दिल्ली में वायु प्रदूषण गंभीर, वायु गुणवत्ता सूचकांक ४५० के पार

Screenshot-2023-11-09-at-8.54.29 AM.png

राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता आज गंभीर श्रेणी में रही। शाम 4 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 426 दर्ज किया गया। दिल्ली सरकार ओला, उबर और अन्य टैक्सियों की गैर-दिल्ली पंजीकृत कैब के राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाएगी। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने आज कहा कि केवल दिल्ली में पंजीकृत कैब को ही राष्ट्रीय राजधानी में चलने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सम्‍बंध में एक विस्तृत आदेश जारी किया जाएगा।

श्री राय ने कहा कि सर्वोच्‍च न्‍यायालय द्वारा ऑड-ईवन योजना की समीक्षा के बाद सरकार इसे लागू करेगी। उन्होंने कहा कि योजना की प्रभावशीलता का पता लगाने के लिए किए गए दो प्रमुख अध्ययनों को न्‍यायालय के समक्ष रखा जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के प्रमुख शहरों में अभी हवा जहरीली ही बनी रहेगी। प्रतिकूल हालात से जल्द राहत मिलने वाली नहीं है। पंजाब व पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने पर भी रोक नहीं लग पा रही है।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, सम-विषम फॉर्मूले के प्रभावों पर शीर्ष कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई के बाद कोई फैसला होगा। शिक्षा निदेशालय के सर्कुलर में कहा गया है, शीतकालीन अवकाश को समय से पूर्व इसलिए किया गया है, ताकि स्कूल पूरी तरह से बंद हो जाएं और बच्चे व शिक्षक दोनों घर रह सकें। दिल्‍ली के सभी स्कूलों की दिसंबर की शीतकालीन छुट्टियां पुनर्निर्धारित कर दी गई हैं और अब यह कल से 18 नवंबर तक होंगी।

भाजपा ने राजस्‍थान चुनाव आयोग से अशोक गेहलोत की शिकायत की

4e4bb5fb0b1f9847293e80c0507c95311677061269321584_original.jpg

भाजपा ने आज राजस्‍थान चुनाव आयोग से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नामांकन पत्र के शपथपत्र में दो मुकदमों की जानकारी छुपाने के संबंध में शिकायत की है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य मुख्य चुनाव अधिकारी प्रवीण गुप्ता को ज्ञापन सौंप कर इस मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पर दोनों ही मुकदमें गंभीर मामले के हैं।

शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया कि गहलोत के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े समेत दो आपराधिक केस दर्ज हैं, लेकिन, नामांकन पत्र के साथ पेश शपथ पत्र में इसकी जानकारी छिपाई गई है। भाजपा का आरोप है कि एक केस जमीन घोटाले से संबंधित है, जबकि दूसरा दुष्कर्म और यौन हिंसा से संबधित है। भाजपा ने गहलोत को लोकप्रतिनिधित्व कानून के तहत दोषी मानते हुए चुनाव आयोग से उनका नामांकन पत्र खारिज करने की मांग की है।

शेखावत ने कहा- गहलोत के खिलाफ जमीन घोटाले से जुड़ा एक मामला 08 सितम्बर 2015 को जयपुर के गांधीनगर थाने में भाारतीय दंड संहिता की धारा 166, 409, 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत एफआईआर दर्ज है। वर्तमान में यह प्रकरण अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट के समक्ष विचाराधीन है। इसमें आगामी तारीख 24 नवंबर है। इसी प्रकार एक अन्य प्रकरण रेप और यौन हिंसा जैसी संज्ञेय धाराओं में दर्ज है। इसकी जानकारी नामांकन पत्र के साथ पेश शपथ पत्र में नहीं दी गई, जबकि ये जानकारी देना अनिवार्य था।

बिहार में पिछड़ा वर्ग को दिये जाने वाले आरक्षण की सीमा को बढ़ाकर 65% करने का निर्णय लिया

nitish_kumar_28_12_2016.jpg

बिहार में राज्य मंत्रिमंडल ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और पिछड़ा वर्ग को दिये जाने वाले आरक्षण की सीमा को बढ़ाकर 65 प्रतिशत करने का निर्णय किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में अब से थोड़ी देर पहले संपन्न कैबिनेट की बैठक में यह फैसला किया गया। इसके तहत अब राज्य की सरकारी नौकरियों में इन वर्गों को आरक्षण 50% से बढ़ाकर 65% करने का फैसला किया गया है।

इससे संबंधित विधेयक के प्रस्ताव को राज्यपाल की स्वीकृति के लिए भेजा गया है। राजभवन से अनुमोदित होने के बाद संबंधित विधेयक विधान मंडल में पेश किया जायेगा। राज्य में जाति आधारित गणना की रिपोर्ट में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्गों की आबादी में बढोतरी दर्ज की गयी है। इसके आधार पर सरकार ने आरक्षण का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है।

इधर, भारतीय जनता पार्टी ने भी आरक्षण का दायरा बढ़ाये जाने को समर्थन देने का फैसला किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पटना में कहा कि उनकी पार्टी सरकार के फैसले के साथ है क्योंकि भाजपा हमेशा से कमजोर वर्ग को मजबूत करने की पक्षधर रही है।

छत्तीसगढ़ में 71 प्रतिशत और मिजोरम में 77 प्रतिशत से अधिक मतदान

NPIC-2023117135525.jpg

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है। अब तक मिले आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण के दौरान राज्य के 20 विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। 25 महिलाओं सहित 223 उम्मीदवारों का चुनावी भाग्य आज इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गया है।

मिजोरम में 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया है। मिजोरम में 77 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया ।मिजोरम में 8 लाख 57 हजार से ज्यादा मतदाता है। राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कामभमपति पहले मतदान करने वालों शामिल थे।

मिजोरम ने आज लोकतंत्र का पर्व उत्साह पूर्वक मनाया। वोट डालने के लिए मतदाता तडके से ही कतार में खड़े थे। युवा, बुर्जुग, महिलाएं और समाज के सभी वर्ग के लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया। राज्यभर में 1 हजार 276 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए। इस चुनाव में सत्ताधारी मिजो नेशनल फ्रंट, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और जोराम पीपुल्‍स मूवमेंट ने सभी चालीस सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं जबकि भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड रही है। आम आदमी पार्टी पहली बार राज्‍य में चुनाव लड रही है। इसने चार सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। 27 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं। 16 महिलाओं सहित 174 उम्मीदवारों का भाग्‍य ईवीएम में बंद हो गया है।

scroll to top