सुमित व संगीता की पुस्तकें हुईं लोकार्पित

unnamed-1-2.jpg

दिल्ली। सुपरिचित साहित्यकार सुमित प्रताप सिंह की ग्यारहवीं पुस्तक म्लेच्छ और अन्य लघुकथाएं तथा युवा लेखिका संगीता सिंह तोमर की प्रथम पुस्तक एवं बाल कहानी संग्रह मोटा चश्मा का लोकार्पण हरिहर आश्रम के पीठाधीश्वर श्री श्री 108 बाबा सुयज्ञमुनि जी महाराज के करकमलों द्वारा शुक्रवार, 15 मई 2026 को दिल्ली के कमला मार्केट में स्थित हरिहर उदासीन आश्रम में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर वक्तव्य देते हुए महाराज जी ने कहा कि सुमित प्रताप सिंह कई वर्षों से साहित्य सेवा में समर्पित भाव से जुटे हुए हैं तथा उनके द्वारा लिखा गया साहित्य समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सुमित भविष्य में भी साहित्य के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य निरंतर करते रहेंगे। महाराज जी ने युवा लेखिका संगीता सिंह तोमर को उनकी पुस्तक मोटा चश्मा के प्रकाशन पर बधाई एवं आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल लेखन भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान कीं।

सुमित प्रताप सिंह ने आश्रम में उपस्थित भक्तजनों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी इस पुस्तक में जीवन के अच्छे-बुरे अनुभवों एवं विभिन्न घटनाओं से प्रेरित लघुकथाओं का संकलन किया गया है। उन्होंने बताया कि अपनी इस पुस्तक को उन्होंने श्रद्धापूर्वक श्री श्री 108 बाबा सुयज्ञमुनि जी महाराज को समर्पित किया है।

इस अवसर पर युवा पत्रकार प्रवीण कुमार ने दोनों पुस्तकों के विमोचन पर लेखक सुमित प्रताप सिंह एवं लेखिका संगीता सिंह तोमर को शुभकामनाएं देते हुए पाठकों से आग्रह किया कि वे इन पुस्तकों को अवश्य पढ़ें। उन्होंने बताया कि दोनों पुस्तकें अमेजॉन पर उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में सुमित एवं संगीता के पिता पूर्व पुलिसकर्मी एवं समाजसेवी सुरेश सिंह तोमर, पुरबिया समाचार के संपादक मनोज कुमार सिंह, युवा पत्रकार आदित्य भारद्वाज, संजीव असवाल सहित अनेक भक्तगण एवं श्रोता उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि दोनों पुस्तकों को दिल्ली के शिवांक प्रकाशन ने प्रकाशित किया है।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top