समीर चौगांवकर
जयपुर। राजस्थान निकाय चुनाव में मतदाता के मतदान से निकली गोली बीजेपी के कान को छू कर निकल गई थी,तब बीजेपी बाल बाल बची थी।
इस बार जिला परिषद और पंचायत चुनाव में मतदाता की गोली सीधे सीने के आर पार निकल गई।ऑन द स्पॉट खेल खत्म।बीजेपी को बचने का कोई मौक़ा नहीं दिया।घेरकर मतदाताओं ने मारा है।
बीजेपी के पास सब कुछ था,ट्रिपल इंजन की सरकार(केंद्र,राज्य और निकाय)।संघ और संगठन भी साथ थे।साधन,संसाधनऔर सुविधा भी बीजेपी के खेमे में थे।सत्ता का सीधा दखल भी बीजेपी के पाले में था।बस बीजेपी के पास नहीं था तो जनता जनार्दन का समर्थन।
राजस्थान का यह चुनाव बीजेपी बनाम आम जनता के बीच था। सवाल यह है कि जनता बीजेपी के सामने क्यो खड़ी हुई? इसका जवाब भजनलाल सरकार के आखंड भ्रष्टाचार में है। राजस्थान सरकार जनता के चुने हुए जनप्रतिनिधि नहीं,भ्रष्टाचार में लिप्त ब्यूरोक्रेट्स चला रहे हैं।
भजनलाल नौकरशाहों के हाथ का खिलौना बन गए है। राजस्थान सरकार नौकरशाहों का एक गिरोह चला रहा है।भजनलाल महज कठपुतली है।जिस नेता को सिर्फ़ नोट दिखते हो,वह वोट की ताक़त भूल जाता है।जनता ने वह ताक़त याद दिला दी।
ख़बर है कि जिला परिषद और पंचायत चुनाव में टिकट का ठेका ब्यूरोक्रेसी के पास था।एक सीनियर आईएएस अधिकारी को ठेका दिया गया था कि वह प्रशासनिक अधिकारियों से फीडबैक लेकर टिकट के लिए अनुशंसा करे।राजस्थान में सरकार चला रहे ब्यूरोक्रेट्स अब बीजेपी के टिकट बंटवारे में बड़ी भूमिका अदा कर रहे हैं।संघ और संगठन नीम बेहोशी की हालत में हैं। भ्रष्टाचार ने लक्ष्मण रेखा लांघ दी है।
अब अपमानजनक हार के बाद सुनियोजित तरीके से हार का ठीकरा मंत्रियों पर फोड़ने,यूजीसी को कारण बताने का खेल शुरू हो चुका है।सीएम नैतिक जवाबदारी लेने को तैयार नहीं हैं।बलि का बकरा ढूंढा जा रहा है।मंत्रियों को दोष दिया जा रहा है।
कांग्रेस को कुछ नहीं करना है।कांग्रेस बस ईश्वर से प्रार्थना करे कि अगले विधानसभा चुनाव तक भजनलाल मुख्यमंत्री बने रहे।भजनलाल पूरी बीजेपी को भजन मंडली बना देंगे।



