीने की कमाई: ₹50-70 हजार
यानी 10-12 साल की पूरी सैलरी एक रात में उड़ा दो।नतीजा क्या हुआ?

ज़मीन बिक गई
माँ के गहने गिरवी पड़ गए
बाप रात-रात भर नींद की गोलियाँ खाता है
बेटी की विदाई के बाद माँ खुशी से नहीं, कर्ज के डर से रोती है
टीवी सीरियल और इंस्टाग्राम रील्स ने हमें यही सिखाया है कि “शादी बड़ी नहीं, इवेंट बड़ा होना चाहिए”। और हम बेवकूफ बनकर वही कर रहे हैं।सच तो ये है…

शादी का असली गवाह मंदिर का शिवलिंग होता है, इंस्टाग्राम की रील नहीं।
असली आशीर्वाद माँ-बाप का हाथ सिर पर होता है, ड्रोन शॉट नहीं।
शादी के बाद का सबसे बड़ा सुकून कर्जमुक्त नींद होती है, 5-सितारा रिसेप्शन नहीं।
मेरा प्रस्ताव – वापस उसी पुरानी सादगी की ओर

सगाई घर पर, 15-20 सबसे करीबी लोग
शादी मंदिर में, सुबह 11 बजे तक फेरे
सिर्फ 10-15 अपने लोग
शाम को मोहल्ले/सोसायटी/गाँव में सामूहिक भोज – सबको बुलाओ, दिल खोलकर खिलाओ
कुल खर्च? ₹2-3 लाख।
सम्मान बचेगा, ज़मीन बचेगी, नींद बचेगी, बेटी का भविष्य बचेगा।जो लोग आज 50 लाख उड़ा रहे हैं, कल वही लोग अस्पताल में 5 लाख का इंतजाम नहीं कर पाते।

मुसीबत में न डीजे वाला आता है, न रिश्तेदार। सिर्फ बैंक बैलेंस काम आता है।अगर आप भी इस दिखावे से थक चुके हैं, तो आज से ठान लीजिए –
अगली पीढ़ी की शादी मंदिर में होगी,

10 अपने लोगों के बीच होगी,
और बचा हुआ सारा पैसा बेटी के नाम RD या म्यूचुअल फंड में डाल देंगे।इस लेख को उस हर पिता तक पहुँचाइए
जो आज रात सोते वक्त छत की ओर देखकर सोच रहा है –
“बेटी की शादी कैसे होगी…?”आज का सबसे बड़ा पुण्य यही है –
किसी एक पिता को कर्ज के बोझ से बचा दो।

IndiGo Crisis : भारत को नीचा दिखाने की है यह नापाक साजिश

2-4.jpeg

आशीष कुमार ‘अंशु’

नई दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु सहित देश के कई बड़े एयरपोर्टों पर पिछले कुछ दिनों से जो अव्यवस्था का तांडव दिख रहा है, वह कोई तकनीकी खराबी या मौसमी कोहरे का परिणाम मात्र नहीं है। इंडिगो जैसी निजी एयरलाइन की मनमानी, उड़ानों का घंटों विलंब, यात्रियों का अपमानजनक व्यवहार और सोशल मीडिया पर वायरल होती शर्मनाक तस्वीरें—यह सब उसी समय शुरू हुआ जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुँचे हैं। संयोग? बिल्कुल नहीं। यह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।

इतिहास गवाह है कि जब-जब भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है, तब-तब देश की छवि को धूमिल करने की कोशिशें तेज हो जाती हैं। फरवरी 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दिल्ली यात्रा के ठीक दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सुनियोजित दंगे भड़काए गए थे। दुनिया भर के मीडिया ने भारत को “असहिष्णु” और “अस्थिर” दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। नतीजा? उस समय चल रहे CAA-NRC विरोध के नाम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की जमकर किरकिरी हुई। आज भी वही स्क्रिप्ट दोहराई जा रही है, बस मैदान बदल गया है-दिल्ली की सड़कें नहीं, देश के एयरपोर्ट।

पुतिन की इस यात्रा का महत्व असाधारण है। ब्रह्मोस मिसाइल के निर्यात, कुडनकुलम परमाणु प्लांट की नई यूनिट्स, डॉलर-रुपया-रूबल त्रिपक्षीय भुगतान तंत्र, आर्कटिक क्षेत्र में ऊर्जा सहयोग और रक्षा उत्पादन में गहरा सहयोग—ये वे मुद्दे हैं जो पश्चिमी देशों की नींद उड़ा रहे हैं। भारत आज न केवल रूस का सबसे बड़ा रक्षा साझेदार है, बल्कि वह देश है जो अमेरिका और रूस के बीच संतुलन बनाते हुए अपनी स्वतंत्र विदेश नीति को मज़बूती से आगे बढ़ा रहा है। यह बात कुछ ताकतों को रास नहीं आ रही।

ऐसे में एयरपोर्टों पर अचानक पैदा हुई यह अफरा-तफरी कोई संयोग नहीं है। विदेशी मेहमान के सामने भारत को “तीसरी दुनिया का अव्यवस्थित देश” दिखाने की पुरानी चाल है। विदेशी मीडिया में पहले से ही हेडलाइंस तैयार हैं—“Chaos at Indian airports as Putin visits”, “India’s aviation crisis exposes crumbling infrastructure”। सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे वीडियो और तस्वीरें इसी नैरेटिव को बल दे रहे हैं।

यह सिर्फ़ DGCA की नाकामी नहीं है। यह एक बड़ा राष्ट्र-विरोधी षड्यंत्र है, जिसका मकसद भारत की बढ़ती हुई वैश्विक साख पर कीचड़ उछालना है। जब देश नई ऊँचाइयों को छूने की दहलीज पर खड़ा हो, ठीक उसी समय उसे अस्थिर, अक्षम और अविश्वसनीय दिखाने की यह सुनियोजित कोशिश है।

देशवासियों, सतर्क रहिए। यह कोहरे का खेल नहीं, देश की छवि पर हमला है। यह कोई सामान्य अव्यवस्था नहीं, भारत को नीचा दिखाने की नापाक साजिश का नया अध्याय है।

हीरेन जोशी को लेकर, झूठी खबरों से रहें सावधान

unnamed-4.jpg

उमेंद्र दत्त

चंडीगढ़ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जो लोग वर्षों से नज़दीक से जानते और उनके साथ काम करते आए हैं, वे भली-भांति जानते हैं कि वे विश्वास, सत्यनिष्ठा और कार्यकुशलता के मामले में कोई समझौता नहीं करते।

35 वर्षों का संगठनात्मक जीवन और 25 वर्षों का प्रशासनिक अनुभव किसी साधारण व्यक्ति का नहीं होता। ऐसे नेता को यह पूरी समझ होती है कि उसके आसपास कौन है, किस उद्देश्य से है और किस योग्यता के आधार पर है।

हिरेन जोशी जैसे लोग यदि 18 वर्षों से लगातार उनके विश्वासपात्र बने हुए हैं, तो यह किसी व्यक्तिगत निकटता का नहीं बल्कि योग्यता, निष्कलंक चरित्र और कर्मठता का प्रमाण है।
2014 के बाद सरकार और जनता के बीच जो सीधा, निरंतर और प्रभावी संवाद स्थापित हुआ है, वह एक मजबूत, पारदर्शी और पेशेवर संचार तंत्र की देन है—और यही बात कुछ लोगों को सबसे अधिक अखरती है।

आज जब प्रधानमंत्री मोदी जी की राष्ट्रहित आधारित नीतियाँ, निर्णायक नेतृत्व और भ्रष्टाचार-विरोधी रुख देश को सुदृढ़ कर रहा है, तब कुछ राजनीतिक दल और वैचारिक समूह असहज हो जाते हैं। चुनावी या वैचारिक पराजय की हताशा में नीति पर बहस करने के बजाय व्यक्ति पर आक्रमण और दुष्प्रचार का सहारा लिया जाता है।

इसी क्रम में कभी पीएम के आसपास के लोगों को निशाना बनाकर अप्रत्यक्ष हमला किया जाता है।

तथ्यों के अभाव में आरोप लगाना, अटकलों के सहारे नैरेटिव गढ़ना और बार-बार “हिट एंड रन” की रणनीति अपनाना—यह सब अब जनता भली-भाँति पहचान चुकी है।
देश आज यह फर्क समझता है कि
आरोप क्या है और प्रमाण क्या है,
प्रचार क्या है और प्रदर्शन क्या है।

समय ने बार-बार यह सिद्ध किया है कि
नरेंद्र मोदी न केवल व्यक्तिगत रूप से ईमानदार हैं, बल्कि अपने निकटतम सहयोगियों की सत्यनिष्ठा से भी कभी समझौता नहीं करते।

यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है—और यही कारण है कि तमाम दुष्प्रचार अभियानों के बावजूद उनका जनविश्वास लगातार और अधिक मजबूत होता गया है।

प्यार, सेक्स और धोखा

2-2-1.jpeg

मनोज कौशिक

जयपुर: जमाना बहुत खराब है जरा संभल कर रहे नहीं तो जो आपने वर्षों से इज्जत बनाई है मिट्टी में मिलते देर नहीं लगेगी।

राजस्थान के चुरू जिले में बसा छोटा-सा कस्बा बीदासर। यहाँ की गलियाँ शांत हैं, लोग सीधे-सादे। मुख्य बाजार में एक पुरानी मोबाइल की दुकान थी, जिसके मालिक थे 55 साल के रामस्वरूप जी। उम्र ढल चुकी थी, बाल सफेद हो चले थे, लेकिन दुकान का काम अभी भी ईमानदारी से चलाते थे। बीवी-बच्चे घर पर, दिन भर दुकान, शाम को घर। जिंदगी सरल थी, बिना किसी उलझन के।

एक दोपहर दुकान पर एक 22 साल की लड़की आई। नाम था रेशमा। चेहरा गोरा, आँखें बड़ी-बड़ी, बातें मीठी। बोली, “अंकल, नया फोन देखना है।” रामस्वरूप ने कई फोन दिखाए। लड़की हर फोन उठाती, मुस्कुराती, नजरें मिलातीं। बातों-बातों में हँसी-मजाक होने लगा। जाने से पहले रेशमा ने अपना नंबर लिख कर दे दिया और बोली, “अंकल, कोई अच्छा ऑफर हो तो बता देना।”

रामस्वरूप को लगा, शायद सच में फोन खरीदना चाहती होगी। शाम को उन्होंने मैसेज किया। जवाब आया। फिर कॉल हुई। बातें धीरे-धीरे प्यार भरी होने लगीं। रेशमा कहती, “आप बहुत अच्छे लगते हो… कोई मेरी इतनी केयर नहीं करता।” रामस्वरूप, जो सालों से अकेलापन महसूस कर रहे थे, बहक गए। दो दिन में ही दिल हार बैठे।
तीसरे दिन रेशमा का मैसेज आया, “मिलोगे ना? बहुत याद आ रही है।” जगह बताई एक छोटे से होटल की। रामस्वरूप ने सोचा भी नहीं। दुकान बंद की, ऑटो लिया और पहुँच गए। कमरे में रेशमा पहले से मौजूद थी। गले लगी,  और फिर जो हुआ, वो रामस्वरूप की जिंदगी का सबसे बड़ा भूल था।

शाम को जब दुकान लौटे तो फोन पर व्हाट्सएप खोला। एक वीडियो आया। पूरा होटल वाला दृश्य। उसमें वो खुद थे। साथ में रेशमा का मैसेज था:
“5 लाख रुपये। सुबह तक। नहीं तो ये वीडियो पूरे बीदासर में वायरल। और फर्जी रेप का केस भी ठोंक दूँगी। पुलिस तेरे घर आएगी।”

रामस्वरूप के पैरों तले जमीन खिसक गई। हाथ काँपने लगे। रात भर नींद नहीं आई। सुबह होते-होते थाने पहुँच गए। बीदासर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के सामने सारी बात रोते हुए बता दी। वीडियो दिखाया। इंस्पेक्टर ने शांत स्वर में कहा, “चिंता मत करो बाबूजी। अब हमारा नंबर है।”

पुलिस ने जाल बिछाया। रामस्वरूप को कहा गया कि लड़की को मैसेज करो, “पैसे तैयार हैं, 2 लाख अभी दे रहा हूँ, बाकी बाद में।” जगह तय हुई। सुबह 6 बजे। एक सुनसान जगह पर।

रेशमा अपने बाप के साथ आई। जैसे ही 2 लाख का लिफाफा हाथ में लिया, पुलिस ने घेर लिया। दोनों रंगे हाथ पकड़े गए। रेशमा चिल्लाई, “ये तो झूठ है!” लेकिन मोबाइल में चैट, वीडियो, सब कुछ था। उसका बाप भी साथ में था। प्लान दोनों का था।

अब रेशमा और उसके पिता ब्लैकमेलिंग के केस में जेल की हवा खा रहे हैं। रामस्वरूप की इज्जत बच गई, लेकिन दिल पर एक गहरा घाव लग गया।

कहते हैं ना,”जो दिखता है, वो हमेशा सच नहीं होता।” और प्रेम कभी भी अंधा नहीं होता, बस कभी-कभी हम खुद आँखें बंद कर लेते हैं।

बीदासर की वो दुकान आज भी खुली है।
 
लेकिन अब रामस्वरूप किसी अनजान नंबर पर कॉल करने से पहले सौ बार सोचते हैं। उम्र कोई सुरक्षा-कवच नहीं है। 55 साल का आदमी भी 22 साल की लड़की के जाल में फँस सकता है। अकेलापन और भावनात्मक खालीपन सबसे बड़ा कमजोर कड़ी होता है।

प्रेम और वासना में फर्क समझना जरूरी है । सच का प्रेम कभी इतनी जल्दी, इतनी सस्ती जगह और इतने गंदे तरीके से नहीं होता। जो दो दिन में बिस्तर तक पहुँच जाए, वो प्रेम नहीं, जाल ही होता है।
अनजान व्यक्ति से शारीरिक संबंध बनाने से पहले सौ बार सोचें। आज के जमाने में होटल के कमरे में छिपा कैमरा, मोबाइल की रिकॉर्डिंग और ब्लैकमेल आम हो गया है। एक पल का सुख जिंदगी भर का कलंक बन जाता है।

गलती हो जाए तो तुरंत पुलिस के पास जाएँ। शर्म और डर के कारण चुप रहने से ठग और मजबूत हो जाते हैं। रामस्वरूप ने हिम्मत दिखाई, इसलिए उनकी इज्जत और आजादी दोनों बच गईं।
 
ये कोई कहानी नही सत्य घटना है ,घटनाक्रम के मुख्य पात्रों के नाम बदले गये हैं।

scroll to top