बिहार में बेतिया की बात ही कुछ अलग है …

WhatsApp-Image-2023-11-07-at-17.01.13.jpeg

मिठाई मेरी कमजोरी है। खासकर रसगुल्ले। जहां मौका मिले, कम से कम 2 रसगुल्ले तो निपटा ही देता हूं।

इधर बीच किसी काम के सिलसिले में पश्चिमी चंपारण जाना हुआ । वहां का जिला मुख्यालय है बेतिया। लंच के वक्त किसी से पूछा, सादा खाना कहां मिलेगा?

बिहार में सादा खाना मतलब, दाल, भात, सब्जी, चोखा, भुजिया, अचार या चटनी, सलाद और पापड़। एक बिहारी को अगर दोपहर के वक्त खाने में ये मिल गया तो समझिए उसे दुनिया का हर सुख मिल गया। हम तो ठहरे ठेठ बिहारी।

तो मुझे बताया गया कि स्टेशन चौक पर बंगाली के यहां चले जाइए।

हालांकि बेतिया शहर में दो तीन अच्छे रेस्तरां हैं। बीकानेर और श्याम होटल। लेकिन यहां के खाने में बिहारी जायका नहीं है। वही पनीर कड़ाही और दाल मखनी। दाल मखनी या काली दाल ने तो ऐसा कब्जा किया है कि लहसुन और हींग में बघारी अरहर की दाल ढूंढे नहीं मिलती। बेतिया के स्टेशन चौक पर ही वृंदावन होटल है। शुद्ध शाकाहारी। लेकिन खाना ऐसा घटिया कि वहां जाकर आपको लगेगा कि किसी जन्म में कोई पाप हुआ होगा जिसकी वजह से वृंदावन होटल में खाना नसीब हुआ।

वैसे बेतिया शहर मांसाहारी खाने वाले लोगों के लिए जन्नत है। हर तरफ आपको अहुना मटन और मछली की दुकानें दिख जाएंगी। मुझे किसी ने बताया कि अहुना मटन को ही चंपारण से बाहर आजकल चंपारण मटन के नाम से जाना जाता है। पटना सहित बिहार के लगभग हर जिले में चंपारण मटन की दुकान दिखती हैं। दिल्ली में भी अब एकाध दुकान इसी नाम से खुल गई हैं। दिल्ली में कई रेस्तरां अब अपने मेन्यू में चंपारण मटन डिश रखते हैं।

लेकिन अपने को सादा खाना ही जंचता है। तो हमारी खोज खत्म हुई और बंगाली होटल दिख गया। बोर्ड को बहुत ध्यान से देखने से पता चल रहा था कि long long ago कभी इस पर बंगाली लिखा गया होगा। लेकिन बारिश के थपेड़ों ने बंगाली शब्द धुंधला कर दिया। बाहर से देखने पर ये मिठाई और समोसे की दुकान लग रही थी।

हमने अंदर जाकर पूछा तो पता चला कि खाना भी मिलता है। सादा खाना। कतरनी चावल, अरहर दाल, आलू परवल की सब्जी, आलू भिंडी की भुजिया, अचार, पापड़, सलाद। भूख लगी थी। सो झटपट खाना निपटाया गया।

लेकिन इस दौरान मेरी निगाह बगल में रखे रसगुल्ले के कड़ाह पर टिकी रही। जिस तरह से रसगुल्ले बन रहे थे लगा कि कोई ऑर्डर होगा। थोक में बन कर जा रहे हैं। लेकिन खाना खत्म करते करते ये बात समझ में आ गई कि ना, ये ऑर्डर के लिए नहीं है। इसे तो शाम तक निपट जाना है।
खाना खत्म करते ही हमने रसगुल्ला ऑर्डर किया। और मेरे सामने एक प्लेट रसगुल्ला लाकर रख दिया। एक प्लेट में 8 रसगुल्ले। मैं कभी रसगुल्ले के प्लेट को देख रहा हूं और कभी लाने वाले को।

उसने पूछा, भईया और चाहिए?
और!!! अरे भाई, इसी को खाने में पसीने चुने लगेंगे।
भैया, हमारे यहां तो एक प्लेट में 8 ही आते हैं।
एक प्लेट में 8!!!
हां भैया। आप खाइए न। आपको पता भी नहीं चलेगा।

हम तीन लोग थे। बाकी का प्लेट वापस कराए। एक ही प्लेट में खाए। लेकिन सच में पता ही नहीं चला। मुंह में जाते ही घुल जाता था। उफ्फ! क्या शानदार बनाया था।

8 रसगुल्ले के अनुभव को देखते हुए हमने फिर 2 गुलाबजामुन ऑर्डर किया। ☺️
उसका भी वही स्वाद!

लेकिन सबसे ज्यादा आश्चर्य तब हुआ जब बिल पेमेंट करने पहुंचा। 3 आदमी का भरपेट सादा खाना, 8 रसगुल्लों वाला एक प्लेट रसगुल्ला और गुलाबजामुन।

कुल बिल हुआ मात्र 250 रुपया। वाह चंपारण! अहा बेतिया!

दिव्य आनंद की अनुभूति लेते हुए हम आगे की ओर निकल पड़े।

दिल्‍ली में खराब एक्यूआई को देखते हुए, ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के चरण-4 को लागू किया गया

Screenshot-2023-11-07-at-12.55.19 PM.png

राजधानी दिल्ली में घनी धुंध की परत छाई हुई है, क्योंकि हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। सुबह 7 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 396 दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग-सी.ए.क्यू.एम. ने वायु गुणवत्ता में और गिरावट को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र-एन.सी.आर. में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-ग्रैप के चरण-चार को लागू किया है।

ग्रैप के चरण-चार के तहत, आवश्यक सेवाओं के लिए छूट के साथ, अन्य राज्यों से केवल सी.एन.जी., इलेक्ट्रिक और बीएस-छह वाहनों को प्रवेश की अनुमति है। आयोग ने दिल्ली और आसपास के राज्यों को प्रतिबंध लागू करने का निर्देश दिया है, जिसमें सार्वजनिक परियोजनाओं के लिए निर्माण कार्य पर प्रतिबंध और सरकारी और निजी कार्यालय के 50 प्रतिशत कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देना शामिल है।

वायु प्रदूषण के मद्देनजर दिल्ली में इस महीने की 13 से 20 तारीख तक एक सप्ताह के लिए ऑड-ईवन वाहन प्रणाली लागू रहेगी। राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज भी घनी धुंध छाई हुई है और वायु गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज सुबह सात बजे दिल्‍ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 440 दर्ज किया गया। यह सूचकांक नोएडा के लिए 429, गुरुग्राम के लिए 425 और फरीदाबाद के लिए 457 था।

इस बीच, दिल्‍ली के उप-राज्यपाल वीके सक्सेना ने स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कल एक आपात समीक्षा बैठक की, जिसमें अंतरिम उपायों पर चर्चा की गई। बैठक में लोगों से यथासंभव घर में ही रहने की अपील करने और सार्वजनिक परिवहन का ही उपयोग करने के विकल्पों पर भी विचार किया गया। सक्सेना ने कहा कि वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए दीर्घकालिक योजना की आवश्यकता है।

छत्तीसगढ़ और मिजोरम में एक ही चरण के विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू

tnnrth48_voting_625x300_07_November_23.jpg.webp

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 20 सीटों के लिए मतदान जारी है। इनमें से अधिकतर निर्वाचन क्षेत्र नक्‍सल प्रभावित क्षेत्रों में है। इस चरण में 25 महिला उम्‍मीदवारों सहित 223 उम्‍मीदवारों के भाग्‍य का फैसला होगा। इन उम्‍मीदवारों में भाजपा नेता और पूर्व मुख्‍यमंत्री रमन सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष दीपक बैज तथा उपाध्‍यक्ष संतराम नेताम विशिष्‍ट उम्मीदवार हैं। 20 विधानसभा क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है। इनमें से 16 विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। इस चरण में 5304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

5304 मतदान केंद्रों में से 200 संगवारी मतदान केंद्रों का प्रबंधन महिला कर्मचारी संभाल रही हैं। 20 मतदान केंद्रों का प्रबंधन दिव्यांगजन और युवा संभाल रहे हैं। छत्तीसगढ़ के शेष 70 सीटों के लिए मतदान दूसरे और अंतिम चरण में 17 नवंबर को कराया जायेगा। इसमें राज्‍य विधानसभा के 90 सदस्यों के भाग्‍य का फैसला होगा। मतों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

मिजोरम में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान आज सभी 40 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में हो रहा है। मतदान आज सुबह 7 बजे शुरू हुआ है और शाम 4 बजे समाप्त होगा। 4 लाख 39 हजार 26 महिला सहित 8 लाख 57 हजार से अधिक मतदाता 174 उम्मीदवारों के भाग्‍य का फैसला करेंगे।

शंकराचार्य विजयेन्द्र सरस्वती ने किया जनता सर्वोपरि पुस्तक का लोकार्पण

abedbc1d-69c9-47cc-af53-63708e86b9af.jpg

गरीबों की सेवा करना ही हिन्दू धर्म है : शंकराचार्य विजयेन्द्र सरस्वती

शंकराचार्य ने कहा गरीबी हटाओ यही धर्म का उपदेश

कांची कामकोटि पीठ के 70 वें पीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य विजयेन्द्र सरस्वती ने सोमवार को माधव सभागार निरालानगर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों पर आधारित पुस्तक ‘जनता सर्वोपरि’ का लोकार्पण किया। इस पुस्तक को पत्रकार बृजनन्दन राजू ने लिखी है।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्तीय अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल,विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्त मंत्री देवेन्द्र मिश्र, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक सुभाष अग्रवाल,गोपाल कृष्ण अग्रवाल और वरिष्ठ पत्रकार आशीष वशिष्ट प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जगद्गुरू शंकराचार्य विजयेन्द्र सरस्वती ने कहा कि ने कहा कि ज्ञान प्राप्त करना हि मनुष्य जीवन का परमतात्पर्य है। जो गरीब हैं जो असमर्थ है जिसे सेवा की जरूरत है ऐसे व्यक्तियों की मद्द करना यही हिन्दू सनातन वैदिक धर्म है। गरीबी हटाओ यही धर्म का उपदेश है।

शंकराचार्य विजयेन्द्र सरस्वती ने कहा कि हिन्दू धर्म सामाजिक है। हिन्दू धर्म वैज्ञानिक है। संसार में अच्छा व्यवहार करना। जो करें अच्छे से करें सत्य का विचार करें। सत्य का अन्वेषण करें। परमार्थ का कार्य करें। चित्त शुद्धि प्राप्त करें। रामकथा कहीं भी हो वह सुनना चाहिए। उसे श्रवण यज्ञ कहते हैं।

शंकराचार्य ने बताया कि मैं अयोध्या होकर आ रहा हूँ। राम मंदिर के निर्माण के साथ—साथ अयोध्या नगरी भी सुंदर बन रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को छोटे—छोटे मंदिरों की भी चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्मणपुरी में हम पहले भी आ चुके हैं अपने गुरूजी के साथ।

विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्तीय अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने कहा कि 500 वर्षों के सतत संघर्ष के परिणाम स्वरूप अयोध्या में श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य दिव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि अयोध्या से पूजित अक्षत कलश देशभर में गया है। अब देशभर में विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता घर—घर जाकर रामोत्सव मनाने का आमंत्रण देंगे। उन्होंने उपस्थित जनता से अपील की है कि वह प्राण प्रतिष्ठा के दिन अयोध्या न जाकर बाद में परिवार समेत दर्शन करने जायं।

विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्त मंत्री देवेन्द्र मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में हिन्दुत्व व हिन्दू संस्कृति के उत्थान के बहुआयामी कार्य हुए हैं। वहीं जनता के कल्याण के लिए भी हर स्तर पर काम किये गये हैं। इस पुस्तक जनता सर्वोपरि में सरकार द्वारा किये गये कार्यों का उल्लेख किया गया है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक सुभाष अग्रवाल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का नाम आज प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश व दुनियाभर में लिया जा रहा है। काम तो सभी सरकारें करती हैं लेकिन जो काम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतत्व में हो रहा है वह कभी नहीं हुआ। योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में अयोध्या मथुरा काशी को नई ​पहचान मिली है।

बृजनन्दन राजू ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश नित नये कीर्तिमान रच रहा है। उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव को आज आम आदमी महसूस कर रहा है। समाज के वंचित व उपेक्षित लोगों को सहारा देकर स्वाभिमान का भाव जाग्रत करने का काम योगी आदित्यनाथ ने किया। वनटंगिया व मुसहर समाज के लोगों की चिंता शासनस्तर पर पहली बार हुई है। बृजनन्दन राजू ने बताया कि जनता सर्वोपरि पुस्तक योगी सरकार के कार्यों पर आधारित है। इस पुस्तक में 21 अध्याय हैं।

scroll to top