नीतिका पाठक
दिल्ली – क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए एलायंस एयर ने गुजरात में अपने नेटवर्क के विस्तार की घोषणा की है। एयरलाइन 27 जून 2026 से मुंबई-पोरबंदर-मुंबई तथा पोरबंदर-अहमदाबाद-पोरबंदर मार्ग पर नई उड़ान सेवाएं शुरू करने जा रही है।
एलायंस एयर के अनुसार, यह सेवा एटीआर-72-600 विमान से संचालित की जाएगी। नई उड़ानें टियर-2 और टियर-3 शहरों को प्रमुख हवाई केंद्रों से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर और तेज हवाई संपर्क उपलब्ध होगा।

उड़ान समय-सारिणी
मुंबई से पोरबंदर: प्रस्थान 07:05 बजे, आगमन 08:40 बजे
पोरबंदर से केशोद: प्रस्थान 09:30 बजे, आगमन 10:00 बजे
केशोद से अहमदाबाद: प्रस्थान 10:25 बजे, आगमन 11:20 बजे
अहमदाबाद से केशोद: प्रस्थान 11:50 बजे, आगमन 12:45 बजे
केशोद से पोरबंदर: प्रस्थान 13:10 बजे, आगमन 13:40 बजे
पोरबंदर से मुंबई: प्रस्थान 14:05 बजे, आगमन 15:35 बजे
एलायंस एयर ने कहा कि नई उड़ान सेवा सौराष्ट्र क्षेत्र की लंबे समय से महसूस की जा रही हवाई संपर्क की आवश्यकता को पूरा करेगी। महात्मा गांधी की जन्मस्थली पोरबंदर धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है। यहां स्थित कीर्ति मंदिर, सुदामा मंदिर, पोरबंदर बीच और पक्षी अभयारण्य पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण हैं।
एयरलाइन के मुताबिक, बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही द्वारका, सोमनाथ, राजकोट, जामनगर और गिर राष्ट्रीय उद्यान जैसे प्रमुख स्थलों तक यात्रियों की पहुंच भी आसान होगी।
एलायंस एयर ने यात्रियों से अपनी विभिन्न प्रचार योजनाओं और ऑफर्स की जानकारी के लिए एयरलाइन की वेबसाइट या अधिकृत ट्रैवल पार्टनर्स से संपर्क करने की अपील की है।



