– डॉ. मयंक चतुर्वेदी
दिल्ली । दिल्ली स्थित पुराना किला में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन के सभ्यतागत संवाद मंच पर पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक द्वारा मुगल शासक हुमायूं और अफगान शासक शेरशाह सूरी का उल्लेख किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय मंच से पाकिस्तानी मंत्री ने पुराने किले की दीवारों का उदाहरण देते हुए कहा कि इसकी नींव मध्य एशिया के तैमूरी वंश से जुड़े हुमायूं ने रखी थी और बाद में अफगान शासक शेरशाह सूरी ने इसका निर्माण आगे बढ़ाया।
उन्होंने इसे एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी शासकों और इतिहास की दो परतों के माध्यम से दिल्ली को सभ्यताओं के मिलन का प्रतीक बताने का प्रयास किया, किंतु सवाल भारतीय ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य और समकालीन प्राथमिक स्रोतों के मिले साक्ष्यों का है, जे यह कहते हैं कि जिन शासकों को पाकिस्तानी मंत्री सभ्यताओं के मिलन के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं, वे वास्तव में साम्राज्यवादी और आक्रमणकारी थे, जिनके शासनकाल में स्थानीय हिंदू समाज, मंदिरों और रियासतों को भीषण सैन्य दमन, विश्वासघात, लूटपाट और धार्मिक भेदभाव का सामना करना पड़ा था।
वस्तुत: पाकिस्तान, जिसका वैचारिक आधार ही 1947 में भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत को नकार कर द्वि-राष्ट्र सिद्धांत पर रखा गया था, जब भारतीय भूमि पर आकर मध्यकालीन आक्रमणकारियों के माध्यम से साझा विरासत की बात करता है, तो यह बहुत आश्चर्यजनक एवं धोखा देने जैसा लगता है, दूसरी ओर आधुनिक और सांस्कृतिक रूप से जागृत भारत के लिए हुमायूं और शेरशाह सूरी कदापि आदर्श नहीं हो सकते, क्योंकि किसी भी राष्ट्र के आदर्श वे हो सकते हैं, जिन्होंने मातृभूमि, नारी सम्मान, वचनबद्धता और मानवीय गरिमा की रक्षा की हो, न कि वे शासक जिन्होंने धार्मिक (मजहबी) इस्लामिक कट्टरता के नाम पर अत्याचार किए हों।
वहीं, वास्तविक तथ्य यह है कि दिल्ली में जिस स्थान पर आज पुराना किला खड़ा है, वह महाभारत काल से पांडवों की राजधानी इंद्रप्रस्थ की पवित्र भूमि रही है, जहां भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की खुदाई में मौर्य काल, शुंग काल, कुषाण काल और गुप्त काल के समृद्ध अवशेष प्राप्त हो चुके हैं। हजारों वर्ष पुरानी इस सनातन विरासत को अनदेखा कर 16वीं शताब्दी के आक्रांताओं को दिल्ली का निर्माता बताना ऐतिहासिक सत्य के विपरीत होने के साथ, भारतीय इतिहास से भी खिलवाड़ करना है।
इसके साथ ही यहां यह भी समझलें कि मध्यकालीन भारत के किसी भी शासक का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए समकालीन दरबारी इतिहासकारों द्वारा लिखे गए मूल फारसी ग्रंथों का अध्ययन अनिवार्य है। उस युग के इतिहासकारों ने अपने सुल्तानों और बादशाहों के सैन्य अभियानों का वर्णन करते समय गैर-मुस्लिमों के लिए काफ़िर और जिम्मी, हिंदू राजाओं के विरुद्ध युद्ध के लिए जिहाद, विजयी शासक के लिए गाजी और विजित नगरों की संपत्ति व युद्धबंदियों के लिए माल-ए-गनीमत जैसी शब्दावली का खुलकर प्रयोग किया है। वे इन कृत्यों को अपने शासकों की धार्मिक निष्ठा के प्रमाण के रूप में दर्ज करते थे।
शेरशाह सूरी को आधुनिक पाठ्यपुस्तकों में प्रायः एक कुशल प्रशासक, सड़क निर्माता और राजस्व सुधारक के रूप में चित्रित किया जाता है, किंतु उसके समकालीन इतिहासकारों के विवरण बताते हैं कि राजपूत शासकों और हिंदू प्रजा के प्रति उसकी नीतियों में धार्मिक कट्टरता, विश्वासघात और निर्मम नरसंहार के स्पष्ट प्रमाण मिलते हैं। शेरशाह के शासनकाल की सबसे कलंकित और क्रूर घटना 1543 में मध्य प्रदेश के रायसेन दुर्ग में राजा पूरणमल चौहान के साथ किया गया विश्वासघात है।
छह महीने की निरंतर घेराबंदी के बावजूद जब शेरशाह सैन्य बल से दुर्ग नहीं जीत सका, तो उसने संधि का प्रस्ताव भेजा और इस्लामिक में जिसे पवित्र माना गया है, उस ‘कुरान’ पर हाथ रखकर शपथ ली कि यदि राजा पूरणमल किला खाली कर दें, तो उन्हें, उनके परिवार को और उनके चार हजार राजपूत सैनिकों को सुरक्षित मालवा से बाहर जाने दिया जाएगा। राजपूतों की परंपरा में वचन का सर्वोच्च महत्व था, इसलिए राजा पूरणमल ने ‘कुरान’ की शपथ पर विश्वास कर दुर्ग खाली कर दिया और किले के नीचे अपने शिविर में आकर ठहर गए।
इसी समय शिविर में उपस्थित कट्टरपंथी उलेमाओं, विशेषकर शेख रफीउद्दीन सफवी ने शेरशाह के समक्ष यह फतवा दिया कि इस्लामी कानून के अनुसार किसी काफिर (गैर मुसलमान) को दिया गया वचन निभाने के लिए सुल्तान बाध्य नहीं है और अविश्वासियों का समूल नाश करना ‘इस्लाम’ के बादशाह का धार्मिक (मजहबी) कर्तव्य है।
इसके बाद इस फतवे को आधार बनाकर शेरशाह ने सुबह की नमाज के बाद अपनी पूरी सेना और हाथियों को निहत्थे राजपूत शिविर को चारों ओर से घेरने का आदेश दे दिया। जब राजा पूरणमल ने यह विश्वासघात देखा, तो उन्होंने अपनी स्त्रियों और बच्चों को शत्रुओं के हाथों अपमानित होने और माल-ए-गनीमत बनने से बचाने का कठोर निर्णय लिया। पूरणमल ने स्वयं अपने तंबू में जाकर अपनी प्रिय पत्नी रत्नावली का सिर काट दिया और बाहर आकर अन्य राजपूत सरदारों से भी यही करने को कहा। देखते ही देखते राजपूतों ने अपने परिवारों का वध किया और फिर अंतिम सांस तक लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।
रायसेन के इस नरसंहार के बाद भी शेरशाह की क्रूरता नहीं रुकी। युद्ध के बाद राजपूत शिविर में जो थोड़े-बहुत छोटे बच्चे जीवित बचे थे, उन्हें बंदी बना लिया गया। शेरशाह के आदेश पर राजा पूरणमल की एकमात्र जीवित बची नाबालिग पुत्री को सड़कों पर नाचने-गाने वाले घुमंतू बाजीगरों के हवाले कर दिया गया, ताकि शाही राजपूत वंश की कन्या को बाजारों में नचवाकर अपमानित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, राजा पूरणमल के तीन नाबालिग भतीजों को बंदी बनाकर उनका बलात् धर्म परिवर्तन कर उन्हें इस्लाम में कन्वर्ट कराया गया और उन्हें नपुंसक बना दिया गया, ताकि उस राजपूत वंश की पीढ़ी आगे न बढ़ सके। यह विश्वासघात इतना घृणित था कि स्वयं शेरशाह के अपने पुत्र कुतुब खान ने, जिसने इस संधि की गारंटी दी थी, अपने पिता की इस झूठी शपथ से व्यथित होकर आत्महत्या कर ली थी।समकालीन अफगान इतिहासकार अब्बास खान सरवानी द्वारा रचित प्रसिद्ध ग्रंथ तारीख-ए-शेरशाही, जिसका संकलन एवं अंग्रेजी अनुवाद सर हेनरी मियर्स इलियट और प्रोफेसर जॉन डाउसन ने अपनी पुस्तक द हिस्ट्री ऑफ इंडिया ऐज टोल्ड बाई इट्स ओन हिस्टोरियंस के खंड 4 में किया है, में इस संपूर्ण घटना का प्रत्यक्ष विवरण मिलता है। (पृष्ठ क्रमांक 402 से 403, प्रकाशन ट्रूबनर एंड कंपनी, लंदन द्वारा वर्ष 1872)
इस पुस्तक में लेखक लिखते हैं कि शिविर में उपस्थित शेखों और उलेमाओं ने शेरशाह के पास आकर कहा कि काफिरों (गैर मुसलमानों, हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन एवं अन्य) के साथ किए गए वचन का पालन करना उसके लिए अनिवार्य नहीं होता है और इस्लाम के बादशाह का यह कर्तव्य है कि वह उन अविश्वासियों (मुर्शिकों) का समूल नाश करे जिन्होंने विश्वासियों (अल्लाह को माननेवालों) के शरण में आने से मना कर दिया है।
आधुनिक युग के प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. कालिकारंजन कानूनगो ने भी अपनी प्रामाणिक पुस्तक “शेरशाह एंड हिज टाइम्स” में इस घटना की कठोर शब्दों में पुष्टि की है। अपनी पुस्तक में डॉ. कानूनगो लिखते हैं कि रायसेन का नरसंहार शेरशाह के चरित्र पर सबसे काला धब्बा है और आधुनिक समर्थकों की कोई भी दलील धर्म के नाम पर की गई झूठी शपथ और निर्मम विश्वासघात के इस अपराध को धो नहीं सकती। शेरशाह ने पूरणमल और उसके राजपूत अनुयायियों के सुरक्षित निकलने के लिए पवित्र कुरान की शपथ ली थी, फिर भी उन उलेमाओं के कट्टरपंथी शोर के आगे झुकते हुए, जिन्होंने घोषणा की थी कि काफिरों के साथ कोई वचन निभाने की आवश्यकता नहीं है।(पृष्ठ क्रमांक 398 से 401, ओरिएंट लॉन्गमैन्स लिमिटेड, नई दिल्ली द्वारा वर्ष 1965 में प्रकाशित)
रायसेन के अतिरिक्त वर्ष 1544 में मारवाड़ के शासक राव मालदेव के विरुद्ध सुमेल-गिरी के युद्ध में भी शेरशाह ने छल का सहारा लेकर विजय प्राप्त की और जोधपुर दुर्ग पर अधिकार करने के बाद वहां के प्राचीन हिंदू मंदिरों को ध्वस्त करवाकर उनके मलबे से मस्जिद का निर्माण करवाया। इसी प्रकार मई 1545 में बुंदेलखंड के कालिंजर दुर्ग के चंदेल शासक राजा कीरत सिंह पर आक्रमण के समय भी उसने इसे काफिरों (हिन्दुओं) के विरुद्ध धार्मिक युद्ध घोषित किया था, जहां बारूद के विस्फोट में झुलस कर उसकी मृत्यु हुई।
दूसरी ओर, मुगल बादशाह नसीरुद्दीन मुहम्मद हुमायूं को भी इतिहास की पुस्तकों में प्रायः एक सौम्य और कलाप्रेमी शासक के रूप में दर्शाया जाता है, परंतु समकालीन ऐतिहासिक अभिलेख यह सिद्ध करते हैं कि वह अपने पिता बाबर की जिहाद और गाजी परंपरा का ही वाहक था। दिसंबर 1530 में सिंहासन पर बैठने के कुछ ही महीनों बाद, वर्ष 1531 में हुमायूं ने बुंदेलखंड के हिंदू राज्य कालिंजर पर आक्रमण किया। राजा रुद्रप्रताप देव के विरुद्ध इस सैन्य अभियान को धार्मिक विजय के रूप में प्रस्तुत किया गया और संधि में भारी स्वर्ण प्राप्त करने के बाद हुमायूं ने स्वयं को गाजी की उपाधि से विभूषित किया, जिसका अर्थ काफिरों पर विजय पाने वाला योद्धा होता है।
वर्ष 1535 से 1536 के बीच गुजरात के सुल्तान बहादुर शाह के विरुद्ध अभियान के दौरान हुमायूं की सेना ने मालवा और गुजरात के समृद्ध नगरों, विशेषकर मांडू, चंपानेर और खंभात में भीषण लूटपाट और विध्वंस किया। चंपानेर के दुर्ग पर अधिकार करने के बाद मुगल सैनिकों ने पूरे नगर में कत्लेआम मचाया और स्थानीय मंदिरों तथा नागरिकों की संपत्ति को माल-ए-गनीमत के रूप में आपस में बांट लिया। खंभात के बंदरगाह नगर में भी स्थानीय हिंदू और जैन व्यापारियों के घरों और पूजा स्थलों को लूटा गया।
हुमायूं के निजी सेवक जौहर आफताबची द्वारा लिखित समकालीन ग्रंथ “तजकिरात-उल-वाकियात”, जिसका अंग्रेजी अनुवाद मेजर चार्ल्स स्टीवर्ट ने “द तजकिरात अल वाकियात ऑर प्राइवेट मेमोयर्स ऑफ द मुगल एम्परर हुमायूं” नाम से किया है, में चंपानेर की इस लूट का प्रत्यक्ष वर्णन मिलता है। इस पुस्तक में लेखक लिखते हैं कि जब सीढ़ियों के माध्यम से चंपानेर का किला जीत लिया गया, तब बादशाह हुमायूं ने दुर्ग में प्रवेश किया और काफिर राजाओं तथा गुजरात के शासकों द्वारा संचित खजानों को लूटने का सामान्य आदेश दिया।
मुगल सैनिक पूरे नगर में फैल गए और उन्होंने भारी मात्रा में सोना, जवाहरात, बहुमूल्य वस्त्र और साथ ही बड़ी संख्या में युद्धबंदियों को पकड़ लिया, जिन्हें युद्ध के नियमों के अनुसार सैनिकों के बीच बांट दिया गया। विरोध करने वाले कई निवासियों को तलवार के घाट उतार दिया गया और इस्लाम की विजयी सेना को पुरस्कृत करने के लिए प्राचीन मंदिरों और शाही तहखानों के खजानों को खाली कर दिया गया। (पृष्ठ क्रमांक 6 से 8, ओरिएंटल ट्रांसलेशन फंड ऑफ ग्रेट ब्रिटेन एंड आयरलैंड, लंदन द्वारा वर्ष 1832 में प्रकाशन)
प्रसिद्ध इतिहासकार प्रोफेसर श्रीराम शर्मा ने अपनी क्लासिक पुस्तक “द रिलीजियस पॉलिसी ऑफ द मुगल एम्परर्स” में प्राथमिक फारसी स्रोतों के आधार पर बाबर और हुमायूं के शासनकाल में हिंदुओं की स्थिति और राज्य की इस्लामी कट्टरता का सटीक विश्लेषण किया है। इस पुस्तक में प्रोफेसर शर्मा लिखते हैं कि बाबर और हुमायूं के अधीन भारत में मुगल राज्य मूलतः एक इस्लामी मजहबी (धर्म) तंत्र था, जो अपने पूर्ववर्ती दिल्ली के तुर्क-अफगान सुल्तानों के पदचिह्नों पर चल रहा था। इस राजनीतिक व्यवस्था में शासक मुस्लिम वर्ग और बहुसंख्यक गैर-मुस्लिम हिंदू प्रजा के बीच एक तीखा कानूनी, सामाजिक और धार्मिक भेद बनाए रखा गया था।
अल-मावर्दी जैसे इस्लामी विधिवेत्ताओं द्वारा प्रतिपादित न्यायशास्त्र के नियमों के अनुसार, हिंदुओं को जिम्मी के दर्जे पर रखा गया था, जोकि एक ऐसी अधीनस्थ प्रजा थी जिसे केवल जजिया नामक अपमानजनक धार्मिक कर चुकाने पर ही जीवित रहने की अनुमति थी। हुमायूं एक कट्टर और नियमित रूप से धार्मिक कर्तव्यों का पालन करने वाला मुसलमान था, जिसने कभी भी हिंदुओं पर लगे जजिया या उनके पवित्र तीर्थस्थलों की यात्रा पर लगने वाले दमनकारी तीर्थयात्रा कर को समाप्त करने का विचार नहीं किया। मालवा, गुजरात और बुंदेलखंड में उसके सैन्य अभियानों के दौरान काफिरों (हिन्दुओं) के मंदिरों और संपत्तियों को युद्ध की वैध लूट अर्थात माल-ए-गनीमत समझा गया और राज्य के धार्मिक कानून के तहत नए हिंदू मंदिरों का निर्माण या पुराने मंदिरों की मरम्मत सख्ती से प्रतिबंधित रही। (पृष्ठ क्रमांक 10 से 13 प्रकाशक- एशिया पब्लिशिंग हाउस, मुंबई, वर्ष 1962 )
हुमायूं की सत्तालोलुपता और विदेशी मानसिकता इस बात से भी प्रमाणित होती है कि वर्ष 1540 में कन्नौज के युद्ध में शेरशाह सूरी से पराजित होने के बाद जब वह ईरान भाग गया, तो वहां के सफवी शासक शाह तहमास्प प्रथम ने उसे सैन्य सहायता देने के लिए शर्त रखी कि हुमायूं सुन्नी मत छोड़कर शिया इस्लाम स्वीकार करे। दिल्ली की सत्ता पुनः प्राप्त करने के लिए हुमायूं ने सुन्नी से शिया बनने की यह शर्त स्वीकार कर ली और ईरान की 12000 घुड़सवार सेना की सहायता से काबुल, कंधार और अंततः वर्ष 1555 में सरहिंद के युद्ध के बाद दिल्ली पर पुनः आक्रमण कर अधिकार किया। वस्तुत: यह घटना स्पष्ट करती है कि हुमायूं का भारत की संस्कृति से कोई आत्मीय संबंध नहीं था, बल्कि वह भारत को केवल एक विजित उपनिवेश मानता था।
अत: इन सभी प्रमाणों से यह बात तो तय होती ही है कि हुमायूं और शेरशाह सूरी दोनों ही साम्राज्यवादी आक्रमणकारी थे, जिन्होंने धर्म इस्लामिक जिहाद, मजहब (धर्म) के नाम पर विश्वासघात, मंदिर विध्वंस, जजिया कर, लूटपाट और बलात् धर्मांतरण जैसी नीतियों का पालन किया।
वस्तुत: जब पाकिस्तान के मंत्री द्वारा एससीओ मंच से इन शासकों के माध्यम से दिल्ली को सभ्यताओं के मिलन का केंद्र बताया गया तो वास्तव में यह न सिर्फ ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़ने-मरोड़ने का प्रयास है, बल्कि भारत की मूल सनातन सभ्यता के प्रति अज्ञानता प्रदर्शित करने का अपमान भी है। क्योंकि यह बात तो पूरा विश्व जानता है कि भारत के वास्तविक और शाश्वत आदर्श वे ही हो सकते हैं, जोकि राष्ट्रनायक हैं, जिन्होंने विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध मातृभूमि, मानवीय मूल्यों और नारी सम्मान की रक्षा की, जैसे महाराणा सांगा, राजा पूरणमल, महाराणा प्रताप, रानी दुर्गावती, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोबिंद सिंह जैसे सभी महान भारत भक्त योद्धा, इसलिए कहना यही है कि सच्चा सभ्यतागत संवाद ऐतिहासिक सत्य को स्वीकार करने से ही संभव हो सकता है, न कि आक्रमणकारियों के अत्याचारों पर पर्दा डालकर उन्हें साझा विरासत घोषित करने से। हुमायूं और शेरशाह जैसे जिहादी, गैर मुसलमानों से नफरत करनेवाले अत्याचारी कभी भारत के आदर्श नहीं हो सकते हैं।



