नई दिल्ली: नई दिल्ली के पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में मंगलवार शाम आयोजित तीसरे मीडोज पुरस्कार समारोह में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सीए डॉ. रामावतार किला, चेयरमैन, परफेक्ट ग्रुप एवं अध्यक्ष, राजस्थान फाउंडेशन दिल्ली चैप्टर को मीडोज लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
समारोह का यह क्षण विशेष रहा, जब मुख्य अतिथि माननीय रामदास बंडू आठवले जी, केंद्रीय मंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार ने मंच पर सीए डॉ. रामावतार किला जी को यह सम्मान प्रदान किया। सामाजिक सेवा के प्रति उनके लंबे समय के समर्पण और योगदान को इस सम्मान के माध्यम से विशेष पहचान मिली।
इस वर्ष मीडोज पुरस्कारों के अंतर्गत तीन प्रमुख श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए गए—मीडोज बियॉन्ड होराइजन अवॉर्ड उभरती प्रतिभाओं के लिए, मीडोज नेशनल अवॉर्ड वरिष्ठ स्तर पर उत्कृष्ट योगदान के लिए और मीडोज लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान के लिए। लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में कुल पांच लोगों को सम्मानित किया गया, जिनमें सीए डॉ. रामावतार किला जी भी शामिल रहे।
मीडोज फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से डॉ. किला जी को दिए गए सम्मान के पीछे सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता प्रमुख रही। परफेक्ट ग्रुप के नेतृत्व के साथ-साथ राजस्थान फाउंडेशन दिल्ली चैप्टर के अध्यक्ष के रूप में भी उनका सामाजिक जुड़ाव निरंतर बना हुआ है। यह सम्मान उनके लंबे सामाजिक योगदान को मिली एक महत्वपूर्ण पहचान के रूप में सामने आया।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मीडोज फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा पिछले वर्षों में किए गए कार्यों की प्रस्तुति और विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार वितरण हुआ। मुख्य अतिथि रामदास बंडू आठवले जी ने अपने संबोधन में समाज के लिए किए जाने वाले कार्यों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “विश्वास तब बनता है, जब काम दूसरों के लिए किया जाता है।” उन्होंने यह भी कहा, “जमाना बदल रहा है, लेकिन बदलने वाला चाहिए।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. संजय पासवान जी, पूर्व केंद्रीय मंत्री, प्रख्यात शिक्षाविद एवं लेखक ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अनु शक्ति सिंह, पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता; प्रदीप राय जी, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता; विनोद अग्निहोत्री जी, वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं अमर उजाला के परामर्श संपादक; पद्मश्री डॉ. सौमित्र रावत, अध्यक्ष एवं प्रमुख, शल्य गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी संस्थान, सर गंगा राम अस्पताल, नई दिल्ली; तथा मुक्तेश कुमार परदेशी जी, प्रख्यात राजनयिक एवं पूर्व राजदूत उपस्थित रहे।
पुरस्कार समारोह के साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने शाम को एक अलग रंग दिया। बॉलीवुड के पुराने दौर के लोकप्रिय रेट्रो गीतों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम का संचालन मीडोज फाउंडेशन ट्रस्ट की संस्थापक श्रीमती फातिमा किरमानी एवं एस.ए.एस. किरमानी ने किया।
सीए डॉ. रामावतार किला जी के लिए यह सम्मान विशेष महत्व रखता है, क्योंकि मीडोज लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के माध्यम से उनके लंबे सामाजिक योगदान और समाज के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता को मंच से सम्मानित किया गया।



