मीनाक्षी लेखी जी : सहज उपलब्धता और संवेदनशील नेतृत्व का उदाहरण

images-2-12.jpeg

दिल्ली। मीनाक्षी लेखी जी उस समय नई दिल्ली से लोकसभा की सांसद थीं। मैंने अपने विद्यालय के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने के लिए उन्हें फोन किया। पहला आश्चर्य इस बात का हुआ कि उन्होंने फोन रिसीव किया। दूसरा तब, जब उन्होंने आत्मीयता से कहा, “प्रणय भाई, आप मुझे दो दिनों बाद कॉल करें। मैं अपना शेड्यूल देखकर बताती हूँ।” दो दिन बाद जब मैंने फोन किया, तो उन्होंने हमारा आमंत्रण स्वीकार कर लिया।
वे विद्यालय पधारीं और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। वार्षिकोत्सव के ग्रैंड फिनाले में समूह-फोटोग्राफी के दौरान उन्होंने देखा कि पीछे खड़े कुछ बच्चे छिप सकते हैं। सभी बच्चे फोटो में आ सकें, इसलिए वे स्वयं घुटनों के बल अग्रिम पंक्ति में बैठ गईं। बच्चों के प्रति संवेदनशीलता का यह सहज और सुंदर उदाहरण आज भी मेरी स्मृतियों में है।
उनके व्यक्तित्व का एक और पक्ष मुझे विशेष रूप से प्रभावित करता है। जब भी मैंने उन्हें फोन किया, उन्होंने रिसीव किया। मेरे संदेशों और ईमेल का प्रत्युत्तर भी दिया। इस दीपावली पर मिलने के लिए ईमेल किया तो उन्होंने सबसे पहले समय दिया। पहले उन्होंने शाम का समय निर्धारित किया था, लेकिन उसी क्षेत्र में डॉ. सत्यपाल सिंह जी से सुबह की भेंट तय होने के कारण मैंने उनसे सुबह का समय देने का अनुरोध किया। उन्होंने सहर्ष अपना कार्यक्रम पुनर्निर्धारित कर दिया।
सार्वजनिक जीवन में सक्रिय अथवा किसी भी स्तर पर नेतृत्व कर रहे व्यक्तियों के लिए यह सहज उपलब्धता बहुत महत्त्वपूर्ण है। किसी वरिष्ठ व्यक्ति द्वारा सामान्य कार्यकर्ता का फोन उठा लेना, उसके संदेश या ईमेल का उत्तर दे देना भी उसके मन में सम्मान और आत्मीयता का भाव पैदा करता है। कई बार कार्यकर्त्ता या धरातल पर काम कर रहे साधारण व्यक्तियों की आधी अपेक्षाएँ इसी से पूरी हो जाती हैं।
निकट संपर्क और सतत संवाद सफलता के महत्त्वपूर्ण सूत्र हैं। दुर्भाग्य से, ऊँचे पदों पर पहुँचने के साथ कई बार सहज संवाद की जगह पदानुक्रम (Hierarchy) और औपचारिकताएँ ले लेती हैं। संवाद के इतने स्तर और अवरोध खड़े हो जाते हैं कि नए, मौलिक और रचनात्मक विचार नेतृत्व तक पहुँच ही नहीं पाते। परिणामतः नेतृत्व धीरे-धीरे जमीनी यथार्थ से दूर होता चला जाता है।
नेतृत्व की ऊँचाई पद से नहीं, बल्कि अपनी सहज उपलब्धता, संवेदनशीलता और संवाद के लिए खुलेपन से तय होती है। कई वर्षों के बाद उनसे हुई भेंट सुखद रही, उसमें औपचारिकता नहीं, आत्मीयता का पुट था।

Share this post

प्रणय कुमार

प्रणय कुमार

बतौर शिक्षा प्रशासक कार्यरत प्रणय कुमार लेखक और शिक्षाविद हैं। अध्यापन के साथ विभिन्न अखबारों/पत्रिकाओं के लिए नियमित लेखन करते हैं। इसके साथ ही भारतीय दर्शन, चिंतन तथा सनातन ज्ञान परंपरा पर अपने व्याख्यान के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top