दिल्ली। श्री राकेश सिन्हा जी एक प्रखर बुद्धिजीवी, गहन अध्येता और गंभीर चिंतक हैं। छात्र जीवन से ही उनकी मेधा असाधारण रही है। विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाले नेतरहाट विद्यालय से उन्होंने शिक्षा प्राप्त की। दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज से स्नातक करते हुए वे विश्वविद्यालय के सेकंड टॉपर रहे और एम.ए. में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण-पदक प्राप्त किया। वे दिल्ली स्थित थिंक टैंक इंडिया पॉलिसी फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक भी रहे हैं।
उनके व्यक्तित्व का एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण पक्ष उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता और संघनिष्ठा है। वे उस दौर में संघ से जुड़े, जब संघ से जुड़ना वस्तुतः धारा के विरुद्ध चलने जैसा था। वह समय आज से बिल्कुल भिन्न था। उस दौर में अकादमिक जगत से लेकर शासन-प्रशासन तक में संघ के स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं के प्रति एक प्रकार की आशंका और संकोच का वातावरण रहता था। संघ के प्रचारकों, स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं को पग-पग पर बाधाओं, प्रतिकूलताओं और चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। समाज में उनके प्रति सम्मान और विश्वास था, लेकिन शासन-प्रशासन तथा अकादमिक जगत के अनेक लोग अपनी संघनिष्ठा सार्वजनिक रूप से व्यक्त करने में संकोच करते थे। वे संघ के स्वयंसेवकों के आचरण की शुचिता, नागरिक-धर्म के प्रति उनकी निष्ठा और उत्कट देशभक्ति से परिचित भी थे और प्रभावित भी, लेकिन उस समय इन भावनाओं की सार्वजनिक अभिव्यक्ति सहज नहीं थी।
आज परिस्थितियाँ काफी बदल चुकी हैं। अकादमिक जगत से लेकर शासन-प्रशासन तक में अनेक लोग स्वयं को संघ का स्वयंसेवक या कार्यकर्ता बताने में गौरव का अनुभव करते हैं। कई बार यह स्वाभाविक अभिव्यक्ति होती है, तो कई बार सुविधा-सहूलियत पाने का माध्यम भी। लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि आज जो संघानुकूल वातावरण और भारत की सनातन संस्कृति के प्रति गौरवबोध चहुंओर दिखाई देता है, उसके पीछे उन अनगिनत स्वयंसेवकों, कार्यकर्ताओं और प्रचारकों का वर्षों का संघर्ष, साधना, तपस्वी जीवन और अप्रतिहत ध्येयनिष्ठा है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने विचारों और आदर्शों से समझौता नहीं किया। मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं कि वर्तमान परिवेश के निर्माण में उनकी तपस्या और त्याग का अप्रतिम योगदान है। इतिहास में ऐसे लोगों का मूल्यांकन केवल उनके पदों या उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उनके द्वारा प्रतिकूल समय में निभाई गई प्रतिबद्धता व ध्येयनिष्ठा से होनी चाहिए।
राकेश सिन्हा जी से मेरा पहला परिचय वर्ष 2003 में हुआ। अवसर था प.पूजनीय आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी पर उनकी पुस्तक ‘डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार’ के विमोचन का। उस समारोह में तत्कालीन सरसंघचालक परम् पूज्य के.सी. सुदर्शन जी, तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी, उपप्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी जी और सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री रविशंकर प्रसाद जी की उपस्थिति थी। उस आयोजन के बहुत बाद एक-दो बैठकों में उनसे भेंट हुई। आगे चलकर मैंने अपने संस्थान में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की वाद-विवाद प्रतियोगिता में उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। अपनी व्यस्तताओं के कारण उन्होंने दो-तीन बार असमर्थता व्यक्त की, लेकिन अंततः वे आने के लिए सहमत हुए।
उन दिनों वे राज्यसभा के सांसद थे। विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच उनका उद्बोधन अत्यंत प्रेरणादायी रहा। उन्होंने विश्व की बदलती परिस्थितियों के संदर्भ में भारत की भूमिका, उसकी सामर्थ्य और महत्ता को प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया। वस्तुतः राकेश सिन्हा जी जैसे विद्वानों और चिंतकों को विद्यार्थियों के बीच आमंत्रित करने के पीछे हमारा उद्देश्य केवल किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति का व्याख्यान सुनना भर नहीं होता। हमारा प्रयास होता है कि भावी पीढ़ी भारत को जाने, उसकी परंपरा और संस्कृति को समझे, राष्ट्रीय गौरवबोध का भाव विकसित करे और अपने जीवन को घर-परिवार से लेकर समाज एवं राष्ट्र तक के लिए उपयोगी एवं सार्थक बनाए।
दीपावली के पावन अवसर पर इस बार राकेश सिन्हा जी से पुनः आत्मीय भेंट हुई। हर भेंट की तरह इस बार भी उन्होंने मुझे लिखते-पढ़ते रहने की प्रेरणा दी। टीवी डिबेट के दौरान वक्ता के रूप में ध्यान रखने योग्य कुछ महत्त्वपूर्ण बातें साझा कीं। साथ ही राष्ट्रचिंतक स्वर्गीय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी की एक पुस्तक भी भेंट की।
उनसे मिलकर सदैव यह अनुभूति होती है कि वास्तविक बौद्धिकता केवल ज्ञान के विस्तार या अकादमिक उपलब्धियों में नहीं, बल्कि विचारों की स्पष्टता, अध्ययन की निरंतरता, वैचारिक प्रतिबद्धता और नई पीढ़ी के प्रति उत्तरदायित्वबोध में भी निहित होती है। मेरे लिए उनकी आत्मीयता और मार्गदर्शन का विशेष महत्त्व है। ऐसे विद्वानों का सान्निध्य केवल जानकारी नहीं देता, बल्कि अध्ययन, चिंतन और लेखन की निरंतरता के लिए भीतर एक नई ऊर्जा भी जगाता है। दीपावली के इस शुभ अवसर पर उनसे हुई भेंट और उनका स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन मेरे लिए अविस्मरणीय रहा।



