बृजेश कुमार राय
दिल्ली। आगामी छठ महापर्व को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने के लिए विश्व हिंदू परिषद के माननीय प्रांत अध्यक्ष एवं इंद्रप्रस्थ छठ पूजा महासंघ फाउंडेशन के संरक्षक आदरणीय श्री कपिल खन्ना जी के नेतृत्व में दिल्ली की विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली सचिवालय में दिल्ली सरकार के माननीय कला एवं संस्कृति मंत्री आदरणीय श्री कपिल मिश्रा जी से भेंट की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात में समितियों की ओर से विस्तृत निवेदन-पत्र एवं सुझाव-पत्र सौंपा गया।
प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े कई आवश्यक मुद्दों को मंत्री जी के समक्ष रखा। इनमें घाटों की उचित व्यवस्था, स्वच्छता का विशेष ध्यान, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पेयजल की उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाएँ तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने की माँग प्रमुख थी। सभी प्रतिनिधियों ने इस बात पर जोर दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालु माताओं, बहनों और व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

माननीय मंत्री श्री कपिल मिश्रा जी ने सभी सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इस वर्ष छठ महापर्व को पिछले वर्ष की तुलना में और अधिक दिव्य, भव्य, सुव्यवस्थित तथा श्रद्धामय स्वरूप में संपन्न कराने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। सरकार आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति, लोक परंपरा और सामाजिक समरसता का महान पर्व है। यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की आराधना के माध्यम से परिवार, समाज और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध हों, यही हम सबका सामूहिक संकल्प और प्रयास है। दिल्ली सरकार, विश्व हिंदू परिषद और विभिन्न छठ समितियों के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष का छठ महापर्व यादगार बनेगा।



