किसके सिर सजा e4m Influencer Of Year Award का ताज

114-4.jpg

‘एक्सचेंज4मीडिया इन्फ्लुएन्सर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड 2020 से‘इनमोबी और ग्लांस’ के फाउंडर और सीईओ नवीन तिवारी को सम्मानित किया गया है। शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में नवीन तिवारी को यह अवॉर्ड दिया गया। यह अवॉर्ड हर साल ऐसे व्यक्ति को दिया जाता है, जिसने अपने आयडिया अथवा कामों से इंडस्ट्री की दशा और दिशा को बदलने में महत्वपूर्ण काम किया है।

थोड़े से समय में ही उनके द्वारा किए गए अनुकरणीय कार्यों के लिए नवीन तिवारी को जाना जाता है। उन्होंने एक स्टार्ट-अप कंपनी को एक सफल ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनी में परिवर्तित कर अपनी खास पहचान बनाई है।

नवीन तिवारी ने वर्ष 2008 में ‘इनमोबी’ की स्थापना कर एंटरप्रिन्योरशिप की दुनिया में ग्लोबल कंसल्टेंसी कंपनी ‘मैकिन्से’ में संक्षिप्त पारी के बाद कदम रखा था। उनके नेतृत्व में भारत की पहली यूनिकॉर्न कंपनियों में से एक ‘इनमोबी’ ने अब खुद को दुनिया के अग्रणी एडवर्टाइजिंग प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित कर लिया है। बता दें कि जब कोई कंपनी एक अरब डॉलर का वैल्यूएशन हासिल करती है, तो उसे यूनिकॉर्न कहा जाता है। तिवारी के दूसरे बिजनेस वेंचर ‘ग्लांस’ ने भी यूजर्स के बीच अपनी खास पहचान बना ली है। नवीन तिवारी ‘पेटीएम’ के बोर्ड मेंबर भी रह चुके हैं।

नवीन तिवारी ने यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिलने पर कहा, ‘मैं काफी शुक्रगुजार हूं और अपनी टीम की ओर से इस अवॉर्ड को स्वीकार करता हूं, जिसने अपनी मेहनत से यह सब कर दिखाया है। पिछला साल देखें तो एक बात तो स्पष्ट हो गई है कि जीवन में बहुत सी बड़ी चीजें हैं, जिनकी हमने पहले कल्पना नहीं की थी। e4m एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म है, जो लोगों के काम की पहचान कर उन्हें सम्मानित करता है। यह अवॉर्ड मिलने पर मैं काफी खुश हूं।’

कार्यक्रम के दौरान नवीन तिवारी और ‘बिजनेस वर्ल्ड’ और ‘एक्सचेंज4मीडिया’ ग्रुप के चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ डॉ. अनुराग बत्रा के बीच सवाल-जवाब का दौर भी चला। इस दौरान यह पूछे जाने पर कि पिछले 12 महीने उनके लिए कैसे रहे हैं और इस समय से उन्हें क्या सीखने को मिला, तिवारी ने कहा कि दुनिया पिछले 12 महीनों में हुई हर चीज से प्रभावित हुई है। हालांकि शारीरिक व मानसिक तौर पर यह लोगों के लिए काफी मुश्किल समय रहा है, लेकिन कुछ चीजें विकसित भी हुई हैं। मैं अपने बिजनेस की बात करूं तो डिजिटल काफी तेजी से आगे बढ़ा है। व्यक्तिगत रूप से अपनी बात करूं तो इन महीनों में मेरी सोच में काफी महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं और जीवन जीने के तरीकों में काफी बदलाव आया है। उम्मीद है कि आगे काफी अच्छा होगा।

मालूम हो कि ‘एक्सचेंज4मीडिया इन्फ्लुएन्सर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड 2016 में शुरू हुआ था। उस साल ‘वायकॉम 18’ के तत्कालीन सीओओ राज नायक को इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2017 में इस अवॉर्ड से ‘डब्ल्यूपीपी इंडिया’ के कंट्री मैनेजर सीवीएल श्रीनिवास को सम्मानित किया गया था। वर्ष 2018 में यह अवॉर्ड ‘डेलीहंट’ के फाउंडर और सीईओ वीरेंद्र गुप्ता और इसके को-फाउंडर उमंग बेदी को दिया गया था, जबकि पिछले साल ‘गूगल इंडिया’ के कंट्री मैनेजर संजय गुप्ता को इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

एकल ने अपने ध्येय वाक्य को साकार किया है : राम बहादुर राय

113-4.jpg

एकल ने शिक्षा-संस्कार के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इसके साथ ही समाज को स्वावलंबन का पाठ भी पढ़ाया है। कोरोना काल में जब पूरा विश्व महामारी से प्रभावित था, भारत में समाज की ताक़त ने इस बीमारी को हराया है। 40 करोड़ भारतवासियों तक एकल की पहुँच और महामारी से बचाव ने मानवता की मिसाल पेश की है। यह कहना था वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा का। वे एकल श्री हरि सत्संग समिति के रजत जयंती महोत्सव के उद्घाटन सत्र में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अभी जहाँ विकास की रोशनी ही नहीं पहुँच पाई वहाँ एकल ने शिक्षा के ज़रिए अलख जगायी है। 

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राम बहादुर राय ने कहा कि एकल ने अपने ध्येय वाक्य को साकार किया है। महात्मा गांधी के सपनों का भारत सही मायनों में एकल ने बनाया है। गांधीजी का स्वप्न एकल का सपना बना है। उन्होंने कहा कि 1 लाख एकल गाँव सत्ता के चार केंद्रों का प्रतिरूप हों। उन्होंने एकल अभियान को शुभकामनाएं देते हुए उसके उत्तरोत्तर प्रगति की कामना भी की।

 द्वितीय सत्र के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार सुधीर चौधरी ने एकल अभियान को अद्वितीय बताते हुए कहा कि एकल ने समाज को एकाकार कर असंभव को संभव किया है। उन्होंने एकल में नवाचारों को महत्व देने की बात करते हुए कहा कि अब आने वाली पीढ़ी को एकल से जोड़ना महत्वपूर्ण है और मुझे आशा है कि संगठन इस कार्य को पूर्ण करेगा। 

वरिष्ठ पत्रकार अंशुमान तिवारी ने एकल को समाज जीवन की गीता बताते हुए कहा कि शिक्षा पद्धति में विज्ञान और चरित्र का समावेश ही सही शिक्षा है। इसे शासन से दूर रखना चाहिए। सही मायने में शिक्षा समाज के हाथों में ही रहना चाहिए। 

कार्यक्रम में सिद्धार्थ शंकर गौतम द्वारा लिखित पुस्तक स्वराज का शंखनाद-एकल अभियान का विमोचन भी हुआ। बजरंग बागड़ा ने एकल श्री हरि सत्संग समिति की कार्य योजना पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में श्री हरि सत्संग समिति के कथाकारों की फ़िल्म का प्रदर्शन हुआ।

जान से मारने की धमकी मिली पत्रकार दीपक चौरसिया को

114.1-2.jpg

जाने माने वरिष्ठ पत्रकार दीपक चौरसिया को लोकप्रिय डिबेट शो ‘देश की बहस’ में जान से मारने की धमकी दी गई। ये धमकी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी PTI के प्रवक्ता चौधरी इफ्तिखार गुज्जर ने दी। चौधरी इफ्तिखार गुज्जर ने कहा, ‘अगर हमारे नबी के बारे में बकवास की तो मैं तुम्हारी गर्दन काटने के लिए इंडिया भी पहुंच जाऊंगा…’

दरअसल ‘देश की बहस’ में चर्चा हो रही थी कि कैसे पाकिस्तान के अंदर मासूम बच्चों का ब्रेनवॉश किया जा रहा है और उन्हें पढ़ाई के नाम पर जिहाद की ट्रेनिंग दी जा रही है। यही नहीं उन्हें गला काट देने तक की शिक्षा दी जा रही है। इस मुद्दे पर शो में शामिल सभी पैनलिस्ट के साथ चर्चा की जा रही थी और इसी दौरान जब PTI के प्रवक्ता चौधरी इफ्तिखार गुज्जर से इस पर सवाल किया गया, तो वो तिलमिला गए और जान से मारने की धमकी देने लगे। जिस तरह से पाकिस्तान के स्कूलों में बच्चों को जान से मारने की शिक्षा दी जा रही है, ठीक उसी तरह से भारत के नेशनल न्यूज चैनल पर चौधरी इफ्तिखार गुज्जर ने वरिष्ठ पत्रकार और शो के एंकर दीपक चौरसिया को भारत में आकर गला काटने की धमकी देने लगे।

शो में शामिल बाकी एक्सपर्ट भी चौधरी इफ्तिखार गुज्जर की इस जिहादी सोच को सुनकर हैरान रह गए। पाकिस्तान मूल के कनाडा के लेखक तारेक फतेह ने कहा कि इसके अलावा ये लोग कर भी क्या सकते हैं? वहीं इस्लामिक स्कॉलर मुफ्ती वजाहत कासमी ने भी चौधरी इफ्तिखार गुज्जर से कहा कि आप देश के इतने बड़े पत्रकार को इस तरह की धमकी कैसे दे सकते हैं? शो में शामिल दर्शकों ने भी इमरान खान की पार्टी के प्रवक्ता की इस धमकी की निंदा की।

आतंक की फैक्ट्री है पाकिस्तान और भारत समेत दुनियाभर में आतंकी वारदातों में पाकिस्तान का नाम आता रहा है और जिस तरह से पाकिस्तान सरकार में शामिल पार्टी के प्रवक्ता चौधरी इफ्तिखार गुज्जर ने LIVE शो के दौरान भारत के जाने माने पत्रकार को जान से मारने की धमकी दी, उससे पता चलता है कि किस तरह से पाकिस्तान के अंदर भारत के खिलाफ नफरत भरी हुई है और पाकिस्तान सरकार के नुमाइंदे भी आतंकियों की तरह बात करते हैं। वैसे ये पहली बार नहीं हुआ है कि किसी पाकिस्तानी ने इस तरह जहर उगला हो।

पत्रकार अरविंद कुमार सिंह राज्यसभा में विपक्ष नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के मीडिया सलाहकार नियुक्त

113-3.jpg

अतुल मोहन गहरवार

वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कुमार सिंह को राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का मीडिया सलाहकार नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राज्यसभा सचिवालय ने की है। मूलरूप से बस्ती जनपद के निवासी अरविंद कुमार सिंह की शिक्षा एवं दीक्षा प्रयागराज में हुई।  सिंह हिंदी के जाने-माने लेखक और पत्रकार हैं। दो महीने पहले तक राज्यसभा टीवी में वरिष्ठ सहायक संपादक के तौर संसदीय मामलों के प्रमुख और कृषि तथा परिवहन क्षेत्र के प्रभारी के तौर पर कार्यरत रहे। अरविन्द कुमार सिंह ने दशकों से खेती-बाड़ी, कृषि अनुसंधान और संचार तथा परिवहन तंत्र पर विशेष कार्य किया है। अरविंद की कई किताबें चर्चित हैं। ‘भारतीय डाक सदियों का सफरनामा’, ‘डाक टिकट में भारत दर्शन’, ‘भारत में जल परिवहन’ जैसे ऐतिहासिक पुस्तकें लिखने वाले अरविंद ने पत्रकारिता में सफलता के प्रतिमान स्थापित किए।

scroll to top