उत्तर प्रदेश का संन्यासी योद्धा, सैफ़ई के लुटेरों को समझ नहीं आएगा 

unnamed-4.jpg

Screenshot

डॉ पवन विजय
दिल्ली । इस चित्र को देखकर मुझे यही लगा कि भारत और हिंदुत्व को समझना हो तो किसी डॉक्यूमेंट्री से नहीं, इसी चेहरे से समझना होगा। इस चेहरे पर न सत्ता का नशा है, न पैसे की चमक है। एक साधारण साड़ी है, एक छोटी सी बिंदी है, गले में छोटा सा मंगलसूत्र है, और आंखों में एक अजीब सी शांति है। सिर झुकाए हुए आसमान कैसे होता है, यह तस्वीर बताती है।

देश में शायद ही कोई ऐसा मुख्यमंत्री/शासक होगा जिसकी सगी बहन चाय-नाश्ते और प्रसाद की दुकान चलाती हो। यही एक लाइन पूरी बात को खोलती है।

आज की दुनिया का एक ही नियम बन गया है, जो मिले उसे ले लो, जो न मिले उसे छीन लो। पद मिले तो भुनाओ, नाम मिले तो बेचो, रिश्ता मिले तो फायदा उठाओ। इस सोच के बीच यह तस्वीर पूरी दुनिया को सर्वाइवल का रास्ता दिखाती है।

भाई मुख्यमंत्री है, चाहती तो ठेका, नौकरी, जमीन, सब कुछ पा सकती थी पर उसने कुछ नहीं लिया। यही निर्वेद है, यही मुक्ति है, यही निर्वाण है। जोगी जती साधुओं को वह सिद्धि क्या मिली होगी जो इस महान आत्मा को मिली है। शक्ति, वैभव का केंद्र होने के बावजूद भरत की तरह जीवन जीने वाले परिजन ही राम राज्य का निर्माण करते हैं

मैं इस चित्र को ऐसे देखता हूं जैसे सैकड़ों वाट के अनगिनत बल्बों के बीच एक छोटा सा दिया जल रहा हो। भारी रोशनी आंखों को चौंधिया देती है, उसमें ताप, असंतोष और असहजता है किन्तु दिए में पवित्रता है, ठंडक है। वह किसी को चौंधियाता नहीं, सिर्फ पास बैठे आदमी को रास्ता दिखाता है। यह चित्र अपरिमित शोर के बीच एक मद्धिम लोरी जैसा है उस लोरी में वात्सल्य है, ममता है, सुकून है।

दुनिया जीवन को नापने के लिए सूचकांक बनाती है। खुशी का, अमीरी का, विकास का सूचकांक। उनमें वही आगे होता है जिसके पास ज्यादा पैसा, गाड़ी, मकान है। पर यह तस्वीर उन सारे सूचकांकों को तोड़ देती है। यहां न पैसा है, न गाड़ी है, न मकान है, फिर भी चेहरे पर जो संतोष है, वह किसी सूचकांक में नहीं मिलेगा। संतोष को नापा नहीं जा सकता। त्याग को गिना नहीं जा सकता। यही भारत की हिंदू परंपरा है। यहां सत्ता को छोड़ना बड़ा माना जाता है, सत्ता को पकड़ना नहीं।

इसीलिए मुझे लगता है कि मूल भारत और हिंदुत्व को समझना है तो इस चित्र को देखो। यह तस्वीर सिद्धि और समृद्धि का अर्थ अपडेट करती है जिसमें ईशोपनिषद की ऋचाएं निहित हैं, जो कहती है कि जितनी आवश्यकता है उतना ही संसाधन तुम्हारे लिए है। यही असली हिंदुत्व है। यही असली भारत है।

अजय के योगी आदित्यनाथ होने के पीछे यही तस्वीर है, यही तस्वीर उन्हें संन्यासी राजा बनाती है। जिस घर की बहन मुख्यमंत्री की बहन होकर भी चाय की दुकान चलाती हो, उस घर का भाई संन्यासी राजा ही बनेगा, भोगी राजा नहीं बनेगा। कहते हैं योगी जी के कुर्ते में जेब नहीं होती। जेब का मतलब होता है रखना, बचाना, जमा करना। जिसके कुर्ते में जेब नहीं होती, वह कुछ रखता नहीं, वह सब दे देता है। उनकी जेब उनके हृदय में है जिससे हर देशवासी चाहे वह गरीब हो, किसान हो, मजदूर हो, साधु हो, सब पोषित होते हैं।

सम्राट हर्षवर्धन की सहोदरी राजश्री भी ऐसे ही होंगी। भाई ने देश के लिए सब कुछ निछावर कर दिया, वस्त्र बहन से मांग कर पहने।

उत्तर प्रदेश के भाग्य हैं जो ऐसे संन्यासी यहां के शासक हैं, दूसरे राज्य के लोग सोचते हैं काश योगी जैसा नेतृत्व उनके यहां भी होता पर योगी रूपी अग्नि के प्रज्ज्वलन के लिए त्याग और तपस्या रूपी ईंधन कहां से आएगा?

उसका उत्तर यह मातृवत तस्वीर है।

Share this post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

scroll to top