दीदी को आया चक्कर, मामला क्या है

6-2-2.jpeg

मोनिका जोहरी

दीदी को चक्कर आ रहें हैं ! शायद इस भीषण गर्मी में दीदी को नजर लग गई है ! पहले तांत्रिक विद्या से दीदी का चक्कर मिटा दूँ –

डिसइक़्विलिब्रियम, डिज़्ज़िनेस, गिड्डीनेस, प्रीसिंकोपि हारिणी
ऑथोलेटिक, वेस्टिब्यूलर माइग्रेन, बीपीपीवी, मेनियर्स मोहिणी
वेस्टिबूलर न्युरैटिस लाब्रिनिथिटक्स पेरीलिम्फ फिस्टूला स्वामिणी
वेस्टिब्युलर परोक्सिमिया एकॉस्टिक एमडीडीएस वशीकरणी 👙
ऐं क्ली क्ली आह उह ह्वीं ह्वों भेंचो स्व: गाँड फट वर्टिगो स्वाहा: 🔥

👉 अब सुनो आप सब ! ओपीडी में मरीजों की कतारें लम्बी होती है समझ सकती हूँ ऐसे हालात में मरीजों को ये महत्वपूर्ण बात समझनी होगी कि आप जब भी डॉक्टर से मिलें, तो चक्कर के दौरान महसूस करने वाली सभी बातों को उन्हें खुलकर बताएं। इस स्थिति का पहला व यह सबसे महत्वपूर्ण कदम होता है, प्रयास करें कि अपने लक्षणों को और बेहतर समझें और डॉक्टर को उनसे और बेहतर अवगत कराएँ ताकि आपके रोग की सही पहचान हो सके, निदान का पता लगाने व इसके इलाज को सही दिशा दी जा सके। क्योंकि लक्षणों की विस्तृत समझ बीमारी को जानने में बड़ी भूमिका निभाती है।

👉 हमें आकर बताया करो कि – आप चक्कर कहते किसको हैं ?
चक्कर आने की आपके अनुसार परिभाषा क्या है ? चक्कर आने के समय आपको होता क्या है ? क्या चक्कर आने पर आप गिर भी पड़ते हैं ? गिरते हैं तो किस तरफ़ ? क्या चक्कर के साथ आपको उल्टी भी लगती है ? कानों में घण्टियाँ भी बजती हैं ? सबकुछ अपने इर्दगिर्द घूमता हुआ दिखता है ? खड़े होने पर आँखों के आगे अँधेरा छा जाता है ? क्या यह खुद ही ठीक हो जाता है या आपको इसके लिए कुछ करने की जरूरत होती है, जैसे- लेट जाना ?

चक्कर के लिए मेडिकल साइंस में बहुत शब्द प्रचलित हैं और सभी के कारण अलग हैं। ऐसे में रोग को ठीक से पकड़ने में और उसके उपचार में समस्या आती है। हाँ…कुछ बातों को ध्यान में रखकर वर्टाइगो को बेहतर समझा जा सकता है। वर्टिगो शब्द लैटिन भाषा वर्टो से लिया गया है। इसका अर्थ है – घूमना। वर्टिगो घूमने का एक अहसास या असंतुलन की अनुभुति है।

इसे हम बीमारी तो नहीं कह सकते, लेकिन हां यह एक लक्षण है हमारे शरीर में होने वाली कई परेशानियों के कारण चक्कर आ सकते है यह परेशानी किसी भी उम्र के लोगों में हो सकती है।

👉 चक्कर आने का पहला रूप – अगर आँखों के आगे अँधेरा छाना और गिर पड़ने की स्थिति है तो अमूमन यह हृदय के पम्प कार्य या ख़ून के संचार से सम्बन्धित मामला है। इसे मेडिकल साइंस में सिंकोपि या नियर सिंकोपि कहतें है। बहुधा ऐसा खड़े होने पर ही अधिक होता है। ठीक से ख़ून मस्तिष्क में नहीं पहुँच पा रहा। ऐसा कई बीमारियों में हो सकता है जिन्हें हृदयरोग विशेषज्ञ जाँचों के द्वारा पहचान सकते हैं।

👉 चक्कर आने दूसरा रूप – बिनाइन पैरोक्जिमल पोजीशनल वर्टिगो (बीपीपीवी) है। #बिनाइन का अर्थ हैं कि ना तो यह गंभीर हैं और न ही जानलेवा। पैरोक्जिमल अर्थात लक्षणों की एकाएक होने वाली घटनाएं। #पोजिशनल अर्थात स्थिति के कारण लक्षणों का उभरना या शुरू होना। #वर्टिगो अर्थात चक्कर आना, घूमने की अनुभुति।

बिनाइन परओक्सिमल पोजिशनल वर्टिगो (बीपीपीवी) कान के भीतरी हिस्से में होने वाला विकार है। शरीर की स्थिति बदलने करवट लेने के साथ वर्टिगो का बार बार होना इसका मुख्य लक्ष्ण है। इसमें व्यक्ति का अचानक से सिर घूमने लगता है और एक ही दिशा में सिर घूमता है। इस प्रकार का ‘वर्टिगो बहुत ही गंभीर होता है।

चक्कर की एक बिरादरी शुद्ध वर्टिगो है, जिसमें रोगी को लगता है कि उसके आसपास की चीज़ें घूम रही हैं और ऐसा होने से वह गिर पड़ेगा। यह कान के आंतरिक भाग का विकार है जो संतुलन और सुनने को दुष्प्रभावित करता है। इसमें तीन लक्षण एक साथ परिलक्षित होते हैं – चक्कर आना, कान में आवाज आना, सुनना कम हो जाना। यह भीतरी कान में तरल पदार्थ के बढ़ते हुए दबाव के कारण होते है। ऐसे रोग अमूमन नाक-कान-गला-रोगों के विशेषज्ञ देखते हैं। जैसे मेनीयर्स रोग, वेस्टिब्यूलर न्यूराईटिस, लाब्रिनिथिटक्स, वेस्टिब्यूलर परोक्सिमिया, पेरीलिम्फ फिस्टूला।

👉 चक्कर आने का का तीसरा रूप – रोगी का असन्तुलित होने लगना है। इसे डिसइक्विलिब्रियम कहा गया है। ऐसा होने से उसके गिरने और चोटिल होने की आशंका रहती है। इन रोगियों को खड़े रहने में परेशानी होती है और आमतौर पर सुनाई की समस्या नहीं होती। ये अक्सर तेज आवाज और चकमदार रोशनी को सहन नहीं कर पाते हैं। असन्तुलन पैदा करने वाले रोग अमूमन मस्तिष्क के होते हैं जैसे माईग्रेन वर्टिगो, ऑटोलिथिक विकार, ऑक्योस्टिक न्यूरोमा और उन्हें न्यूरोलॉजिस्ट देखते हैं।

👉 चक्कर का चौथा रूप – जो इन तीनों से अलग है , वह मानसिक है। वह इन सभी से भिन्न है और उसे मनोचिकित्सक द्वारा ठीक किया जाता है। जैसे मालडी डिबारकमेंट सिंड्रोम (एमडीडीएस) इसमें मरीज को ऐसा अनुभव होता हैं जैसे वह एक नाव या फोम पर चल रहा हो। यह प्रायः लम्बी उड़ान या नाव की लम्बी यात्रा के बाद होता है। महिलाओं में यह रोग पुरूषों की अपेक्षा ज्यादा रहता है। कार में बैठने या कार चलाने से इस रोग के लक्षण अस्थाई रूप से कम हो जाते हैं। इन रोगियों को ऑप्टोकायनिटीक विज्युअल स्टिमुलेशन में शामिल करने से फायदा मिलता है।

👉 चक्कर आने का एक विरले कारण होता है सर्वाइकल स्पॉन्डिलोसिस ! क्यों आता है कैसे आता है इसपर बात फिर कभी क्योंकि ये एकदम रेयर होतें हैं और जवान लोगों में मैंने आज तक ऐसी कोई समस्या नहीं देखी !

पंच परिवर्तन बनेगा समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम

rss-1.jpg

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले कहते हैं कि बौद्धिक आख्यान को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य से बदलना और सामाजिक परिवर्तन के लिए सज्जन शक्ति को संगठित करना संघ के मुख्य कार्यों में शामिल है

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए पिछले लगभग 99 वर्षों से निरंतर कार्य कर रहा है। भारतीय समाज में सकारात्मक परिवर्तन को गति देने एवं समाज में अनुशासन व देशभक्ति के भाव को बढ़ाने के उद्देश्य से माननीय सर संघचालक श्री मोहन भागवत ने समाज में पंच परिवर्तन का आह्वान किया है ताकि अनुशासन एवं देशभक्ति से ओतप्रोत युवा वर्ग अनुशासित होकर अपने देश को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य करे। इस पंच परिवर्तन में पांच आयाम शामिल किए गए हैं – (1) स्व का बोध अर्थात स्वदेशी, (2) नागरिक कर्तव्य, (3) पर्यावरण, (4) सामाजिक समरसता एवं (5) कुटुम्ब प्रबोधन। इस पंच परिवर्तन कार्यक्रम को सुचारू रूप से लागू कर समाज में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। स्व के बोध से नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होंगे। नागरिक कर्तव्य बोध अर्थात कानून की पालना से राष्ट्र समृद्ध व उन्नत होगा। सामाजिक समरसता व सद्भाव से ऊंच-नीच जाति भेद समाप्त होंगे। पर्यावरण से सृष्टि का संरक्षण होगा तथा कुटुम्ब प्रबोधन से परिवार बचेंगे और बच्चों में संस्कार बढ़ेंगे। समाज में बढ़ते एकल परिवार के चलन को रोक कर भारत की प्राचीन परिवार परंपरा को बढ़ावा देने की आज महती आवश्यकता है।

भारत में हाल ही के समय में देश की संस्कृति की रक्षा करना, एक सबसे महत्वपूर्ण विषय के रूप में उभरा है। सम्भावना से युक्त व्यक्ति हार में भी जीत देखता है तथा सदा संघर्षरत रहता है। अतः पंच परिवर्तन उभरते भारत की चुनौतियों का समाधान करने में समर्थ है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले कहते हैं कि बौद्धिक आख्यान को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य से बदलना और सामाजिक परिवर्तन के लिए सज्जन शक्ति को संगठित करना संघ के मुख्य कार्यों में शामिल है। इस प्रकार पंच परिवर्तन आज समग्र समाज की आवश्यकता है। पंच परिवर्तन में समाज में समरसता (बंधुत्व के साथ समानता), पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली, पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए पारिवारिक जागृति, जीवन के सभी पहलुओं में भारतीय मूल्यों पर आधारित ‘स्व’ (स्वत्व) की भावना पैदा करने का आग्रह जैसे आयाम शामिल हैं। नागरिक कर्तव्यों के पालन हेतु सामाजिक जागृति; ये सभी मुद्दे बड़े पैमाने पर समाज से संबंधित हैं। दूसरे, इन विषयों को व्यक्तियों, परिवारों और संघ की शाखाओं के आसपास के क्षेत्रों को संबोधित करने की आज सबसे अधिक आवश्यकता है। इसे व्यापक समाज तक ले जाने की आवश्यकता है। यह केवल चिंतन और अकादमिक बहस का विषय नहीं है, बल्कि कार्रवाई और व्यवहार का विषय है।

व्यवहार में पंच परिवर्तन को समाज में किस प्रकार लागू करना है इस हेतु हम समस्त भारतीय नागरिकों को मिलकर प्रयास करने होंगे, क्योंकि पंच परिवर्तन केवल चिंतन, मनन अथवा बहस का विषय नहीं है बल्कि इस हमें अपने व्यवहार में उतरने की आवश्यकता है। उक्त पांचों आचरणात्मक बातों का समाज में होना सभी चाहते हैं, अतः छोटी-छोटी बातों से प्रारंभ कर उनके अभ्यास के द्वारा इस आचरण को अपने स्वभाव में लाने का सतत प्रयास अवश्य करना होगा। जैसे, समाज के आचरण में, उच्चारण में संपूर्ण समाज और देश के प्रति अपनत्व की भावना प्रकट हो, प्रत्येक घर में सप्ताह में कम से कम एक बार पूजा या धार्मिक आयोजन हो एवं अपने परिवार के बच्चों के साथ बैठकर महापुरुषों के सम्बंध में सप्ताह में कम से कम एक घंटे चर्चा हो, परिवार के सभी सदस्यों में नित्य मंगल संवाद, संस्कारित व्यवहार व संवेदनशीलता बनी रहे, बढ़ती रहे व उनके द्वारा समाज की सेवा होती रहे, आदि बातों का ध्यान रखकर कुटुंब प्रबोधन जैसे विषय को आगे बढ़ाया जा सकता है।

मंदिर, पानी, श्मशान के सम्बंध में कहीं भेदभाव बाकी है, तो वह शीघ्र ही समाप्त होना चाहिए। हम लोग अपने परिवार सहित त्यौहारों के समय अनुसूचित जाति के बंधुओं के घर जाएं और उनके साथ चाय पान करें। साथ ही, हम अनुसूचित जाति के बंधुओं को सपरिवार अपने परिवार में बुलाकर सम्मान प्रदान करें। कुल मिलाकर समस्त समाज एक दूसरे के त्यौहारों में शामिल हों ताकि आपस में भाई चारा बढ़े एवं देश में सामाजिक समरसता स्थापित हो सके।

सृष्टि के साथ संबंधों का आचरण अपने घर से पानी बचाकर, प्लास्टिक हटाकर व घर आंगन में तथा आसपास हरियाली बढ़ाकर हो सकता है। अपने घरों में जल का कोई अपव्यय नहीं हो रहा है एवं अपने परिवार में हरियाली की चिंता की जा रही है। अपने घर में, रिश्तेदारी में, मित्रों के यहां सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का आग्रह किया जा रहा है आदि बातों पर ध्यान देकर देश में पर्यावरण को सुधारा जा सकता है।

स्वदेशी के आचरण से स्व-निर्भरता व स्वावलंबन बढ़ता है। फिजूलखर्ची बंद होनी चाहिए, देश का रोजगार बढ़े व देश का पैसा देश में ही काम आए, इस बात का ध्यान देश के समस्त नागरिकों को रखना चाहिए। इसीलिए कहा जा रहा है कि स्वदेशी का आचरण भी घर से ही प्रारंभ होना चाहिए। समस्त नागरिकों के घर में स्वदेशी उत्पाद ही उपयोग होने चाहिए।

देश में कानून व्यवस्था व नागरिकता के नियमों का भरपूर पालन होना चाहिए तथा समाज में परस्पर सद्भाव और सहयोग की प्रवृत्ति सर्वत्र व्याप्त होनी चाहिए। इन्हें हमारे नागरिक कर्तव्यों के रूप में देखा जाना चाहिए। समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन हेतु हम सबको मिलकर प्रयास करने होंगे। विशेष रूप से युवाओं में नशाबंदी समाप्त करने के लिए, मृत्यु भोज रोकने के लिए तथा विभिन्न समाजों में व्याप्त दहेज की कुप्रथा समाप्त करने के गम्भीर प्रयास हम समस्त नागरिकों को मिलकर ही करने होंगे।

संघ के स्वयंसेवक आनेवाले दिनों में समाज के अभावग्रस्त बंधुओं की सेवा करने के साथ-साथ, इन पांच प्रकार की सामाजिक पहलों का आचरण स्वयं करते हुए समाज को भी उसमें सहभागी व सहयोगी बनाने का प्रयास करेंगे । समाजहित में शासन, प्रशासन तथा समाज की सज्जनशक्ति जो कुछ कर रही है, अथवा करना चाहेगी, उसमें संघ के स्वयंसेवकों का योगदान नित्यानुसार चलता रहेगा। वर्ष 2025 से 2026 का वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के बाद का वर्ष है। उक्त वर्णित समस्त आयामों में संघ के स्वयंसेवक अपने कदम बढ़ायेंगे, इसकी सिद्धता संघ द्वारा किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

समाज की एकता, सजगता व सभी दिशा में निस्वार्थ उद्यम, जनहितकारी शासन व जनोन्मुख प्रशासन स्व के अधिष्ठान पर खड़े होकर परस्पर सहयोगपूर्वक प्रयासरत रहते है, तभी राष्ट्रबल वैभव सम्पन्न बनता है। बल और वैभव से सम्पन्न राष्ट्र के पास जब हमारी सनातन संस्कृति जैसी सबको अपना कुटुंब माननेवाली, तमस से प्रकाश की ओर ले जानेवाली, असत् से सत् की ओर बढ़ानेवाली तथा मृत्यु जीवन से सार्थकता के अमृत जीवन की ओर ले जानेवाली संस्कृति होती है, तब वह राष्ट्र, विश्व का खोया हुआ संतुलन वापस लाते हुए विश्व को सुखशांतिमय नवजीवन का वरदान प्रदान करता है । सद्य काल में हमारे अमर राष्ट्र के नवोत्थान का यही प्रयोजन है ।

आम चुनाव 2024 और बस्तर [ आलेख – 4 ]

6-1-3.jpeg

राजीव रंजन प्रसाद

एक शब्द है, सेल्फ गोल; क्या कॉंग्रेस के लिए यही सिद्ध होने जा रहा था? वर्ष 1957 के लोकसभा चुनावों में और विधान सभा के चुनावों में यह स्पष्टता हो गई थी कि बस्तर अब राजतंत्र के प्रभाव से निकल रहा है और मुख्यधारा की राजनीति के साथ कदमताल करने के लिए प्रस्तुत है

वर्ष 1957 में प्रवीर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विजित हो कर विधानसभा पहुँचे। अनेक मतभेदों और कॉंग्रेस के स्थानी नेतृत्व से खीचातानी के फलस्वरूप वर्ष 1959 को उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। 11 फरवरी 1961 को राज्य विरोधी गतिविधियों के आरोप में महाराजा प्रवीर चंद्र भंजदेव धनपूँजी गाँव में गिरफ्तार कर लिये गये। इसके तुरंत बाद फरवरी-1961 में प्रिवेंटिव डिटेंशन एक्ट के तहत उन्हें नरसिंहपुर जेल ले जाया गया। राष्ट्रपति के आज्ञापत्र के माध्यम से 12.02.1961 को प्रवीर के बस्तर के भूतपूर्व शासक होने की मान्यता समाप्त कर दी गयी। प्रवीर के छोटे भाई विजयचन्द्र भंजदेव को भूतपूर्व शासक होने के अधिकार दिये गये। प्रवीर की गिरफ्तारी से बस्तर में शोक और आक्रोश का माहौल हो गया। बस्तर की जनता को विजय चंद्र भंजदेव के लिये “महाराजा” की पदवी मान्य नहीं थी। आदिवासियों से उन्हें “सरकारी राजा” का व्यंग्य विशेषण अवश्य प्राप्त हुआ। इसके विरोध में लौहण्डीगुड़ा तथा सिरिसगुड़ा में आदिवासियों द्वारा व्यापक प्रदर्शन किया गया था। 31 मार्च 1961 को प्रवीर की गिरफ्तारी के विरोध में लौहण्डीगुड़ा के बेनियापाल मैदान में बीस हजार से अधिक ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हुई। ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर दिया। थाना-भवन से सौ मीटर की दूरी पर पुलिस जीप खड़ी थी जिसपर लाउडस्पीकर लगाया गया था। रह रह कर घोषणा की जा रही थी – भारत सरकार द्वारा विजय चंद्र भंजदेव को बस्तर का महाराजा घोषित किया गया है, अब वे ही आप सब के महाराजा है।

भीड़ का अपना व्यवहार शास्त्र होता है। यह भीड़ आंदोलित नहीं उद्वेलित थी। इस भीड़ का कहीं आग लगाने या तोड़ फोड़ करने का इरादा नहीं था। यह भीड़ केवल अपने महाराजा प्रवीर चंद भंजदेव के लिये इकट्ठी हुई थी, विशेष कर उनका कुशलक्षेम जानने। कई युवक तीर-कमान लादे थे तो कई फरसे और कुल्हाडी के साथ थे, पर ये सारे अस्त्र-शस्त्र केवल आभूषण भर ही रहे। यह भीड़ यदि असंयमित हो जाती तो मुट्ठी भर सिपाही उनका मुकाबला नहीं कर सकते थे। लेकिन ‘हमारे महाराज को उपस्थित करो’ की एक सूत्रीय माँग के साथ खड़ी यह भीड़ किसी भी समय अराजक नहीं थी तथापि आश्चर्य कि सिपाहियों को गोली चलाने के आदेश मिल गये। बीस हजार की भीड़ को छटने में भी समय लगता। गोलियाँ चलायी जाती रहीं, लाशें बिछती रहीं। सोनधर, टांगरू, हडमा, अंतू, ठुरलू, रयतु, सुकदेव; हर मौत के साथ लौहण्डीगुड़ा का बेनियापाल मैदान खाली होता गया।

एक शब्द है, सेल्फ गोल; क्या कॉंग्रेस के लिए यही सिद्ध होने जा रहा था? वर्ष 1957 के लोकसभा चुनावों में और विधान सभा के चुनावों में यह स्पष्टता हो गई थी कि बस्तर अब राजतंत्र के प्रभाव से निकल रहा है और मुख्यधारा की राजनीति के साथ कदमताल करने के लिए प्रस्तुत है। वर्ष 1957 के चुनावों में कॉंग्रेस को बड़ी जीत इस परिक्षेत्र से प्राप्त हुई थी। महाराजा प्रवीर चंद्र भंजदेव के साथ जैसे जैसे दुर्व्यवहार होने लगे, सहानुभूति की लहर उनके पक्ष में होने लगी थी। भले ही व्यवस्था बदल गई हो लेकिन महाराजा प्रवीर की लोकप्रियता असाधारण थी इसे समझने में वे स्थानीय छुटभैये नेता भू कर रहे थे जिन्हे सत्ता-शासन का नया नया नशा हुआ था। तत्कालीन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और महाराजा प्रवीर के बीच की संबंध तल्खियों से भरे हुए थे जिसका उल्लेख प्रवीर अपनी पुस्तकों ‘लौहण्डीगुड़ा तरंगिणी’ और ‘आई प्रवीर द आदिवासी गॉड’ में स्पष्टत: करते हैं। लौहण्डीगुड़ा गोलीकाण्ड ने पूर्ण रूप से जाना समर्थन महाराजा प्रवीर चंद्र भंजदेव के पक्ष में कर दिया था।

वही कॉंग्रेस जिसके सुरती क्रिस्टैया ने वर्ष 1957 के चुनाव में 77.28% मत हासिल कर जीत प्राप्त की थी, वर्ष 1962 का चुनाव बुरी तरह हारे, उन्हें केवल 12.82% मत ही मिल सके और वे चुनावी समर में तीसरे स्थान पर रहे। इन चुनावों में कॉंग्रेस का मुकाबला तीन अन्य निर्दलीय प्रत्याशी कर रहे थे। निर्दलीय लखमू भवानी को 87557 (46.66%) मत प्राप्त हुए, निर्दलीय बोध दादा को 61348 (32.69%) मत प्राप्त हुए, कॉंग्रेस के सुरती क्रिस्टैया को 24057 (12.82%) मत प्राप्त हुए तथा निर्दलीय सुधू लखन को 14694 (7.83%) मत प्राप्त हुए। इस तरह एक बड़ी जीत निर्दलीय प्रत्याशी लखमू भवानी ने हासिल की। यहाँ स्मरण करना होगा कि बोध दादा ने वर्ष 1957 का चुनाव भी लड़ा था और वे सुरती क्रिस्टैया से भारी मतों से पराजित हुए थे, इस बार न केवल उन्हे दूसरा स्थान प्राप्त हुआ था बल्कि उन्हें कॉंग्रेस प्रत्याशी की तुलना में 19.87% अधिक मत भी प्राप्त हुए थे। यदि कॉंग्रेस के प्रतिपक्ष में केवल एक ही निर्दलीय प्रत्याशी होता तो सुरती क्रिस्टैया को रिकॉर्ड हार का सामना करना पड सकता था। इस पराजय के पीछे निस्संदेह महाराजा प्रवीर चंद्र भंजदेव की लोकप्रियता थी। ये चुनाव एक तरह से उनका शक्तिपरीक्षण थे। यहाँ जोड़ना होगा कि कॉंग्रेस की विधानसभा चुनावों में भी भारी दुर्गति हुई थी। वर्ष 1962 के विधानसभा चुनावों मे बीजापुर को छोड सर्वत्र महाराजा पार्टी के निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे तथा यह तत्कालीन सरकार को प्रवीर का लोकतांत्रिक उत्तर था। इस विधानसभा चुनाव का एक और रोचक पक्ष है। कहते हैं कि राजनैतिक साजिश के तहत तत्कालीन जगदलपुर सीट को भी आरक्षित घोषित कर दिया गया जिससे कि प्रवीर बस्तर में स्वयं कहीं से भी चुनाव न लड़ सकें। उन्होंने कांकेर से पर्चा भरा और हार गये। कांकेर से वहाँ की रियासतकाल के भूतपूर्व महाराजा भानुप्रताप देव विजयी रहे थे।

प्रख्यात कथाकार मालती जोशी का निधन

6-10.jpeg

भोपाल। पद्मश्री से अलंकृत लोकप्रिय कथाकार श्रीमति मालती जोशी का दिल्ली में निधन हो गया। वे 90 वर्ष की थी । उनके अंतिम समय में उनके दोनों पुत्र ऋषिकेश और सच्चिदानंद जोशी(सदस्य सचिव, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र) तथा पुत्र वधूए अर्चना और मालविका उनके पास थे। वे पिछले कुछ समय से आइसोफ़ेगस के कैंसर से पीड़ित थी।

भारतीय जन संचार संस्थान के पूर्व महानिदेशक प्रोफेसर संजय द्विवेदी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पचास से अधिक हिन्दी और मराठी कथा संग्रहों की लेखिका मालती जोशी, शिवानी के बाद हिन्दी की सबसे लोकप्रिय कथाकार मानी जाती हैं। वे अपने कथा कथन की विशिष्ट शैली के लिए जानी जाती थी। उनके साहित्य पर देश के कई विश्वविद्यालयों में शोध कार्य हुए हैं। प्रो.द्विवेदी ने कहा कि उनके कथा संसार से भारतीय परिवारों,रिश्तों और मूल्यबोध की गहरी समझ पैदा होती है।

scroll to top